बिहार के किसान घर बैठे बुक कर पाएंगे खाद, एक सितंबर से लागू होगी FSAS व्यवस्था

online fertilizer booking in Bihar : बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को खाद उपलब्धता और वितरण की समीक्षा की. खाद खत्म होने की बात कहकर किसानों को परेशान करने वाले विक्रेताओं के लाइसेंस रद्द करने के निर्देश दिए हैं. वहीं, ऑनलाइन खाद बुकिंग शुरू होने की तैयारियों का भी जायजा लिया.

नोएडा | Updated On: 31 Aug, 2026 | 06:11 PM

बिहार के किसानों को खाद के लिए लंबी लाइन से बचाने के लिए खाद बुकिंग प्रक्रिया ऑनलाइन की गई है. इस व्यवस्था के तहत किसान घर बैठे खाद बुक कर सकेंगे और तय डेट पर बिक्री केंद्र पर पहुंचकर खाद की बोरी ले सकेंगे. इससे किसानों का बर्बाद होने वाला समय बचेगा और खाद बिक्री केंद्रों पर भी ज्यादा भीड़ नहीं लगेगी. बिहार सरकार 1 सितंबर से 19 जिलों में यह व्यवस्था लागू कर रही है. इसको लेकर कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने सोमवार को खाद सप्लाई और भंडारण की समीक्षा की है और किसानों तक बेरोकटोक खाद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं.

कृषि मंत्री ने खाद उपलब्धता की समीक्षा की, किसानों को राहत के निर्देश

बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को पटना में खाद की उपलब्धता और वितरण की समीक्षा की. अधिकारियों को किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और व्यवस्था पर निगरानी के निर्देश दिए. कृषि मंत्री ने अधिकारियों से जिलावार खाद की उपलब्धता की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि किसानों को खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए. इसके लिए आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और वितरण प्रक्रिया पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा.

खाद खत्म होने की बात कहने वाले विक्रेताओं के लाइसेंस रद्द होंगे

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि कृषि सीजन के दौरान किसानों को आवश्यक कृषि सामग्री समय पर उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों से जमीनी स्तर पर निगरानी मजबूत करने और किसानों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा. बता दें कि कई जिलों से शिकायतें मिल रही हैं कि किसानों को खाद नहीं होने की बात कहकर विक्रेता लौटा दे रहे हैं. कृषि मंत्री ने इन शिकायतों के आधार पर छापेमारी अभियान चलाने और तत्काल लाइसेंस सस्पेंड करने समेत जरूरी कार्रवाई और करने के निर्देश दिए हैं.

19 जिलों में 1 सितंबर से लागू हो रहा ऑनलाइन खाद बुकिंग सिस्टम

किसानों को खाद उपलब्ध कराने के लिए सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर और पटना समेत बिहार के 19 जिलों में एक सितंबर से फर्टिलाइजर सेल्स एप्लीकेशन सिस्टम (FSAS) लागू किया जा रहा है. भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से विकसित इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का उद्देश्य खाद वितरण में पारदर्शिता लाना और किसानों को लंबी कतारों से मुक्ति दिलाना है. इसके तहत दूसरे चरण में 19 जिलों में ऑनलाइन खाद बुकिंग की सुविधा लागू की जा रही है.

मोबाइल ऐप से खाद की बुकिंग कर पाएंगे किसान

खाद आपूर्ति की नई व्यवस्था के तहत किसान मोबाइल ऐप FSAS डाउनलोड कर राज्य का चयन करने के बाद अपनी किसान आईडी या आधार नंबर दर्ज करके ओटीपी से लॉगिन कर सकते हैं. इसके बाद किसान अपनी पसंद की नजदीकी दुकान और यूरिया या डीएपी जैसी जरूरी खाद की मात्रा चुनकर ऑनलाइन बुकिंग पूरी कर सकेंगे. बुकिंग कन्फर्म होते ही मोबाइल पर एक क्यूआर कोड आधारित ई-टोकन जनरेट होगा, जिसके माध्यम से किसान 48 घंटे के भीतर खाद हासिल कर सकते हैं.

Published: 31 Aug, 2026 | 05:36 PM

Topics: