Today Weather: देश के कई हिस्सों में सर्दी अब पहले जैसी तीखी नहीं रह गई है, लेकिन इसी बीच मौसम को लेकर चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है. India Meteorological Department (IMD) ने 13 फरवरी से लेकर अगले कुछ दिनों तक देश के अलग-अलग राज्यों में बारिश, तेज हवा और घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक कुछ इलाकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, वहीं कई राज्यों में तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है.
किन राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन राज्यों में बारिश की संभावना जताई है, उनमें अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु, पुडुचेरी और लद्दाख शामिल हैं. इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में 16 और 17 फरवरी के दौरान बारिश होने का अनुमान है. इन राज्यों में मौसम अचानक बदल सकता है, जिससे ठंड में एक बार फिर इजाफा महसूस किया जा सकता है. खास बात यह है कि पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ-साथ बर्फबारी की भी आशंका जताई जा रही है.
उत्तर भारत के 27 जिलों में घना कोहरा
उत्तर भारत में मौसम की सबसे बड़ी परेशानी इस समय कोहरा बना हुआ है. मौसम विभाग ने उत्तर भारत के करीब 27 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है. 13 फरवरी को उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, आगरा, अमेठी, बाराबंकी, मैनपुरी, बहराइच, बुलंदशहर, चंदौली, चित्रकूट, अयोध्या, प्रयागराज, गोरखपुर, शामली, सीतापुर और झांसी में मध्यम से घने कोहरे की चेतावनी दी गई है.
इसके साथ ही हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद, कुरुक्षेत्र, सोनीपत, हिसार, झज्जर और पानीपत में भी सुबह के समय कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है. पंजाब के लुधियाना, अमृतसर, फिरोजपुर, होशियारपुर, पटियाला और कपूरथला में भी विजिबिलिटी कम रहने की आशंका है.
दिल्ली में बादल रहेंगे, लेकिन बारिश नहीं
राजधानी दिल्ली में 13 फरवरी को मौसम राहत भरा रहने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री के बीच रह सकता है. आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है. सुबह के समय 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की हवा चल सकती है, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा.
उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में आज मौसम सामान्य तौर पर साफ रहेगा. बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन कई जिलों में घना कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है. लखनऊ, कानपुर, मथुरा, अयोध्या, प्रयागराज, आगरा, गोरखपुर, गाजियाबाद और देवरिया में कोहरे का असर देखने को मिल सकता है. राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
बिहार में कोहरा बढ़ाएगा परेशानी
बिहार में 13 फरवरी को आसमान साफ रहेगा और बारिश की कोई चेतावनी नहीं है. हालांकि 10 से ज्यादा जिलों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, सहरसा, कटिहार, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी जैसे जिलों में सुबह के समय दृश्यता काफी कम हो सकती है.
राजस्थान और मध्य प्रदेश का हाल
राजस्थान में आज मौसम साफ रहेगा, लेकिन 17 फरवरी को जयपुर और आसपास के जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है. भरतपुर, अलवर, अजमेर, बारां, भीलवाड़ा और बीकानेर में मध्यम से घना कोहरा छा सकता है. जयपुर में अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
मध्य प्रदेश में 13 फरवरी को बारिश की कोई चेतावनी नहीं है. दिन में ठंड से राहत मिलेगी, लेकिन 16 फरवरी के बाद भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, सागर, रीवा, सतना और छिंदवाड़ा में बादल छाने की संभावना है.
पहाड़ी राज्यों में फिर बढ़ेगी ठंड
उत्तराखंड में 16 फरवरी से मौसम बिगड़ सकता है. नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल और चमोली में बारिश की संभावना है. बद्रीनाथ में तापमान -16 डिग्री, केदारनाथ में -15 डिग्री और आदि कैलाश में करीब -20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है. हिमाचल प्रदेश में भी 16 और 17 फरवरी को कांगड़ा, शिमला और धर्मशाला में बारिश हो सकती है.
वहीं जम्मू-कश्मीर में आज जम्मू, श्रीनगर, कठुआ, उधमपुर, पुंछ और डोडा में बारिश की संभावना जताई गई है. श्रीनगर में अधिकतम तापमान 9 डिग्री और न्यूनतम शून्य डिग्री के आसपास रह सकता है.