दिल्ली से लेकर कोलकाता तक महंगाई की मार! 25 रुपये किलो आलू.. कीमतों में और आएगी तेजी
दिल्ली-एनसीआर और कोलकाता में सब्जियों, गैस सिलेंडर और अंडों की कीमतों में तेज बढ़ोतरी से लोगों की रसोई का बजट बिगड़ गया है. नींबू 200 रुपये किलो तक पहुंच गया है, जबकि आलू, टमाटर, करेला और लहसुन भी महंगे हो गए हैं. गर्मी और अनियमित सप्लाई को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है.
Mandi Bhav: बरसात का मौसम शुरू नहीं हुआ है, लेकिन महंगाई ने अभी से ही रफ्तार पकड़ ली है. दिल्ली-एनसीआर सहित कई शहरों में सब्जियां महंगी हो गई हैं. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भिंडी 60 रुपये किलो बिक रहा है. जबकि, एक किलो नींबू के लिए लोगों को 200 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं. दुकानदारों का कहना है कि गर्मी से खपत बढ़ने के कारण नींबू महंगा हो गया है. आने वाले दिनों में तपिश बढ़ने पर कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है. खास बात यह है कि दिल्ली से ज्यादा कोलकाता में सब्जियां महंगी बीक रही हैं. यहां आलू का रेट 25 रुपये किलो हो गया है.
कोलकाता के बाजारों में सब्जियों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ गया है. करेला, परवल, बैंगन और आलू जैसी सब्जियों के दाम 20 से 30 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं. वहीं खाना बनाने में रोज इस्तेमाल होने वाला लहसुन और अदरक भी काफी महंगा हो गया है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है. कोलकाता में कारोबारियों और ग्राहकों का कहना है कि पिछले दो हफ्तों में रोजमर्रा की ज्यादातर सब्जियों के दाम तेजी से बढ़े हैं.
ज्योति आलू 3 रुपये किलो महंगा
द टेलीग्राफ ऑनलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, कसबा के जादवगढ़ मार्केट के एक दुकानदार ने कहा कि चंद्रमुखी आलू की कीमत 5 रुपये प्रति किलो बढ़ गई है, जबकि ज्योति किस्म का आलू 3 रुपये प्रति किलो महंगा हो गया है. उन्होंने कहा कि करीब 15 दिन पहले चंद्रमुखी आलू 20 रुपये किलो बिक रहा था, जो अब 25 रुपये किलो हो गया है. वहीं ज्योति आलू का दाम 12 रुपये से बढ़कर 15 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है.
लहसुन- अदरक की कीमतों में बढ़ोतरी
दुकानदारों के मुताबिक, लहसुन और अदरक की 100 ग्राम कीमत 15 रुपये से बढ़कर 20 रुपये हो गई है. एक स्थानीय निवासी ने कहा कि टमाटर और परवल की कीमत 30 रुपये किलो से बढ़कर 60 रुपये किलो हो गई है. वहीं करेला भी 40 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति किलो बिक रहा है. कोलकाता में चुनाव खत्म होते ही घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए, जिससे तैयार खाने की कीमतें भी बढ़ गई हैं. लोगों का कहना है कि अब घरेलू गैस सिलेंडर महंगे होने की भी आशंका है. वहीं सब्जियों के लगातार बढ़ते दामों ने घर का बजट संभालना और मुश्किल कर दिया है.
बाजार में सब्जियों की उपलब्धता प्रभावित
बंगाल में चुनाव के दो चरण पूरे होने के तुरंत बाद केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 93 रुपये की बढ़ोतरी की. शहर में हजारों लोग रोजाना कम से कम एक वक्त का खाना सड़क किनारे ढाबों और छोटे खेतों में खाते हैं. गैस सिलेंडर महंगे होने के बाद कई जगह खाने की कीमतें भी बढ़ा दी गई हैं. लोगों का कहना है कि घर चलाने का मासिक खर्च काफी बढ़ गया है. ट्रेडर्स फेडरेशन के वरिष्ठ सदस्य रवींद्रनाथ कोले ने कहा कि सब्जियों की अनियमित सप्लाई के कारण कीमतों में अचानक तेजी आई है. उन्होंने कहा कि गर्मी की वजह से स्थानीय फसलें भी खराब हो रही हैं, जिससे बाजार में सब्जियों की उपलब्धता प्रभावित हुई है.
फूलगोभी 50 रुपये प्रति पीस
व्यापारियों के मुताबिक, फूलगोभी के दाम सबसे ज्यादा अस्थिर रहे हैं. दक्षिण भारत से आने वाली बड़ी फूलगोभी 50 रुपये प्रति पीस बिक रही है, जबकि स्थानीय छोटी फूलगोभी 30 रुपये में मिल रही है. सप्लाई स्थिर नहीं होने के कारण हर हफ्ते कीमतों में उतार-चढ़ाव हो रहा है. वहीं अब अंडों की कीमत भी बढ़ गई है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ी है. दक्षिण कोलकाता के एक बाजार के दुकानदार ने बताया कि एक दर्जन अंडों की कीमत 72 रुपये से बढ़कर 76.50 रुपये हो गई है.