2.17 करोड़ महिला किसानों के खाते में आएंगे 2 हजार रुपये, पीएम किसान लाभार्थियों की संख्या बढ़ी
पीएम किसान सम्म्मान निधि की 23वीं किस्त के लिए लाभार्थी महिलाओं की संख्या में करीब 3 लाख का इजाफा होने की उम्मीद है. बीती दो किस्तों के आंकड़े देखें तो 2 लाख लाभार्थी पहले ही बढ़ चुकी हैं. अब इस बार फार्मर आईडी बनने की वजह से संख्या और बढ़ने जा रही है.
PM Kisan Yojana Women Benefitiaries: खेती-किसानी में महिलाओं का योगदान कम नहीं है, बल्कि कई मोर्चों पर महिलाओं के दम पर कृषि गतिविधियां टिकी हुई हैं, जैसे हरियाणा समेत कुछ राज्यों में पशुपालन की लगभग पूरी जिम्मेदारी महिलाओं ने उठा रखी है. महिलाओं की इस हिस्सेदारी को सरकार ने भी माना है और इस बार की पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त का पैसा 2.17 करोड़ से ज्यादा महिला किसानों के खाते में भी पहुंचेगा. अनुमान है कि इस बार करीब 3 लाख लाभार्थी महिला किसानों की संख्या बढ़ने वाली है. बता दें कि पीएम किसान योजना में महिलाओं की भागीदारी 25 फीसदी से अधिक है.
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अनुसार पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त का पैसा 20 जून 2026 को पीएम मोदी जारी करेंगे. योजना की किस्त का इंतजार लंबे समय से किसान कर रहे थे. पिछली किस्त 13 मार्च को असम के गुवाहटी से पीएम मोदी ने जारी की थी. इस बार पश्चिम बंगाल से किस्त जारी होने की संभावना जताई जा रही है.
पीएम किसान योजना के लाभार्थी किसानों की संख्या में बढ़ोत्तरी
बीती दो किस्तों में देखें तो लाभार्थियों की संख्या में तेज बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है. 21वीं किस्त देशभर के 9.32 करोड़ किसानों के खाते में जारी की गई थी. जबकि, 22वीं किस्त 9.46 करोड़ किसानों के खाते में जारी की गई थी. इस बार यह संख्या बढ़कर 9.50 करोड़ के पार जाने वाली है. क्योंकि, इस बार हर राज्य में फार्मर आईडी बनाई गई हैं और ऐसे किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि से जोड़ा गया है, जिसकी वजह से लाभार्थियों की संख्या में इजाफा दर्ज किया जाएगा.
3 लाख ज्यादा महिलाओं के खाते में जाएगी पीएम किसान की किस्त
पीएम किसान सम्म्मान निधि की 23वीं किस्त में लाभार्थी महिलाओं की संख्या में करीब 3 लाख का इजाफा देखा जा सकता है. 21 किस्त जारी होने पर 2.15 करोड़ महिला लाभार्थी थीं, जो 22वी किस्त में बढ़कर 2.17 करोड़ हो गई हैं. अब इस बार फार्मर आईडी बनने की वजह से करीब 3 लाख महिला लाभार्थियों की संख्या में इजाफो होने की उम्मीद जताई जा रही है. इसके साथ ही महिलाओं के खेती में योगदान को सराहा जा रहा है. देशभर की लाभार्थी महिलाओं के खाते में भी पीएम किसान (PM-Kisan) की सम्मान राशि भेजी जाएगी.
किसान के खाते में भरोसे की पूंजी
20 जून को आएगी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं क़िस्त#PMKISAN pic.twitter.com/4amABmFhrM
— Office of Shivraj (@OfficeofSSC) June 16, 2026
अब तक 22 किस्तों में किसानों को भेज गए 4.27 लाख करोड़
पीएम किसान सम्मान निधि योजना भारत के कृषि क्षेत्र के लिए आर्थिक सुरक्षा कवच सिद्ध हो रही है. राष्ट्रीय स्तर पर भी इस योजना का विस्तार अभूतपूर्व रहा है. केंद्रीय कृषि एवं किसान मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब तक देश के 11 करोड़ से अधिक किसानों को कुल 4.27 लाख करोड़ रुपए से भी अधिक की सहायता का भुगतान कर देश के अन्नदाता को आर्थिक रूप से सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाया गया है.
यूपी में सबसे ज्यादा लाभार्थी, राज्यवार आंकड़े देखिए
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों की संख्या सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश में है. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अनुसार उत्तर प्रदेश के 2.16 करोड़ किसानों को योजना का लाभ दिया जा रहा है. इसी तरह महाराष्ट्र में 90.73 लाख किसान योजना का पैसा पा रहे हैं. इसके बाद मध्य प्रदेश के 82 लाख, बिहार के 73 लाख, राजस्थान के 66 लाख, पश्चिम बंगाल के 44 लाख किसान पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ पा रहे हैं.