कृषि निदेशक का दावा- नहीं है खाद की कोई कमी, 10 लाख टन से अधिक है यूरिया का स्टॉक

पंजाब सरकार और केंद्र ने किसानों को भरोसा दिलाया है कि खरीफ सीजन के लिए पर्याप्त यूरिया उपलब्ध है. राज्य में 10.86 लाख टन यूरिया का स्टॉक मौजूद है, जबकि 39,167 टन अतिरिक्त आपूर्ति रास्ते में है. सरकार ने किसानों से घबराकर खाद की खरीदारी और जमाखोरी से बचने की अपील की है.

नोएडा | Updated On: 15 Jun, 2026 | 11:34 AM

Punjab News: पंजाब में खरीफ सीजन के दौरान किसानों को खाद की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा. राज्य के कृषि निदेशक जीएस बराड़ ने कहा है कि किसानों की जरूरत को पूरा करने के लिए पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों का स्टॉक उपलब्ध है. उन्होंने किसानों से अपील की कि वे घबराहट में जरूरत से ज्यादा खाद न खरीदें. सरकार लगातार खाद की सप्लाई और उपलब्धता पर नजर बनाए हुए है, ताकि सभी किसानों को समय पर उर्वरक मिल सके.

कृषि निदेशक जीएस बराड़ ने हिन्दुस्तान टाइम्स को कहा कि अप्रैल से सितंबर के बीच पंजाब को करीब 15 लाख टन यूरिया की जरूरत होती है. इसके मुकाबले राज्य में पहले ही 10.86 लाख टन यूरिया उपलब्ध है, जिससे किसानों को खाद की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि पिछले साल अप्रैल से जून के दौरान 6.61 लाख टन यूरिया की बिक्री  हुई थी, जबकि उस समय उपलब्ध स्टॉक 4.48 लाख टन था. वहीं, इस साल अब तक कुल 10.86 लाख टन यूरिया उपलब्ध कराया जा चुका है. इसमें से 6.56 लाख टन यूरिया किसानों को बेचा जा चुका है, जबकि जून के मध्य तक भी 4.3 लाख टन यूरिया का स्टॉक बचा हुआ है. इससे साफ है कि राज्य में खरीफ सीजन की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त मात्रा में यूरिया मौजूद है.

39,167 टन अतिरिक्त यूरिया पंजाब भेजा जा रहा

केंद्र सरकार ने भी स्पष्ट किया है कि पंजाब में यूरिया की कोई कमी नहीं है. रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के अनुसार, राज्य के लिए पर्याप्त मात्रा में यूरिया की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है और फिलहाल आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है. मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि 39,167 टन अतिरिक्त यूरिया पंजाब भेजा जा रहा है, जो अभी रास्ते में है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के रिकॉर्ड के मुताबिक धान की रोपाई अभी पूरी तरह शुरू नहीं हुई है. ऐसे में मौजूदा स्टॉक किसानों की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त है. केंद्र ने किसानों से अपील की है कि वे खाद की उपलब्धता को लेकर चिंता न करें और जरूरत से ज्यादा खरीदारी से बचें.

किसानों ने प्रदर्शन किया

यह स्पष्टीकरण ऐसे समय आया है जब पंजाब के कई हिस्सों में किसानों ने खाद की कथित कमी  को लेकर प्रदर्शन किया था. किसानों के बीच चिंता इसलिए भी बढ़ गई थी क्योंकि अमेरिका-ईरान तनाव के चलते वैश्विक स्तर पर उर्वरकों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही थी. किसानों को डर था कि होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में किसी तरह की बाधा आने पर खाद की उपलब्धता पर असर पड़ सकता है.

खुदरा विक्रेताओं को सख्त चेतावनी

इस बीच, पंजाब कृषि विभाग ने उर्वरक वितरकों और खुदरा विक्रेताओं को सख्त चेतावनी दी है कि वे सरकारी दरों से अधिक कीमत पर खाद न बेचें, स्टॉक की जमाखोरी न करें और किसानों को जबरन अन्य उत्पाद खरीदने के लिए मजबूर न करें. कृषि निदेशक जीएस बराड़ ने किसानों से शांति बनाए रखने और घबराकर खाद खरीदने या जमा करने से बचने की अपील की है. उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन की जरूरतों को पूरा करने के लिए राज्य में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हैं और किसानों को किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है.

Published: 15 Jun, 2026 | 09:46 AM

Topics: