थोक में दाम बढ़ने से रिटेल में महंगा हो गया नींबू, 250 रुपये किलो रेट.. जानें ताजा होलसेल रेट

गुंटूर और अहमदाबाद में नींबू की कीमतों में तेजी आई है. तेनाली APMC में 5 मार्च से 10 मार्च तक न्यूनतम और मॉडल कीमतें करीब 300 रुपये बढ़ीं. रिटेल में नींबू 200- 250 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया. बढ़ी हुई मांग और गर्मी के कारण यह उछाल हुआ है.

नोएडा | Updated On: 11 Mar, 2026 | 03:24 PM

Lemon Price Hike: अभी भीषण गर्मी की शुरुआत नहीं हुई है, लेकिन मार्केट में नींबू के दाम में अभी से ही तेजी आ गई है. खासकर होलसेल मंडी में नींबू का रेट महंगा हो गया है. पिछले 5 दिन के अंदर ही नींबू के होलेसेल रेट में करीब 3000 रुपये क्विंटल से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इससे रिटेल मार्केट में नींबू 250 रुपये किलो बिक रहा है. बात अगर देश के सबसे बड़े नींबू उत्पादक राज्य आंध्र प्रदेश की करें तो गुंटूर जिले के तेनाली APMC बाजार में नींबू (ग्रेड ए) की कीमतों में पिछले 5 दिनों के अंदर काफी अंतर देखने को मिला. Agmarknet के आंकड़ों के मुताबिक, 5 मार्च को तेनाली APMC बाजार में नींबू (ग्रेड ए) का न्यूनतम मूल्य 7,000 रुपये प्रति क्विंटल और अधिकतम मूल्य 9,300 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया. जबकि इस दिन मॉडल कीमत 8,300 रुपये प्रति क्विंटल रही. लेकिन अगले 5 दिन बाद 10 मार्च को इसी मंडी में नींबू की न्यूनतम, अधिकतम और मॉडल कीमतें काफी बढ़ गईं.

Agmarknet के आंकड़ों के अनुसार, 10 मार्च 2026 को तेनाली मंडी में नींबू का न्यूनतम मूल्य  9,000 रुपये प्रति क्विंटल, अधिकतम मूल्य 11,200 रुपये प्रति क्विंटल और औसत (मॉडल) कीमत 10,000 रुपये प्रति क्विंटल रही. यानी महज 5 दिन के अंदर ही नींबू की न्यूनतम और मॉडल कीमतों में करीब 3000 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी दर्ज की गई. वहीं, चिंतलापुडी APMC बाजार में नींबू (FAQ ग्रेड) की कीमतें 7 मार्च 2026 को अलग-अलग दर्ज की गईं. यहां नींबू का न्यूनतम मूल्य 7,600 रुपये प्रति क्विंटल, अधिकतम मूल्य 8,000 रुपये प्रति क्विंटल और औसत (मॉडल) कीमत 7,800 रुपये प्रति क्विंटल रही.

होलसेल में 12,000 रुपये प्रति क्विंटल रेट

वहीं, गुजरात के अहमदाबाद जिले में भी नींबू महंगा हो गया है. अहमदाबाद APMC बाजार में 6 मार्च को  FAQ ग्रेड के नींबू की कीमतों  में काफी अंतर देखने को मिला. यहां नींबू का न्यूनतम मूल्य 4,000 रुपये प्रति क्विंटल, अधिकतम मूल्य 12,000 रुपये प्रति क्विंटल और औसत (मॉडल) कीमत 10,000 रुपये प्रति क्विंटल रही. वहीं, 9 मार्च को नींबू के मिनिमम रेट में 1000 रुपये क्विंटल की बढ़ोतरी दर्ज की गई. Agmarknet के आंकड़ों के अनुसार, 9 मार्च 2026 को अहमदाबाद APMC बाजार में FAQ ग्रेड के नींबू का नींबू का न्यूनतम मूल्य 5,000 रुपये प्रति क्विंटल, अधिकतम मूल्य 12,000 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि औसत (मॉडल) कीमत 10,000 रुपये प्रति क्विंटल रही.

इस वजह से कीमतों में हुई बढ़ोतरी

हालांकि, होलसेल के मुकाबले रिटेल मार्कट में नींबू कुछ ज्यादा ही महंगा हो गया है. अहमदाबाद मिरर के मुताबिक, अहमदाबाद के रिटेल मार्केट  में नींबू 200 से 250 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया है. इससे पहले नींबू की कीमत 60 से 80 रुपये प्रति किलोग्राम थी, यानी सिर्फ 10 दिन में लगभग चार गुना बढ़ गई, जिससे उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ गई है. इस अचानक वृद्धि का कारण गुजरात में, खासकर अहमदाबाद में, मार्च की शुरुआत में तापमान 41°C से ऊपर पहुंच जाना है. गर्मी बढ़ने के साथ ही लेमोनेड, शिकंजी, नींबू सोडा और गन्ने का रस जैसी ठंडी ड्रिंक्स की मांग भी बढ़ गई, जिससे नींबू की कीमतें जल्दी बढ़ गईं.

रिटेल मार्केट में 250 रुपये किलो हुआ नींबू

व्यापारियों का कहना है कि आमतौर पर नींबू की कीमतें अप्रैल और मई में बढ़ती हैं, लेकिन इस साल यह मार्च में ही तेज हो गई हैं. जमालपुर APMC थोक बाजार में नींबू 90-120 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहे हैं, जबकि रिटेल कीमत 250 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है. दिलचस्प बात यह है कि नींबू की कीमतों में इतनी तेजी तब आई है, जबकि आपूर्ति भी बढ़ी है. 2025-26 में जमालपुर यार्ड में नींबू की आवक पिछले साल की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत बढ़कर 1.75 लाख क्विंटल हो गई है, यानी 2024- 25 से 31,000 क्विंटल ज्यादा. बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि सिर्फ बढ़ी हुई मांग ही नहीं, बल्कि दाम बढ़ाने वाले मुनाफाखोरों और मनमाने मूल्य निर्धारण ने भी इस अचानक बढ़ोतरी में योगदान दिया है.

 

Published: 11 Mar, 2026 | 03:18 PM

Topics: