IMD Alert: देश के 17 राज्यों में बिगड़ेगा मौसम, 70 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और अलग-अलग इलाकों में बने चक्रवाती परिसंचरण की वजह से उत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में मौसम अचानक बदल सकता है. कई जिलों में बिजली गिरने, पेड़ टूटने और जलभराव जैसी स्थिति बनने की भी आशंका जताई गई है.
Today Weather: देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदलता नजर आ रहा है. जहां कई राज्यों में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने 9 मई को उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 17 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है. कुछ इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और अलग-अलग इलाकों में बने चक्रवाती परिसंचरण की वजह से उत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में मौसम अचानक बदल सकता है. कई जिलों में बिजली गिरने, पेड़ टूटने और जलभराव जैसी स्थिति बनने की भी आशंका जताई गई है. मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से सावधानी बरतने और जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है.
क्यों बदल रहा है मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उससे सटे उत्तराखंड के ऊपर मध्य क्षोभमंडल में एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. इसके अलावा दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में भी ऊपरी हवा का दबाव बना हुआ है. इसी वजह से उत्तर भारत और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश और आंधी की संभावना बढ़ गई है.
दिल्ली में गर्मी का कहर जारी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है. 9 मई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिन के समय गर्म हवाएं और लू जैसी स्थिति महसूस हो सकती है.
मौसम संबंधी चेतावनी
मुख्य बिंदु
उत्तर-पश्चिम भारत में कई स्थानों पर 11 से 14 मई 2026 के दौरान गरज, बिजली और 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवा चलने की संभावना है।
केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई स्थानों में अगले 7 दिनों तक गरज, बिजली, 40-60 किमी प्रति घंटे… pic.twitter.com/tjqof0v9Yl
— India Meteorological Department (@Indiametdept) May 8, 2026
यूपी में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम अचानक खराब हो सकता है. नोएडा, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, कानपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, गाजीपुर, बलिया, बांदा, फतेहपुर और प्रयागराज में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है. इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कई जगहों पर बिजली गिरने का भी खतरा है. लखनऊ में 9 मई को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बिहार में वज्रपात और तूफान का खतरा
बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और तेज तूफान की संभावना जताई गई है. गया, जहानाबाद, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, बक्सर, सिवान, भोजपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, कटिहार, खगड़िया, बेगूसराय और लखीसराय में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. विशेष रूप से किसानों और खुले मैदानों में काम करने वाले लोगों को सावधान रहने को कहा गया है. पटना का अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
झारखंड में चल सकती हैं तेज हवाएं
झारखंड के रांची, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो और खूंटी में भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. रांची में तापमान 31 डिग्री अधिकतम और 20 डिग्री न्यूनतम रहने की संभावना है.
उत्तराखंड में बारिश और पहाड़ों पर खतरा
उत्तराखंड के कई पहाड़ी जिलों में 11 मई तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. हरिद्वार, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, ऋषिकेश, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, पौड़ी गढ़वाल और नैनीताल में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
हिमाचल प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश
हिमाचल प्रदेश के शिमला, कांगड़ा, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, सोलन और चंबा में तेज बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है. कुछ इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मौसम खराब होने से पहाड़ी रास्तों पर फिसलन और भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है. मनाली का अधिकतम तापमान 13 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.
पंजाब में किसानों के लिए चेतावनी
पंजाब के गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, पठानकोट, रूपनगर, बठिंडा, मुक्तसर, मनसा और कपूरथला में बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है. कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को कटाई और भंडारण के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है क्योंकि तेज हवाओं और बारिश से फसलों को नुकसान हो सकता है.
राजस्थान में कहीं बारिश तो कहीं लू
राजस्थान में मौसम दो अलग-अलग रूप दिखा सकता है. भरतपुर, करौली, धौलपुर, उदयपुर और दौसा में बारिश और आंधी की संभावना है, जबकि जैसलमेर, जोधपुर और बाड़मेर में लू का असर जारी रह सकता है. जयपुर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
मध्य प्रदेश में भी बदलेगा मौसम
मध्य प्रदेश के शहडोल, सिवनी, बालाघाट, छिंदवाड़ा, सतना, अनूपपुर, मंडला और डिंडोरी में बारिश और तेज हवा का अलर्ट जारी किया गया है. भोपाल में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.