महाराष्ट्र में प्याज पर सियासत तेज, अमित शाह से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल.. एकनाथ शिंदे भी रहेंगे मौजूद
महाराष्ट्र में प्याज की गिरती कीमतों को लेकर किसानों और विपक्ष का आंदोलन तेज हो गया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जल्द अमित शाह से मुलाकात कर राहत उपायों पर चर्चा करेंगे. नासिक में MVA ने हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया, जबकि किसानों ने बेहतर MSP और ठोस फैसले की मांग उठाई है.
Onion Mandi Rate: महाराष्ट्र में प्याज की गिरती कीमतों को लेकर किसानों और विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाड़ी (MVA) का विरोध तेज हो गया है. इसी बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर सकता है. बैठक में प्याज किसानों को राहत देने और लंबे समय के समाधान पर चर्चा होने की संभावना है. बताया जा रहा है कि प्रतिनिधिमंडल में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, अजित पवार समेत कई वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी भी शामिल होंगे. यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब नासिक सहित महाराष्ट्र के प्रमुख प्याज उत्पादक क्षेत्रों में किसानों को उत्पादन लागत से भी कम दाम मिल रहे हैं.
डेक्कन हेराल्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र में प्याज की गिरती कीमतों के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की समस्या के समाधान के लिए केंद्र सरकार के साथ लगातार बातचीत कर रही है. उन्होंने कहा कि बुधवार को केंद्र सरकार के साथ बैठक होगी, जिसमें प्याज किसानों के लिए लंबे समय के समाधान तलाशने की कोशिश की जाएगी. मुंबई में कैबिनेट बैठक के बाद फडणवीस ने कहा कि केंद्र सरकार ने हाल ही में प्याज खरीद का दाम 3.50 रुपये प्रति किलो बढ़ाकर करीब 15 रुपये प्रति किलो कर दिया है. साथ ही बड़े स्तर पर खरीद प्रक्रिया भी शुरू की गई है. उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार दोनों लगातार बाजार में हस्तक्षेप कर रही हैं.
प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का बड़ा बयान
वहीं विपक्ष सरकार पर किसानों को राहत देने में नाकाम रहने का आरोप लगा रहा है. विपक्ष के प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने कहा कि कुछ नेता प्याज मुद्दे पर राजनीतिक आंदोलन कर रहे हैं. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नासिक में हुए विरोध प्रदर्शन को ‘फोटो खिंचवाने वाला आंदोलन’ बताया. दूसरी ओर, प्याज के दामों को लेकर विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाड़ी (MVA) ने नासिक जिले के चांदवड़ में मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे जाम कर बड़ा प्रदर्शन किया.
कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया
प्रदर्शन के दौरान यातायात प्रभावित होने के बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया. आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने फंसे हुए वाहनों के टायरों की हवा निकालने की भी कोशिश की. इस आंदोलन का नेतृत्व विपक्षी नेता रोहित पवार, अंबादास दानवे और हर्षवर्धन सपकाल ने किया. नेताओं ने बैलगाड़ियों के साथ रैली निकाली, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया.
300 रुपये प्रति क्विंटल प्याज का भाव
हर्षवर्धन सपकाल ने आरोप लगाया कि किसानों को प्याज का सिर्फ 200 से 300 रुपये प्रति क्विंटल भाव मिल रहा है. उन्होंने इस संकट के लिए केंद्र और महाराष्ट्र सरकार दोनों को जिम्मेदार ठहराया. विपक्षी नेताओं ने कहा कि जब तक प्याज किसानों को अच्छा न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) नहीं मिलेगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. नेता रोहित पवार ने चेतावनी दी कि अगर केंद्र सरकार के साथ होने वाली बैठक में कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया, तो किसान फिर सड़कों पर उतरेंगे और आंदोलन को और तेज करेंगे. उन्होंने कहा कि प्याज किसानों की यह लड़ाई इतनी जल्दी खत्म नहीं होगी और किसानों को न्याय मिलने तक विरोध जारी रहेगा.