IMD का ताजा अपडेट, इस बार कमजोर रहेगा मॉनसून.. जून में सामान्य से कम होगी बारिश

IMD ने 2026 के लिए मॉनसून का अनुमान घटाकर सामान्य औसत का 90 फीसदी कर दिया है. दक्षिण, मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में कम बारिश की आशंका जताई गई है. जून में तापमान सामान्य से ज्यादा रह सकता है, जबकि अल नीनो के असर से कमजोर मॉनसून और सूखे जैसी स्थिति बनने की चिंता बढ़ गई है.

नोएडा | Updated On: 29 May, 2026 | 05:40 PM

Weather Updates: इस साल देश में कमजोर मॉनसून की आशंका बढ़ गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मॉनसून का अनुमान घटाकर सामान्य औसत बारिश (LPA) का 90 फीसदी कर दिया है. इससे पहले अप्रैल में यह अनुमान 92 फीसदी था. IMD के अनुसार 90 से 95 फीसदी बारिश को ‘सामान्य से कम’ माना जाता है, जबकि 90 फीसदी से नीचे बारिश होने पर स्थिति ‘कमजोर मॉनसून’ की श्रेणी में आती है.

2026 के दूसरे चरण के मॉनसून पूर्वानुमान जारी करते हुए IMD के महानिदेशक एम महापात्रा ने कहा कि देश के दक्षिण, मध्य और उत्तर-पश्चिम हिस्सों में इस बार सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है. वहीं जून से सितंबर के मॉनसून सीजन के दौरान पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में सामान्य बारिश हो सकती है. उन्होंने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों, दक्षिण प्रायद्वीप के पूर्वी इलाकों और पूर्व-मध्य भारत से जुड़े क्षेत्रों में सामान्य से ज्यादा बारिश भी देखने को मिल सकती है.

सामान्य से कम बारिश होने की संभावना

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, इस साल जून में भी सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने कहा कि मध्य और दक्षिण भारत में बारिश 94 फीसदी से कम रह सकती है, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत में यह 92 फीसदी से भी नीचे जा सकती है. एम महापात्रा ने बताया कि देश का मॉनसून कोर जोन (MCZ), जहां बड़े पैमाने पर वर्षा आधारित खेती होती है, वहां भी सामान्य से कम बारिश होने के संकेत हैं. इसके साथ ही जून महीने में देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार जून 2026 में देशभर में औसत बारिश सामान्य स्तर के 92 फीसदी से कम रह सकती है.

कुछ हिस्सों में सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है

एम महापात्रा ने कहा कि जून महीने में उत्तर-पश्चिम भारत, दक्षिण प्रायद्वीप और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है. हालांकि देश के अधिकांश इलाकों में तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, जून 2026 में देश के ज्यादातर हिस्सों में दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से ज्यादा रह सकता है. वहीं मध्य भारत, उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान  सामान्य या उससे कम रहने के आसार हैं. इसके अलावा उत्तर-पश्चिम, मध्य और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से कम रह सकता है.

सामान्य से ज्यादा लू चलने की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जून 2026 में कई राज्यों में सामान्य से ज्यादा लू चलने की चेतावनी  दी है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, गुजरात और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव के दिन ज्यादा रह सकते हैं. वहीं महाराष्ट्र, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में भी लू का असर देखने को मिल सकता है.

झारखंड में कैसा रहेगा मौसम

हालांकि राजस्थान और झारखंड में इस बार सामान्य से कम हीटवेव वाले दिन रहने की संभावना जताई गई है. IMD के महानिदेशक एम महापात्रा ने बताया कि प्रशांत महासागर में अल नीनो की स्थिति धीरे-धीरे विकसित हो रही है. जून में कमजोर अल नीनो शुरू हो सकता है, जबकि जुलाई-अगस्त तक इसके मध्यम स्तर तक पहुंचने की संभावना है. मौसम विभाग का कहना है कि मॉनसून के बाद अल नीनो और मजबूत हो सकता है.

Published: 29 May, 2026 | 05:37 PM

Topics: