मौसम आज बरपाएगा कहर, तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना.. घर से नहीं निकलने की सलाह जारी
पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी यूपी में बारिश शुरू होगी और धीरे-धीरे इसका असर पूर्वी हिस्सों में भी देखने को मिलेगा. 30 मार्च को बारिश तेज हो सकती है और यह सिलसिला 31 मार्च तक जारी रहने की संभावना है.
Weather Updates: उत्तर भारत के राज्यों में 30 मार्च से एक फिर मौसम बदलने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 30 मार्च से अगले तीन दिनों तक उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब सहित 17 राज्यों में तेज बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी-तूफान भी चल सकते हैं, जिससे हालात खराब हो सकते हैं. अगर आप पहाड़ी इलाकों की यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो निकलने से पहले मौसम का ताजा अपडेट जरूर देख लें, नहीं तो आप मुश्किल हालात में फंस सकते हैं. वहीं, पूर्वी भारत के लोगों को आकाशीय बिजली और गरज-तूफान से सावधान रहने की जरूरत है.
भारत मौसम विभाग ने 30 से 31 मार्च के बीच दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. IMD के अनुसार 30 मार्च को हिमाचल प्रदेश, पंजाब और पूर्वी राजस्थान में तेज बारिश होने की संभावना है. इस दौरान करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकों वाली हवाएं भी चल सकती हैं. वहीं, बिहार में कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तूफान आ सकते हैं, इसलिए लोगों को खराब मौसम के दौरान घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है.
तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट
राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट ले ली है. मार्च के अंत में जहां तेज गर्मी की उम्मीद थी, वहीं अब बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई है. मौसम विभाग ने 31 मार्च तक राज्य के कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से जयपुर, बीकानेर और जोधपुर समेत कई क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह बदल गया है. मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक 30 से 31 मार्च के बीच जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, चूरू, पिलानी, सीकर और कोटा संभाग में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. वहीं, शनिवार की बारिश और ओलों की वजह से दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है, जिससे लोगों को समय से पहले पड़ रही गर्मी से राहत मिली है.
पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी यूपी में बारिश शुरू होगी और धीरे-धीरे इसका असर पूर्वी हिस्सों में भी देखने को मिलेगा. 30 मार्च को बारिश तेज हो सकती है और यह सिलसिला 31 मार्च तक जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, बुलंदशहर, लखनऊ, गोरखपुर और वाराणसी सहित यूपी के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई है.
30 मार्च को लद्दाख में हो सकती है बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 30 मार्च को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण यात्रा प्रभावित हो सकती है और तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है.
जम्मू-कश्मीर में नया पश्चिमी विक्षोभ हुआ सक्रिय
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन पांडे का कहना है कि उत्तर और दक्षिण भारत में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदलता रहेगा. उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जिसके असर से 5 अप्रैल तक उत्तर भारत में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इसका असर पूर्वोत्तर राज्यों में भी देखने को मिल सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि कैस्पियन सागर, फारस की खाड़ी, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से मिल रही नमी के कारण बादल ज्यादा बन रहे हैं, जिससे बारिश और बर्फबारी की संभावना बढ़ गई है. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की ऊंची पहाड़ियों पर अगले कुछ दिनों तक बर्फबारी और बारिश जारी रह सकती है. वहीं, विदर्भ, महाराष्ट्र और गुजरात के दक्षिणी हिस्सों में तापमान थोड़ा बढ़ सकता है. ऐसे मौसम में लोगों को सावधानी से यात्रा करने और मौसम की ताजा जानकारी लेते रहने की सलाह दी गई है.