उड़द खरीद का ऐलान, किसानों को 600 रुपये बोनस देने की घोषणा, रजिस्ट्रेशन की लास्ट डेट जारी
मध्य प्रदेश सरकार ने ग्रीष्मकालीन मूंग और उड़द की सरकारी खरीद का ऐलान कर दिया है. किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बिक्री करने के लिए रजिस्ट्रेशन कराने को कहा गया है और इसके लिए समयसीमा भी तय कर दी गई है. इस बार उड़द पर बोनस राशि भी दी जा रही है.
मध्य प्रदेश सरकार ने ग्रीष्मकालीन दलहन फसलों की खरीद का ऐलान कर दिया है. आधिकारिक बयान में कहा गया है कि राज्य सरकार किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मूंग और उड़द की खरीद करेगी. उड़द किसानों को 600 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने की भी घोषणा की गई है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि किसानों की दलहन फसलों का दाना दाना खरीदा जाएगा और किसान कल्याण वर्ष के तहत किसानों की उपज का ज्यादा भाव देने का प्रयास किया जा रहा है. इसके तहत किसानों को बोनस राशि और भावांतर राशि का लाभ दिया जा रहा है.
केंद्र ने एमएसपी पर खरीद का पत्र सीएम को सौंपा
मध्य प्रदेश सरकार ने ग्रीष्मकालीन मूंग और उड़द की सरकारी खरीद का ऐलान कर दिया है. बता दें कि मई में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के मूंग और सरसों की खेती करने वाले किसानों के लिए बड़ी राहत देते हुए मूंग, उड़द और सरसों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करने को मंजूरी देते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव का स्वीकृति पत्र सौंपा था. जिसके बाद अब राज्य सरकार ने दलहन फसलों की सरकारी खरीद का ऐलान कर दिया है.
मूंग-उड़द किसान 15 जून से पहले करा लें रजिस्ट्रेशन
पिछले सीजन में ग्रीष्मकालीन मूंग की खरीदी 7 जुलाई से शुरू हुई थी और 6 अगस्त तक खरीद की गई थी. वहीं, इस बार जून में ही खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है. वहीं, उड़द की खरीद भी शुरू की जा रही है. किसानों को उपज बिक्री के लिए पिछली बार की तरह किसानों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने होंगे.
अच्छे भाव के चलते मूंग और उड़द का रकबा बढ़ा
मध्य प्रदेश में हरी मूंग और काली उड़द की खेती मुख्य रूप से गर्मियों के मौसम में की जाती है और इसके लिए सबसे उपयुक्त समय फरवरी के आखिरी सप्ताह से मार्च के पहले सप्ताह के बीच का होता है. इसके अलावा कुछ किसान इसकी खेती खरीफ मौसम (जून-जुलाई) में भी करते हैं. इस सीजन ग्रीष्मकालीन मूंग का रकबा लगभग 12 लाख हेक्टेयर है. पिछले कुछ वर्षों में राज्य में ग्रीष्मकालीन मूंग की खेती में किसानों की रुचि बढ़ी है, जिसके चलते बुवाई क्षेत्रफल में इजाफा हुआ है.
मूंग किसानों को बढ़कर मिलेगा एमएसपी
केंद्र से खरीद की मंजूरी मिलते ही मध्य प्रदेश सरकार ग्रीष्मकालीन मूंग और सरसों की फसल को समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदने की तैयारी तेज कर दी है. 2025-26 के मार्केटिंग सीजन के लिए सरकार ने मूंग (हरी मूंग) का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 8,768 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है, जो पिछले साल के 8682 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी के मुकाबले ज्यादा है. यानी इस बार किसानों को मूंग उपज के लिए 86 रुपये प्रति क्विंटल बढ़कर भाव मिलेगा.
उड़द किसानों को एमएसपी के साथ मिलेगा 600 रुपये बोनस
मार्केटिंग सीजन 2026-27 के लिए खरीफ सीजन की उड़द का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 8,200 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है. इसमें पिछले वर्ष के मुकाबले 400 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है. वहीं, मध्य प्रदेश सरकार ने समर्थन मूल्य के साथ 600 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने की घोषणा की है. इसके चलते किसानों में अधिक भाव मिलने की उम्मीदों से उत्साह देखा जा रहा है.