बैल की मौत के बाद खुद हल खींच रही महिला किसान को मिली सरकारी मदद, वीडियो वायरल हुआ तो जागा प्रशासन

Latur Farmer Kashinath Gaikwad: खेत जोतती किसान की पत्नी का वीडियो सामने आने पर महाराष्ट्र सरकार ने किसान दंपति को मदद दी. विपक्ष ने मामले पर सरकार घेरा था और राज्य में किसानों की दुर्दशा पर खरी खोटी सुनाई थी, जिसके बाद प्रशासन जागा और किसान की मदद को पहुंचा.

नोएडा | Updated On: 11 Jun, 2026 | 05:30 PM

Maharashtra Farmer News : महाराष्ट्र में किसान के बैल की आकाशीय बिजली की चपेट में आकर मौत होने के बाद एक बैल की जगह महिला किसान हल को खींच रही थी. खेत की जुताई में एक बैल की जगह हल खींचती महिला का वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया. विपक्ष ने किसानों की दुर्दशा पर सरकार को घेरा, जिसके बाद महाराष्ट्र सरकार एक्शन में आई है और पीड़ित किसान दंपति को मदद दी है. जिला प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित को एक बैल सौंपा, जिससे उसकी बैल की जोड़ी पूरी हो गई है. सरकार ने पीड़ित परिवार के लिए मुआवजा राशि भी मंजूर की है.

बैल की जोड़ी टूटने पर हल खुद खींच रही थी महिला

महाराष्ट्र के लातूर जिले के देवनी तहसील के बोंबली खुर्द गांव के किसान काशीनाथ गायकवाड़ के दो बैलों में से एक की बीते 5 जून को आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई थी. इसके बाद खेत में हल खींचती एक किसान की पत्नी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के एक दिन बाद महाराष्ट्र सरकार ने बुधवार को दंपति को एक बैल सौंपा ताकि वे खेती में उसका इस्तेमाल कर सकें.

विपक्ष ने मामले को उठाया तब जागा प्रशासन

एक वायरल वीडियो में एक किसान दंपति खेत जोत रहा था. किसान काशीनाथ की पत्नी हौसाबाई हल का एक सिरा खींच रही थी, क्योंकि वे दूसरा जानवर खरीदने या किराए पर लेने का खर्च नहीं उठा सकते थे. NCP (SP) MLA रोहित पवार ने मंगलवार को यह वीडियो शेयर करते हुए कहा कि यह महाराष्ट्र के आम किसान की बुरी हालत दिखाता है.

लातूर जिला प्रशासन की ओर से दंपति को बैल सौंपकर जोड़ी पूरी की गई.

पीड़ित किसान के लिए मुआवजा भी मंजूर

महाराष्ट्र सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने ऑफिस को पीड़ित किसान दंपति को राहत देने के लिए तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया. बुधवार को पशुपालन विभाग ने एक नया बैल अरेंज किया और उसे गायकवाड़ परिवार को सौंप दिया.  कहा गया है कि जरूरी फॉर्मैलिटीज पूरी करके परिवार के लिए स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फंड के तहत मुआवजा भी मंजूर कर दिया गया. हौसाबाई गायकवाड़ ने सरकार की मदद के लिए धन्यवाद दिया.

Published: 11 Jun, 2026 | 05:23 PM

Topics: