ग्वार कीमतों में लगातार गिरावट से बाजार में हड़कंप, 18 दिन में 120 रुपये लुढ़का भाव  

Guar Seed & Guar Gum Price Dip: भरपूर उपलब्धता और लगातार सप्लाई से ग्वार बीज और ग्वार गम के भाव में गिरावट जारी है. बदलते भाव से गुजरात, हरियाणा और राजस्थान में इसकी खेती करने वाले किसानों की कमाई में असर होने की आशंका जताई गई है.  

नोएडा | Published: 11 May, 2026 | 01:53 PM

ग्वार बीज और उससे बनने वाले ग्वार गम की कीमतों में लगातार गिरावट से वैश्विक और घरेलू बाजार में हलचल मची हुई है. अप्रैल में लगभग हर दिन इस कमोडिटी की कीमतों में बदलाव देखा गया है और अब मई में भी दाम में उछाल नहीं देखा जा रहा है. अप्रैल से लगातार जारी गिरावट के बाद ग्वार बीज का भाव 20 अप्रैल की तुलना में 8 मई को 120 रुपये गिरकर 5729 क्विंटल पर आ गया है. भरपूर उपलब्धता और लगातार सप्लाई से भाव में गिरावट जारी है. लगातार बदलते भाव से गुजरात, हरियाणा और राजस्थान में इसकी खेती करने वाले किसानों की कमाई में असर होने की आशंका जताई गई है.

ग्वार बीज कीमतों में गिरावट

आज सोमवार 11 मई को वायदा कारोबार में पर्याप्त सप्लाई के चलते ग्वार बीज की कीमतों में मामूली गिरावट दर्ज की गई है. कीमतें 10 रुपये गिरकर 5,725 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गईं. नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (NCDEX) पर जून डिलीवरी वाले ग्वार बीज के कॉन्ट्रैक्ट 10 रुपये या 0.17 फीसदी गिरकर 5,725 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गए. जबकि, स्पॉट कीमतें भी लुढ़ककर 5,729 रुपये दर्ज की गई हैं.

ग्वार गम का भाव फिर लुढ़का

सोमवार को वायदा कारोबार में ग्वार गम की कीमतें 10 रुपये गिरकर 11,245 रुपये प्रति क्विंटल हो गईं. नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (NCDEX) पर, जून डिलीवरी के लिए ग्वार गम की कीमत 10 रुपये, या 0.09 फीसदी गिरकर 11,245 रुपये प्रति क्विंटल हो गई. वहीं, सोमवार को स्पॉट कीमत 11,179.05 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज की गई है.

18 दिन में 120 रुपये लुढ़का ग्वार बीज का भाव

20 अप्रैल सोमवार को वायदा कारोबार में ग्वार बीज की वायदा कीमतें 34 रुपये गिरकर 5,838 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज की गई थीं. जबकि, स्पॉट कीमतें 5,849 रुपये प्रति क्विंटल थीं. अब 8 मई को स्पॉट बाजार में ग्वार बीज का भाव 120 रुपये गिरकर 5,729 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया है.

क्यों गिर रहा ग्वार कमोडिटा का दाम

ग्वार गम के स्पॉट बाजार में व्यापारियों ने कमजोर रुझान को देखते हुए अपनी होल्डिंग बेच दी, जिसके चलते कीमतों में यह गिरावट आई. बाजार जानकारों ने ग्वार बीज की कीमतों में इस गिरावट का कारण, ग्वार उगाने वाले क्षेत्रों से सप्लाई में हो रही बढ़ोतरी को बताया. बाजार जानकारों ने बताया कि स्पॉट बाजार में मांग में सुस्ती और उत्पादक क्षेत्रों से भरपूर आपूर्ति के कारण दोनों कमोडिटी की कीमतों पर दबाव पड़ा है.

ग्वार किसानों पर असर पड़ने की आशंका

बाजार के जानकारों ने ग्वार बीज की कीमतों में इस गिरावट का कारण पैदावार वाले क्षेत्रों से बढ़ती सप्लाई को बताया. ग्वार बीज के लगातार बदलते भाव से गुजरात, हरियाणा और राजस्थान में इसकी खेती करने वाले किसानों की कमाई में असर होने की आशंका जताई गई है.

Topics: