यूपी में बाढ़ से 17,428 हेक्टेयर में फसलें बर्बाद, 22 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर मुआवजा देने की तैयारी

Uttar Pradesh Crops Compensation : उत्तर प्रदेश में बाढ़ से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बाढ़ से किसानों की फसलों को हुए नुकसान पर कहा कि सर्वे कराया जा रहा है और राजस्व विभाग की रिपोर्ट के आधार पर किसानों को जल्द मुआवजा दिया जाएगा. 

नोएडा | Published: 7 Sep, 2026 | 12:56 PM

उत्तर प्रदेश की लगभग सभी बड़ी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं.  बाढ़ के पानी का कहर 150 से ज्यादा गांवों देखा जा रहा है. राज्य के कानपुर, चित्रकूट, फर्रुखाबाद समेत पूर्वांचल के ज्यादातर जिले मिलाकर 26 से ज्यादा जनपद की 17 बाढ़ के चलते 3.53 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं. प्रयागराज में भी बड़े पैमाने पर फसलों को नुकसान पहुंचा है. डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रयागराज के किसानों और ग्रामीणों के नुकसान की भरपाई के लिए सर्वे रिपोर्ट मांगी गई है और किसानों को जल्द मुआवजा राशि दी जाएगी. वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ भी किसानों के नुकसान की भरपाई के निर्देश दे चुके हैं.

17428 हेक्टेयर में खड़ी फसलें जलमग्न

उत्तर प्रदेश में इस समय बाढ़ की स्थिति कई जिलों में बनी हुई है. हालिया सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 26 से ज्यादा जिलों में करीब 3.53 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि पांच जिलों बलिया, गाजीपुर, गोरखपुर, मऊ और देवरिया में 11,358 हेक्टेयर से ज्यादा जमीन जलमग्न हुई है. इसके अलावा अन्य जिलों को मिलाकर कुल 17428 हेक्टेयर खेतों में पानी पहुंच गया है.

सितंबर 2026 की ताजा रिपोर्ट के अनुसार उफनती नदियों और मॉनसूनी बारिश के कारण लगभग 13,058 हेक्टेयर क्षेत्र सीधे तौर पर बाढ़ की चपेट में है. प्रभावित फसलों में धान, मक्का, ज्वार और सब्जियों की खेती के साथ ही दलहन फसलें शामिल हैं, जिन्हें डूबने से भारी नुकसान पहुंचा है.

डिप्टी सीएम ने राजस्व विभाग से सर्वे रिपोर्ट मांगी

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में बाढ़ से किसानों की फसलों को हुए नुकसान पर कहा कि सर्वे कराया जा रहा है और राजस्व विभाग की रिपोर्ट के आधार पर किसानों को जल्द मुआवजा दिया जाएगा. प्रयागराज समेत यूपी के कई जिलों में बाढ़ से किसानों की फसलों को हुए नुकसान के बारे में कहा कि किसानों की फसलों को जो नुकसान हुआ है उसका सर्वे कराया जा रहा है. राजस्व विभाग की रिपोर्ट के आधार पर बगैर देरी किए किसानों को मुआवजा दिए जाने के निर्देश सरकार ने दिए हैं. पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर शिक्षकों की मुलाकात और ज्ञापन के सवाल पर कहा कि उनकी जो जायज और उचित मांगे हैं उस पर विचार किया जाएगा.

राज्य आपदा मोचक निधि से मिलेगा पैसा

उत्तर प्रदेश सरकार ने 2026-27 में बाढ़ प्रभावित किसानों को राहत सहायता और कृषि निवेश अनुदान देने के लिए राज्य आपदा मोचक निधि से धनराशि जारी करने के आदेश दिए हैं. राहत आयुक्त कार्यालय के रिकॉर्ड में 2 सितंबर को चित्रकूट और अगस्त में बलिया समेत कई जिलों के लिए धन आवंटन दर्ज है. इसके अलावा पूरे यूपी के पीड़ित किसानों को मुआवजा राशि देने के लिए जिलाधिकारियों से नुकसान आकलन रिपोर्ट मांगी गई है.

22 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर मुआवजा मिलेगा

आपदा राहत मानकों के अनुसार 33 फीसदी या उससे अधिक फसल नुकसान पर असिंचित फसल के लिए 8,500 रुपये प्रति हेक्टेयर मुआवजा दिया जाता है. वहीं, सिंचित फसल के लिए 17,000 रुपये प्रति हेक्टेयर मुआवजा देने का प्रावधान है. वहीं बहुवर्षीय फसलों के लिए 22,500 रुपये प्रति हेक्टेयर तक सहायता दी जाती है.

Topics: