Agriculture News in Hindi Live Updates: मौसम हर दिन करवट बदल रहा है. मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ जिलों में शीतलहर (Cold Wave) चल रही है. उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत (Weather Today) में बारिश और सुबह कोहरे की स्थिति बनी हुई है. दिल्ली एनसीआर में वायु प्रदूषण (Delhi Air Pollution Latest Updates) कम हुआ है, लेकिन अभी भी साफ हवा का स्तर कमजोर है. वहीं, पंजाब और हरियाणा, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ठंड जारी है. राजस्थान, झारखंड समेत कई राज्यों में ठंडी हवाओं से सुबह-शाम तापमान नीचे लुढ़क रहा है. पीएम किसान सम्मान निधि 22वीं किस्त (PM Kisan Samman Nidhi 22nd Installment) एमएसपी गारंटी कानून (MSP Guarantee) की मांग और रबी सीजन (Rabi Season) की फसलों की बुवाई और के बाद अब एमएसपी पर फसलों की खरीद प्रक्रिया शुरू हो रही है. किसान आंदोलन (Farmers Protest News), खेती समाचार (Agriculture News India), सरकारी कृषि स्कीम, कृषि योजना पर सब्सिडी, पशुपालन (Animal Husbandry), खाद सब्सिडी (Fertilizer News) और उन्नत बीज (Best Seeds), फसल की नई किस्में (Crops News Verities) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं. इसके अलावा देशभर में होने वाली घटनाओं की ताजा जानकारी (Breaking News Today List) भी आप यहां पर पढ़ सकते हैं. Top News List Today
Todays Top News List: उत्तर प्रदेश में शुगर उत्पादन 15 मार्च तक 81.5 लाख टन पहुंचा, गेहूं में उग रही हैं अजीबोगरीब घास, दिनभर की बड़ी खबरें पढ़ें
Agriculture News in Hindi: झारखंड के कई इलाकों में 20 मार्च तक हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश का पूर्वानुमान है. 18 मार्च तक कुछ क्षेत्रों में आंधी और वज्रपात की भी आशंका है जिसको लेकर मौसम विभाग ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. आज दिनभर की कृषि समाचार (Krashi Samachar) अपडेट्स आपको यहां मिलेंगे.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
गेहूं की फसल में अनजानी जड़ी-बूटियों उग रही हैं
पिछले साल पंजाब में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई. हजारों हेक्टेयर जमीन पर बाढ़ के साथ आई गाद जम गई. इससे गेहूं की फसल में अनजानी जड़ी-बूटियों उग रही हैं. ऐसे में बाढ़ के कारण मिट्टी की सेहत पर लंबे समय तक पड़ने वाले प्रभाव को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है. साथ ही फसलों को नुकसान पहुंचने की संभावना है. इसी बीच पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (PAU) ने गुरदासपुर और अमृतसर जिलों में टीमों को भेजकर गेहूं के खेतों में उग रही अनजानी जड़ी-बूटियों का सर्वेक्षण करने का काम सौंपा है.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
उत्तर प्रदेश में इस सीजन में शुगर उत्पादन 15 मार्च तक 81.5 लाख टन पहुंच गया
उत्तर प्रदेश में इस सीजन में शुगर उत्पादन 15 मार्च तक 81.5 लाख टन पहुंच गया है, जो पिछले साल इसी समय 80.95 लाख टन था. हालांकि, फरवरी के अंत में 2 फीसदी से अधिक का बढ़त अब 1 फीसदी से भी कम रह गई है, क्योंकि उत्पादन प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक नहीं हो रहा. उद्योग विशेषज्ञ के अनुसार, पहले उम्मीद थी कि उत्पादन कम से कम 110 लाख टन होगा, लेकिन अब 95 लाख टन तक पहुंचना भी मुश्किल दिख रहा है. राज्य के 120 शुगर प्लांट्स में से 40 से ज्यादा ने क्रशिंग बंद कर दी है और अगले 20 दिन में 30 प्लांट्स और बंद हो सकते हैं.
राष्ट्रीय सहकारी शुगर फैक्ट्रीज फेडरेशन (NFCSF) के अनुसार, 15 मार्च तक उत्तर प्रदेश में 78 मिलें काम कर रही थीं, जबकि पिछले साल इस समय 91 मिलें सक्रिय थीं. अब तक राज्य में 802.96 लाख टन गन्ना क्रश किया गया है, जो पिछले साल 843.23 लाख टन था. क्रशिंग कम होने के बावजूद शुगर उत्पादन बढ़ा है, क्योंकि रिकवरी रेट बेहतर रही, जो 10.15 फीसदी इस सीजन, जबकि पिछले सीजन 9.60 फीसदी था. रिकवरी रेट से तात्पर्य गन्ने से निकाले गए शुगर की मात्रा से है.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
रसोई गैस की किल्लत के बाद अब खाद की हो सकती है कमी
रसोई गैस की किल्लत के बीच अब आने वाले समय में खाद की कमी का सामना करना पड़ सकता है. इससे भारत का कृषि क्षेत्र भी प्रभावित हो सकता है. क्योंकि दुनिया के लगभग एक-तिहाई उर्वरक व्यापार पर असर पड़ने की आशंका है. विशेषज्ञों के अनुसार, प्राकृतिक गैस की आपूर्ति कम होने से नाइट्रोजन आधारित उर्वरकों के उत्पादन पर भी असर पड़ सकता है. हालांकि कुछ शोध एजेंसियों का मानना है कि यह संघर्ष ज्यादा लंबा नहीं चलेगा, लेकिन भारत के लिए उर्वरकों की आपूर्ति का समय काफी महत्वपूर्ण है.
-
Posted By: Isha Gupta
केरल चुनाव को लेकर वी. मुरलीधरन का बड़ा दावा, BJP को लेकर कर दी बड़ी भविष्यवाणी!
भाजपा नेता वी. मुरलीधरन ने तिरुवनंतपुरम, केरल में विधानसभा चुनाव को भाजपा के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह चुनाव राज्य की राजनीति में मील का पत्थर साबित होगा. मुरलीधरन ने कहा कि लोग केरल में दोनों गठबंधनों को छोड़कर भाजपा का साथ देंगे. उन्होंने कांग्रेस की ताकत को नजरअंदाज नहीं किया, लेकिन आश्वस्त किया कि त्रिकोणीय मुकाबले में भाजपा आगे रहेगी और जनता पार्टी पर भरोसा जताएगी.
-
Posted By: Isha Gupta
SCB मेडिकल कॉलेज ICU में आग! भाजपा सांसद का बड़ा बयान, परिवारों को न्याय दिलाने की मांग
प्रताप चंद्र सारंगी ने कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के ट्रॉमा केयर ICU में आग लगने की घटना पर कहा कि यह अत्यंत दुखद है. उन्होंने बताया कि संभवतः कोई तकनीकी खराबी इसकी वजह बनी और इसकी जांच की जाएगी. सांसद ने कहा कि जांच के जरिए दोषियों को सजा दिलाई जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जाए. उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना भी जताई.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
भाजपा ने पहले ही दावा किया था कि उनके पांचों उम्मीदवार राज्यसभा जाएंगे- संजय सरावगी
बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने राज्यसभा चुनाव को लेकर कहा कि भाजपा ने पहले ही दावा किया था कि उनके पांचों उम्मीदवार राज्यसभा जाएंगे और पार्टी सभी पांच सीटें जीतेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल ने अपने विधायकों को होटल में रखा था. सरावगी ने कहा कि भाजपा के 202 विधायकों ने वोट दिया और पार्टी जीत रही है, जबकि आरजेडी के विधायक कहां गए, इसका जवाब उन्हें ही देना चाहिए.
-
Posted By: Isha Gupta
असम में कांग्रेस का ‘नया चेहरा’! गौरव गोगोई का बड़ा दावा, ‘अब बदलेगा पूरा असम’
गौरव गोगोई ने लखीमपुर, असम में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस को नए रूप में पेश करने की बात कही. उन्होंने कहा कि अब असम में एक नई कांग्रेस दिखाई दे रही है, जिसकी सूची में कई नए चेहरे शामिल हैं. गोगोई के मुताबिक यही नई टीम आने वाले समय में ‘नया असम’ बनाने की दिशा में काम करेगी. उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी के ताजा नेतृत्व और नए विजन से राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव: BJP ने जारी की 144 उम्मीदवारों की पहली सूची
BJP ने आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 144 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की.
BJP ने आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 144 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। pic.twitter.com/ZiMSnbOsfB
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 16, 2026
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
राष्ट्रीय जनता दल और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का रवैया सामने आ गया है- उपमुख्यमंत्री
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राज्यसभा चुनाव को लेकर कहा कि राष्ट्रीय जनता दल और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का रवैया सामने आ गया है, क्योंकि उनके कुछ विधायकों ने वोट देने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि पहले जनता ने उन्हें वोट देने से इनकार किया था और अब उनके विधायक भी ऐसा कर रहे हैं. सिन्हा ने कहा कि एनडीए के सभी विधायकों ने शत-प्रतिशत मतदान किया है और मतगणना के बाद स्थिति साफ हो जाएगी. उन्होंने आरोप लगाया कि आरजेडी और कांग्रेस अपने विधायकों को होटल में रोककर डराने का काम कर रहे हैं,
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
पाम ऑयल की कीमत में बंपर बढ़ोतरी, किसानों को हो रही अच्छी कमाई
तेलंगाना में पाम ऑयल की कीमत में लागातार बढ़ोतरी हो रही. ऐसे में किसानों की बंपर कमाई हो रही है. पिछले 10 वर्षों में पाम ऑयल की कीमत 12,000 रुपये प्रति टन से बढ़कर 21,546 रुपये प्रति टन हो गई है. यानी 10 साल के अंदर कीमत में लगभग 80 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है. राज्य सरकार किसानों को ज्यादा पानी लेने वाली धान की खेती छोड़कर पाम ऑयल की खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
हरियाणा में किसानों को नुकसान, एमएसपी से कम सरसों का रेट
हरियाणा के किसान सरसों खरीद शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं. मौजूदा वक्त में सरसों का रेट न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से काफी कम है. ऐसे में किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. खासकर अंबाला जिले में सरसों का रेट एमएसपी से कुछ ज्यादा ही कम है. ऐसे में अंबाला जिले के सरसों किसान सरकारी खरीद की शुरुआत का इंतजार कर रहे हैं. जिले के किसानों का कहा है कि निजी व्यापारी वर्तमान में MSP से काफी कम दाम दे रहे हैं. ऐसे में उन्हें 700 रुपये प्रति क्विंटल तक नुकसान हो रहा है.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
चुनाव समय पर और ज्यादा चरणों में नहीं होना चाहिए- सांसद प्रियंका चतुर्वेदी
शिवसेना(UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि चुनाव समय पर और ज्यादा चरणों में नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि अधिकांश राज्यों के चुनाव एक ही चरण में होने और पश्चिम बंगाल के दो चरणों में होने का स्वागत है. लेकिन, पश्चिम बंगाल में मुख्य सचिव और DGP के बदलाव दिखाते हैं कि ममता बनर्जी को हराने में भाजपा को डर लगता है.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और ईरान से जुड़े हालात को लेकर दुनियाभर में चिंता बनी हुई है
पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और ईरान से जुड़े हालात को लेकर दुनियाभर में चिंता बनी हुई है. इस स्थिति का असर भारत के कई व्यापारिक क्षेत्रों पर भी पड़ रहा है, खासकर कृषि निर्यात पर. लेकिन राहत की बात यह है कि विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा संकट के बावजूद भारत के बासमती चावल के निर्यात पर बहुत बड़ा असर पड़ने की संभावना नहीं है.
रेटिंग एजेंसी CRISIL Ratings की एक रिपोर्ट के अनुसार भारत का बासमती चावल निर्यात इस वित्त वर्ष और अगले वित्त वर्ष में लगभग स्थिर रह सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक पिछले साल के मुकाबले निर्यात में करीब 2 प्रतिशत तक बढ़ोतरी भी हो सकती है.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
बंगाल में भाजपा आक्रमक, कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया
कोलकाता में 14 मार्च को भाजपा की ब्रिगेड चलो रैली में कार्यकर्ताओं पर हुए हमले के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया.
#WATCH कोलकाता, पश्चिम बंगाल: शनिवार 14 मार्च को कोलकाता में पार्टी की ब्रिगेड चलो रैली के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए हमले को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। pic.twitter.com/ghA7N5UFKB
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 16, 2026
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
रायथु भरोसा निधि योजना की पहली किस्त 22 मार्च को जारी की जाएगी
तेलंगाना के किसानों के लिए खुशखबरी है. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योयना (PM KISAN) की 22वीं किस्त के बाद अब उनके खाते में एक और योजना की राशि पहुंचने वाली है. मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने ऐलान किया है कि रायथु भरोसा निधि योजना की पहली किस्त 22 मार्च को जारी की जाएगी. मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी इसे सिद्धिपेट जिले के नरमेत्ता में आयोजित एक समारोह में जारी करेंगे. सरकार को उम्मीद है कि इससे किसानों को फायदा मिलेगा. वे इस राशि से फसलों की समय पर बुवाई कर पाएगंगे.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
कटक अस्पताल के ICU में आग- 10 मरीजों की मौत, 11 स्टाफ घायल, PM ने मुआवजे का ऐलान किया
भुवनेश्वर: (16 मार्च) मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बताया कि सोमवार तड़के यहां ओडिशा सरकार द्वारा संचालित SCB मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के ICU में भीषण आग लगने से कम से कम दस मरीज़ों की मौत हो गई. माझी, जो तुरंत अस्पताल पहुंचे, ने बताया कि मरीजों को सुरक्षित निकालते समय अस्पताल के लगभग 11 स्टाफ सदस्य झुलस गए. उन्होंने कहा कि आग संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
राज्यसभा 19-20 मार्च को त्योहारी छुट्टी मनाएगी, 28-29 मार्च को सत्र चलेगा
नई दिल्ली: (16 मार्च) राज्यसभा 28-29 मार्च को सप्ताहांत पर भी काम करेगी, क्योंकि सरकार ने कुछ सदस्यों के इस अनुरोध को मान लिया है कि त्योहारों के चलते 19-20 मार्च को सत्र न रखा जाए. सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सोमवार को सदस्यों को यह जानकारी दी.
11 मार्च, 2026 को हुई कार्य मंत्रणा समिति की बैठक के दौरान, कुछ सदस्यों ने सुझाव दिया था कि 19 मार्च से शुरू हो रहे नवरात्रि, गुड़ी पड़वा, रमजान आदि कई त्योहारों को देखते हुए, सदन का सत्र आयोजित करना उचित नहीं होगा.
"मैं सदस्यों को सूचित करना चाहता हूं कि इस संबंध में किए गए अनुरोध पर सरकार ने सकारात्मक रूप से विचार किया है। तदनुसार, गुरुवार, 19 मार्च 2026 और शुक्रवार, 20 मार्च 2026 को निर्धारित सदन के सत्र रद्द किए जाते हैं."
-
Posted By: रिजवान नूर खान
सरकार एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों और ग्लोबल सहयोग को बढ़ावा देने की कोशिश कर रही है: नायडू
नई दिल्ली: (16 मार्च) केंद्रीय मंत्री के. राममोहन नायडू ने सोमवार को कहा कि सरकार देश के तेजी से बढ़ते एयरोस्पेस सेक्टर में मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों को बढ़ावा देने की कोशिश कर रही है और भारतीय कंपनियाँ सुविधाएँ स्थापित करने के लिए विदेशी फर्मों के साथ सहयोग कर रही हैं. राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान एक पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए, नागरिक उड्डयन मंत्री ने एम्ब्रेयर और सुखोई के साथ संयुक्त उद्यमों पर प्रकाश डाला.
"एविएशन में मैन्युफैक्चरिंग में निवेश के संबंध में, हमने इसे बहुत, बहुत गंभीरता से लिया है, और पहली बार, मुझे सदन को यह बताते हुए भी बहुत खुशी हो रही है कि एम्ब्रेयर, जो एक ब्राज़ीलियाई विमान मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है, ने एक भारतीय मैन्युफैक्चरिंग कंपनी के साथ संयुक्त उद्यम किया है."
-
Posted By: Isha Gupta
ईरान संकट के बीच भारत का बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन! 550 से ज्यादा भारतीयों को सुरक्षित लाया गया
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ट्वीट कर बताया कि ईरान से अब तक 550 से अधिक भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है. उन्होंने इस रेस्क्यू मिशन में सहयोग के लिए आर्मीनिया की सरकार और वहां के लोगों का आभार जताया. जयशंकर ने कहा कि इस कठिन समय में आर्मीनिया का सहयोग बेहद अहम रहा. भारत सरकार विदेश में फंसे अपने नागरिकों की सुरक्षा और उन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.
-
Posted By: Isha Gupta
दिल्ली में PM मोदी से मिले ओडिशा के गवर्नर, विकास को लेकर हुई बड़ी चर्चा!
ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कमभमपति ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने राज्य में चल रहे विकास कार्यों और अलग-अलग सेक्टर में हो रही तेज प्रगति की जानकारी दी. गवर्नर ने बताया कि ‘विकसित ओडिशा’ और ‘विकसित भारत’ के विजन के अनुरूप राज्य की ग्रोथ को और तेज करने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र और राज्य के सहयोग से विकास की रफ्तार और बढ़ेगी.
-
Posted By: Isha Gupta
5 राज्यों में NDA की सुनामी! चुनाव तारीखों के ऐलान के बाद एकनाथ शिंदे का बड़ा दावा
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने चुनावी तारीखों के ऐलान के बाद बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि NDA प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पांचों राज्यों में जीत दर्ज करेगी. शिंदे के मुताबिक 2014 से मोदी सरकार ने देश को विकास की नई दिशा दी है और अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया है. उन्होंने विश्वास जताया कि जनता फिर से NDA पर भरोसा जताएगी और आने वाले चुनावों में गठबंधन को बड़ी जीत मिलेगी.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
पर्यावरण मंजूरी में तेजी लाने के लिए केंद्र के अलग संस्थाओं के प्रस्ताव पर विशेषज्ञों ने चिंता जताई
नई दिल्ली: 16 मार्च - जैसा कि केंद्र ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पर्यावरण मंज़ूरी की प्रक्रिया में तेज़ी लाने के लिए स्थायी संस्थाएँ बनाने का प्रस्ताव दिया है, विशेषज्ञों ने इन नई संस्थाओं के सदस्यों के चयन के मानदंडों को लेकर चिंता जताई है. उनका मानना है कि इससे परियोजनाओं की जाँच-पड़ताल कमज़ोर पड़ सकती है.
5 मार्च को जारी एक मसौदा अधिसूचना के अनुसार, ये नई संस्थाएं मौजूदा 'राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण' (SEIAA) और 'राज्य विशेषज्ञ मूल्यांकन समितियों' (SEAC) के कार्यों को तब संभाल लेंगी, जब ये राज्य-स्तरीय संस्थाएं अपना कार्यकाल पूरा होने या उनके पुनर्गठन में देरी के कारण काम करना बंद कर देंगी. जहां एक ओर SEIAA पर्यावरण मंजूरी देता है, वहीं दूसरी ओर SEAC परियोजना के मूल्यांकन में उसे सलाह देता है.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
कश्मीर के ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी से यातायात प्रभावित
श्रीनगर: (16 मार्च) अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि कश्मीर के ज्यादातर ऊंचे इलाकों में हल्की से भारी बर्फबारी हुई, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश हुई, जिससे कुछ जगहों पर गाड़ियों की आवाजाही में रुकावट आई.
उन्होंने बताया कि सिंथन टॉप के पास भारी बर्फबारी के कारण कई गाड़ियां फंस गईं, जिसके बाद पुलिस और सेना ने रविवार रात को एक बचाव अभियान चलाकर 214 फंसे हुए पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित निकाला.
अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में गुलमर्ग, मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में दूधपथरी और मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में सोनमर्ग जैसे पर्यटन स्थलों पर हल्की बर्फबारी हुई.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
SC की हिदायत के बावजूद संसद ने 'एंड ऑफ लाइफ केयर' कानून पर अभी तक कदम नहीं उठाया: RS सदस्य
नई दिल्ली: (16 मार्च) सोमवार को राज्यसभा के एक सदस्य ने सरकार से गंभीर रूप से बीमार मरीज़ों के लिए 'एंड-ऑफ-लाइफ केयर' (जीवन के अंतिम समय की देखभाल) पर कानून लाने का आग्रह किया. उन्होंने बताया कि पिछले दो दशकों में लॉ कमीशन की कई रिपोर्टों और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद संसद इस मुद्दे पर कोई कदम उठाने में नाकाम रही है.
'ज़ीरो आवर' के दौरान इस मामले को उठाते हुए, IUML सांसद हरीश बीरन (केरल) ने सरकार से अपील की कि वह लॉ कमीशन की सिफ़ारिश के अनुसार 'गंभीर रूप से बीमार मरीजों के मेडिकल इलाज (एंड-ऑफ-लाइफ केयर) अधिनियम' पेश करे, और हर ज़िला अस्पताल व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 'पैलिएटिव केयर' (दर्द कम करने वाली देखभाल) का बुनियादी ढांचा बनाना अनिवार्य करे.
बीरन की यह टिप्पणी पिछले हफ़्ते आए सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश के बाद आई है, जिसमें हरीश राणा के लिए 'लाइफ़ सपोर्ट' (जीवन रक्षक प्रणाली) हटाने की अनुमति दी गई थी. हरीश राणा 2013 में एक दुर्घटना में गिरने के बाद पिछले 13 सालों से 'परमानेंट वेजिटेटिव स्टेट' (पूरी तरह से अचेत अवस्था) में थे.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर में एशिया का सबसे बड़ा ट्यूलिप गार्डन दर्शकों के लिए खोला
श्रीनगर: (16 मार्च) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को यहाँ डल झील के किनारे स्थित एशिया का सबसे बड़ा ट्यूलिप गार्डन दर्शकों के लिए खोल दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि पर्यटन क्षेत्र पिछले साल की मुश्किलों से उबरकर फिर से पटरी पर लौट आएगा.
अधिकारियों ने बताया कि अब्दुल्ला के साथ उनके कैबिनेट सहयोगी और नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक भी चेसमा शाही रोड पर स्थित इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्यूलिप गार्डन में मौजूद थे.
अब्दुल्ला ने पत्रकारों से कहा, "यह पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों के लिए एक नई शुरुआत होगी। उन्हें बहुत मुश्किल दौर से गुजरना पड़ा था. हालांकि, हालात बदलते रहते हैं, और हमें उम्मीद है कि स्थिति में सुधार होगा, जिससे बाहर से लोग यहाँ आकर जम्मू-कश्मीर की खूबसूरती का आनंद ले सकेंगे."
-
Posted By: रिजवान नूर खान
राज्यसभा चुनाव पर ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और BJD प्रमुख नवीन पटनायक भड़के
भुवनेश्वर: ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और BJD प्रमुख नवीन पटनायक ने राज्यसभा चुनाव पर कहा, "ब्रह्मगिरी की महिला विधायक ने वोटिंग करते समय साफ गलती की, लेकिन वोटिंग रूम में बैठे ऑफिसर ने गैर-कानूनी तरीके से उनका वोट ले लिया और दूसरा बैलेट पेपर जारी कर दिया. यह लोकतांत्रिक मानदंड के खिलाफ है और चुनाव नियमों का उल्लंघन है... वे लोकतांत्रिक चुनावी प्रक्रिया को खत्म कर रहे हैं."
-
Posted By: रिजवान नूर खान
छत्तीसगढ़ सरकार ने अफीम की खेती पर सख्ती बरती, कलेक्टरों से 15 दिनों में सर्वे रिपोर्ट मांगी
रायपुर: (13 मार्च) एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पिछले कुछ हफ़्तों में राज्य के तीन जगहों पर अवैध अफीम की खेती के मामले सामने आने के बाद सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं.
एक आधिकारिक बयान में मुख्यमंत्री के हवाले से कहा गया है कि नशीले पदार्थों की अवैध खेती किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागों को ऐसे मामलों की पूरी तरह से जांच करने तथा इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
बयान में आगे कहा गया है, "इस निर्देश का पालन करते हुए, छत्तीसगढ़ के भू-अभिलेख आयुक्त ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं कि वे अपने-अपने जिलों के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों का व्यापक सर्वे करें और 15 दिनों के भीतर एक रिपोर्ट जमा करें, जिसमें स्पष्ट रूप से बताया जाए कि क्या उनके जिलों में अफीम की कोई अवैध खेती हो रही है.
-
Posted By: Kisan India
ईरान युद्ध के बीच तेल संकट से निपटने की तैयारी, IEA जल्द बाजार में जारी करेगा 40 करोड़ बैरल से ज्यादा तेल
ईरान युद्ध के कारण बढ़ती तेल कीमतों को नियंत्रित करने के लिए इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) ने बड़ा कदम उठाया है. एजेंसी ने बताया कि उसके आपातकालीन भंडार से 40 करोड़ बैरल से अधिक तेल जल्द ही बाजार में जारी किया जाएगा. इसमें से करीब 271.7 मिलियन बैरल सरकारी भंडार, 116.6 मिलियन बैरल उद्योग भंडार और 23.6 मिलियन बैरल अन्य स्रोतों से आएगा. IEA के अनुसार एशिया और ओशिनिया देशों का तेल तुरंत उपलब्ध होगा, जबकि यूरोप और अमेरिका के भंडार मार्च के अंत तक बाजार में आने लगेंगे. यह कदम 28 फरवरी से शुरू हुए ईरान युद्ध के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में आपूर्ति बाधित होने और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी को नियंत्रित करने के लिए उठाया गया है.
-
Posted By: Kisan India
अनंत सिंह का बड़ा बयान, बोले- अब अगला चुनाव नहीं लड़ेंगे, बेटे को देंगे मौका
बिहार में राज्यसभा चुनाव के बीच जदयू विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह ने बड़ा ऐलान किया है. बेउर जेल से मतदान करने विधानसभा पहुंचे अनंत सिंह ने कहा कि अब वह अगला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि जब बिहार में नीतीश कुमार नहीं रहेंगे, तो वह भी चुनाव नहीं लड़ेंगे और आगे उनकी जगह उनका बेटा चुनाव लड़ेगा. अनंत सिंह दुलारचंद यादव हत्याकांड में पटना की बेउर जेल में बंद हैं और कोर्ट की अनुमति के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच विधानसभा पहुंचकर मतदान किया. राज्यसभा चुनाव में उनका वोट भी एनडीए के लिए अहम माना जा रहा है.
-
Posted By: Kisan India
विपक्ष सिर्फ आरोप लगाता है, जनता उन्हें जवाब दे रही- डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राज्यसभा चुनाव को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत के लिए जनता के आदेश का समीकरण सबसे अहम होता है और भाजपा के सभी पांचों उम्मीदवार सुशासन और विकास को आगे बढ़ाने का काम करेंगे. सिन्हा ने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता सिर्फ रोने और आरोप लगाने की राजनीति करते हैं. उन्होंने कहा कि वही लोग पहले बिहार को मुश्किलों में डालते थे, लेकिन अब जनता उन्हें उनके कामों का जवाब दे रही है.
-
Posted By: Kisan India
चीन से मदद की उम्मीद में अमेरिका का दबाव, ट्रंप बोले-सहयोग नहीं मिला तो शी जिनपिंग संग समिट टाल सकते हैं
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू में चीन से ईरान से जुड़े हालात पर सहयोग की मांग की है. ट्रंप ने कहा कि चीन को स्ट्रेट्स से करीब 90% तेल मिलता है, इसलिए उसे इस समुद्री मार्ग की सुरक्षा में मदद करनी चाहिए. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर चीन सहयोग नहीं करता तो वे चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ इस महीने के अंत में होने वाली प्रस्तावित समिट को टालने पर विचार कर सकते हैं. ट्रंप ने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में माइंसवीपर्स और सुरक्षा बलों की जरूरत है, ताकि ईरान के तट के पास सक्रिय ‘खतरनाक तत्वों’ को रोका जा सके. उनके मुताबिक अमेरिका पहले ही ईरान पर कड़ा दबाव बना रहा है.
-
Posted By: Kisan India
राजस्थान में भूमिहीन कृषि मजदूरों को राहत, खेती के औजार खरीदने पर 5000 रुपये तक की सब्सिडी
राजस्थान सरकार ने भूमिहीन कृषि श्रमिकों को सहारा देने के लिए नई पहल की है. अब राज्य में दूसरों के खेतों में काम करने वाले मजदूरों को खेती के छोटे कृषि औजार खरीदने के लिए 5000 रुपये तक की सब्सिडी दी जाएगी. यह सुविधा कृषक कल्याण कोष योजना के तहत दी जा रही है. इस अनुदान से मजदूर स्प्रेयर मशीन, खुरपी, घास काटने की मशीन, डिबलर और वीडर जैसे छोटे कृषि उपकरण खरीद सकेंगे, जिससे उनकी मेहनत कम होगी और काम की गति बढ़ेगी. योजना का लाभ केवल उन श्रमिकों को मिलेगा जिनके नाम पर राजस्थान में कोई कृषि भूमि नहीं है और जिनका मोबाइल नंबर व बैंक खाता जन आधार कार्ड से लिंक है. सरकार ने इस योजना में महिला श्रमिकों, एससी-एसटी और बीपीएल परिवारों को प्राथमिकता देने की बात भी कही है.
-
Posted By: Kisan India
हरियाणा राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग शुरू, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सबसे पहले डाला वोट
हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए सोमवार सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हो गया है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सबसे पहले अपना वोट डालकर मतदान प्रक्रिया की शुरुआत की. इस चुनाव में भाजपा के संजय भाटिया, कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध और भाजपा समर्थित निर्दलीय सतीश नांदल मैदान में हैं. राजनीतिक नजर से यह चुनाव काफी अहम माना जा रहा है क्योंकि भाजपा के पास पहले दोनों सीटें थीं और पार्टी उन्हें बरकरार रखने की कोशिश में है. वहीं कांग्रेस के 31 विधायक कसौली से चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं और मतदान से पहले नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर जुटने वाले हैं. मुख्य मुकाबला कर्मवीर बौद्ध और सतीश नांदल के बीच माना जा रहा है, जबकि क्रॉस वोटिंग की आशंका पर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं.
-
Posted By: Kisan India
हिमाचल प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट, कई इलाकों में बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम लगातार बदल रहा है. राजधानी शिमला और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई है, जबकि कुल्लू और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है. फिलहाल कई जगहों पर घने बादल छाए हुए हैं और अटल सुरंग तथा मनाली की ऊपरी पहाड़ियों पर हल्की बर्फबारी हो रही है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए शिमला, कुल्लू और मंडी जिलों में तेज हवाओं, बिजली गिरने और हल्की बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. IMD के अनुसार 21 मार्च तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश और हिमपात हो सकता है, जबकि कई जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है.
-
Posted By: Kisan India
हरियाणा-पंजाब में बारिश और आंधी का अलर्ट, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से हरियाणा और पंजाब में मौसम अचानक बदल सकता है. सोमवार को कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. खराब मौसम को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दोनों राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. अगले 24 घंटों के दौरान मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंके 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं. लगातार बादल और बारिश के कारण तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.
-
Posted By: Kisan India
कोच्चि से दुबई जा रही एमिरेट्स फ्लाइट बीच रास्ते से लौटी, 325 यात्रियों के साथ विमान सुरक्षित उतरा
कोच्चि से दुबई जा रही एमिरेट्स एयरलाइंस की फ्लाइट EK533 को सोमवार सुबह सुरक्षा कारणों से वापस कोच्चि एयरपोर्ट लौटना पड़ा. यह फ्लाइट सुबह 4:30 बजे 325 यात्रियों को लेकर कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से रवाना हुई थी, लेकिन रास्ते में दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के अचानक बंद होने की सूचना मिलने के बाद विमान को वापस लौटने का निर्देश दिया गया. इसके बाद विमान सुबह करीब 8:30 बजे सुरक्षित रूप से कोच्चि हवाईअड्डे पर उतर गया. एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार यात्रियों को फिलहाल विमान में ही रहने के लिए कहा गया है और दुबई एयरपोर्ट की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही उड़ान आगे बढ़ाई जाएगी. यात्रियों से शांति बनाए रखने और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.
-
Posted By: Kisan India
चारधाम यात्रा 2026 के लिए जबरदस्त उत्साह, एक हफ्ते में 5.18 लाख से ज्यादा पंजीकरण
इस साल शुरू होने जा रही चारधाम यात्रा 2026 को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है. यात्रा 19 अप्रैल से शुरू होगी और इसके लिए पर्यटन विभाग ने 6 मार्च से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू किया था. सिर्फ एक हफ्ते में ही 5.18 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने यात्रा के लिए पंजीकरण करा लिया है. इनमें सबसे ज्यादा 1,73,157 पंजीकरण केदारनाथ धाम के लिए हुए हैं. इसके अलावा बदरीनाथ के लिए 1,52,478, गंगोत्री के लिए 97,622 और यमुनोत्री के लिए 95,606 श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 17 अप्रैल से हरिद्वार, ऋषिकेश, नया गांव और हरबर्टपुर सहित 50 केंद्रों पर ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी शुरू की जाएगी. पिछले साल करीब 70 लाख लोगों ने पंजीकरण कराया था, जबकि लगभग 49 लाख श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन किए थे.
-
Posted By: Kisan India
दो महीने में खुल सकता है गंगा एक्सप्रेसवे, मेरठ से प्रयागराज का सफर होगा तेज और आसान
उत्तर प्रदेश में बन रहा 594 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेसवे जल्द ही लोगों के लिए खोल दिया जाएगा. स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ मनोज कुमार ने मेरठ में निरीक्षण के दौरान बताया कि एक्सप्रेसवे का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और केवल साइड की दीवार का थोड़ा काम बाकी है, जिसे अगले एक महीने में पूरा कर लिया जाएगा. यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज के बीच यात्रा को काफी आसान और तेज बना देगा. छह लेन वाले इस एक्सप्रेसवे पर वाहनों की अधिकतम रफ्तार 120 किमी प्रति घंटा रखी जाएगी और भविष्य में इसे आठ लेन तक बढ़ाया जा सकेगा. बिजौली के पास खड़खड़ी में टोल प्लाजा तैयार हो चुका है, जहां अत्याधुनिक तकनीक के जरिए वाहन बिना रुके टोल पार कर सकेंगे. खास बात यह भी है कि एक्सप्रेसवे पर चार स्थानों पर लड़ाकू विमानों के लिए हवाई पट्टियां भी बनाई जा रही हैं.
-
Posted By: Kisan India
वैश्विक युद्ध का असर भारतीय कॉफी कारोबार पर, मलनाड क्षेत्र में कीमतों और निर्यात को लेकर बढ़ी अनिश्चितता
अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे तनाव का असर अब भारत के कॉफी कारोबार पर भी दिखाई देने लगा है. कर्नाटक के मलनाड क्षेत्र—जिसमें चिक्कमगलूरु, हासन और कोडागु जिले शामिल हैं—वहां कॉफी किसानों और व्यापारियों के बीच बाजार को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है. समुद्री मार्गों में रुकावट के कारण भारतीय कॉफी को यूरोप भेजने में ज्यादा समय लग रहा है और शिपिंग लागत भी बढ़ गई है. इससे कॉफी की कीमतों पर दबाव पड़ रहा है. एक सप्ताह पहले रोबस्टा कॉफी की कीमत करीब 370 रुपये प्रति किलो थी, जो अब घटकर लगभग 350 रुपये प्रति किलो रह गई है. निर्यात को लेकर अनिश्चितता के कारण कई व्यापारी फिलहाल कॉफी खरीदने से बच रहे हैं, जिससे किसानों के सामने फसल बेचने को लेकर दुविधा बनी हुई है.
-
Posted By: Kisan India
ओडिशा के कटक में अस्पताल में भीषण आग, 10 मरीजों की मौत
ओडिशा के कटक स्थित SCB मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के ट्रॉमा केयर विभाग में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार इस आग में कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गई है. यह आग सुबह करीब 2:30 से 3 बजे के बीच ICU में लगी, जहां गंभीर मरीजों का इलाज चल रहा था. हादसे के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और कई मरीजों को तुरंत दूसरे वार्ड और ICU में शिफ्ट किया गया. खबर मिलने के बाद मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. आग बुझाने के दौरान करीब 11 अस्पताल कर्मचारियों के झुलसने की भी खबर है, जबकि 5 घायल मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है. फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है.
-
Posted By: Kisan India
राज्यसभा चुनाव आज: बिहार, ओडिशा और हरियाणा की 11 सीटों पर मतदान, शाम तक आएंगे नतीजे
राज्यसभा की 11 सीटों के लिए आज मतदान कराया जा रहा है. इन सीटों में बिहार की 5, ओडिशा की 4 और हरियाणा की 2 सीटें शामिल हैं. मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नतीजे भी आज ही घोषित किए जाएंगे. गौरतलब है कि इस बार देशभर में राज्यसभा की कुल 37 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं, जिनमें से 26 सीटों पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं. अब बाकी सीटों के लिए होने वाले मतदान पर राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है.
-
Posted By: Kisan India
बिहार में मौसम का बदलेगा मिजाज, कई जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट
बिहार में भी मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार 15 से 17 मार्च के बीच राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ आंधी और बारिश हो सकती है. पटना, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, मधेपुरा, कटिहार, भागलपुर, सहरसा, खगड़िया, बांका, जमुई, मुंगेर, बेगूसराय, लखीसराय, नवादा, नालंदा और गया समेत कई जिलों में वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है. इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. हालांकि मौसम में इस बदलाव के बाद सप्ताह के अंत तक तापमान फिर बढ़ने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर दोबारा तेज हो सकता है.
-
Posted By: Kisan India
बंगाल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: चुनाव आयोग ने मुख्य सचिव और गृह सचिव को हटाया
विधानसभा चुनाव की घोषणा के तुरंत बाद चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है. आयोग ने राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती को पद से हटाकर उनकी जगह दुष्यंत नारियावाला को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है. इसके साथ ही गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा को भी पद से हटाकर संघमित्रा घोष को नया गृह सचिव बनाया गया है. चुनाव आयोग ने यह आदेश रविवार रात जारी किया. आयोग का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए यह प्रशासनिक फेरबदल किया गया है.
-
Posted By: Kisan India
पश्चिम एशिया के लिए आज से 48 उड़ानें शुरू, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बढ़ाई सेवाएं
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने पश्चिम एशिया के लिए उड़ानों की संख्या बढ़ाने की घोषणा की है. दोनों एयरलाइंस सोमवार 16 मार्च से कुल 48 शेड्यूल और नॉन-शेड्यूल उड़ानें संचालित करेंगी. एयरलाइन की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इन उड़ानों में जेद्दा और मस्कट जैसे प्रमुख शहरों के लिए नियमित सेवाएं भी शामिल हैं. इस कदम से पश्चिम एशिया जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है और हवाई सेवाओं को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी.
-
Posted By: Kisan India
यूपी में मौसम बदलेगा करवट, कई जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में गर्मी तेजी से बढ़ रही है और कई जिलों में तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. इस बीच मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में मौसम बदलने की संभावना जताई है. पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में तेज हवाओं, आंधी और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, बिजनौर, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में आकाशीय बिजली और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है. हालांकि बुंदेलखंड और मध्य यूपी में केवल बादल छाए रहने की संभावना है. मौसम में इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है, वहीं तेज हवाओं और ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को नुकसान का खतरा भी बना हुआ है.
-
Posted By: Kisan India
उत्तराखंड-हिमाचल में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार देहरादून और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है. हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली और पहाड़ी इलाकों में भी बारिश और हल्की बर्फबारी का अनुमान है. मौसम में इस बदलाव से पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है और कई पर्यटन स्थलों पर मौसम सुहावना बना रहेगा. वहीं कुछ इलाकों में कोहरा भी देखने को मिल सकता है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है.
-
Posted By: Kisan India
दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट, अगले 2–3 दिन गर्मी से राहत
दिल्ली-एनसीआर में रविवार सुबह अचानक मौसम बदल गया और गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई. ठंडी हवाओं और बारिश की बौछारों से लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए तेज हवाओं, बिजली गिरने और मध्यम बारिश की चेतावनी दी है. वहीं नोएडा और गुरुग्राम के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. अगले दो दिनों तक बादलों की आवाजाही और बीच-बीच में हल्की बारिश होने की संभावना है. मौसम में इस बदलाव से तापमान में गिरावट आएगी और अगले 2–3 दिन मौसम सुहावना रह सकता है. सोमवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान करीब 18°C और अधिकतम 28°C रहने का अनुमान है, जबकि तेज हवाओं के कारण प्रदूषण के स्तर में भी कुछ सुधार हो सकता है.