Today’s Top News List: कमर्शियल LPG की कीमत में 183 रुपये की कटौती, अन्नपूर्णा भंडार योजना की पहली किस्त जारी, दिनभर की बड़ी खबरें यहां पढ़ें

Latest Agriculture News in Hindi: मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता ने बताया कि आज 1 जुलाई से दिल्‍ली ईवी पॉलिसी-2026 लागू होने जा रही है. सीएम ने कहा कि यह नीति केवल इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने के लिए प्रोत्‍साहन देने तक सीमित नहीं है, बल्कि मार्च 2030 तक परिवहन व्‍यवस्‍था में संरचनात्‍मक बदलाव, चार्जिंग अवसंरचना के विस्‍तार और विभिन्‍न वाहन श्रेणियों के चरणबद्ध विद्युतीकरण का व्‍यापक दृष्टिकोण प्रस्‍तुत करती है. आज दिनभर की कृषि समाचार (Krashi Samachar) अपडेट्स आपको यहां मिलेंगे.

Agriculture News in Hindi: उत्तर प्रदेश में मानसून ने दस्तक दे दी है. आज कानपुर, उन्नाव, पीलीभीत, हमीरपुर, अम्बेडकर नगर समेत आसपास के जनपदों में रात से रुक-रुक कर हो रही बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून प्रदेश में प्रवेश कर चुका है और आगामी दो दिनों में प्रदेश में कई स्थानों पर भारी वर्षा का अनुमान है. आज दिनभर की कृषि समाचार (Krashi Samachar) अपडेट्स आपको यहां मिलेंगे.

नोएडा | Updated On: 1 Jul, 2026 | 08:15 PM
The liveblog has ended.
  • Posted By: Isha Gupta

    01 Jul 2026 07:02 PM (IST)

    बिहार में बनेगी फिल्म सिटी, युवाओं को मिलेगा रोजगार, शपथ लेते ही पवन सिंह का बड़ा ऐलान!

    पटना में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नव-निर्वाचित बीजेपी एमएलसी और भोजपुरी अभिनेता-गायक पवन सिंह ने कहा कि वह अभिनय और गायन का काम बिहार में रहकर ही जारी रखना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि राज्य में फिल्म सिटी बननी चाहिए, ताकि अभिनय और गायन के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहने वाले युवाओं को बेहतर मंच और रोजगार के अवसर मिल सकें. पवन सिंह ने कहा कि वह बिहार में फिल्म सिटी की स्थापना के लिए पूरा प्रयास करेंगे.

  • Posted By: Isha Gupta

    01 Jul 2026 06:50 PM (IST)

    CM सम्राट चौधरी के नेतृत्व में आगे बढ़ेगा बिहार, नीतीश कुमार के बेटे निशांत का बड़ा बयान

    पटना में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री और नव-निर्वाचित जेडीयू एमएलसी निशांत कुमार ने कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार ने पिछले 20 साल में राज्य के विकास के लिए कई बड़े काम किए हैं. उन्होंने कहा कि अब वह इस विकास को हर व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे. निशांत कुमार ने दावा किया कि सड़क, बिजली, पानी समेत कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम हुआ है और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में विकास की यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी.

  • Posted By: Isha Gupta

    01 Jul 2026 06:35 PM (IST)

    व्हाट्सऐप के नए फीचर पर सरकार की नजर, फर्जी पहचान का खतरा बढ़ा तो मेटा को भेजा जा सकता है नोटिस

    सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार व्हाट्सऐप के नए यूजरनेम फीचर की कानूनी और सुरक्षा पहलुओं से जांच करेगी. सरकार को आशंका है कि इस फीचर का गलत इस्तेमाल कर फर्जी पहचान के मामले बढ़ सकते हैं. यदि जांच में यह फीचर जोखिम भरा पाया गया, तो सरकार इसे रोकने के कानूनी विकल्पों पर विचार कर सकती है और मेटा (Meta) को कानूनी नोटिस भी भेजा जा सकता है. फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.

  • Posted By: Isha Gupta

    01 Jul 2026 06:20 PM (IST)

    CM धामी का बड़ा ऐलान, हर बच्चे को मिलेगी अच्छी शिक्षा, अल्पसंख्यक छात्रों पर भी खास फोकस

    देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि उत्तराखंड के हर बच्चे को, चाहे वह किसी भी पृष्ठभूमि से हो, अच्छे संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के माध्यम से सभी अल्पसंख्यक समुदायों के बच्चों को समान अवसर और बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल बने और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें.

  • Posted By: Isha Gupta

    01 Jul 2026 06:04 PM (IST)

    CM नायब सैनी ने खुद भरा SIR फॉर्म, हरियाणा के लोगों से की इस अभियान में बढ़-चढ़कर जुड़ने की अपील

    हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नारायणगढ़ में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरा. इस दौरान उन्होंने राज्य के लोगों से भी इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और सही जानकारी देकर मतदाता सूची को अपडेट रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह अभियान लोकतंत्र को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

  • Posted By: Isha Gupta

    01 Jul 2026 05:48 PM (IST)

    HTET परीक्षा को लेकर सरकार अलर्ट, CM नायब सिंह सैनी ने तैयारियों की खुद की समीक्षा

    हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रस्तावित हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) की तैयारियों को लेकर एक अहम बैठक की. बैठक में परीक्षा की व्यवस्था, सुरक्षा, पारदर्शिता और अन्य जरूरी इंतजामों की समीक्षा की गई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक आयोजित कराई जाए.

  • Posted By: Isha Gupta

    01 Jul 2026 05:30 PM (IST)

    अन्नपूर्णा योजना पर बंगाल सरकार का बड़ा दावा, 1.30 करोड़ महिलाओं के खाते में पहुंची राशि

    कोलकाता में पश्चिम बंगाल सरकार की अन्नपूर्णा योजना को लेकर मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आज 1 करोड़ 30 लाख महिलाओं के बैंक खातों में योजना की राशि भेजी है. उन्होंने दावा किया कि इससे विपक्ष के आरोप गलत साबित हुए हैं. मंत्री ने कहा कि योजना का लाभ केवल पात्र नागरिकों को ही मिलेगा. उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे इस राशि का कुछ हिस्सा बचाकर छोटे कारोबार, जैसे पोल्ट्री फार्म या सिलाई का काम शुरू करें, ताकि वे खुद आत्मनिर्भर बनें और अन्य महिलाओं को भी रोजगार दे सकें.

  • Posted By: Isha Gupta

    01 Jul 2026 05:16 PM (IST)

    धान महोत्सव में किसानों को बड़ी सौगात, 3,941 कोदो-कुटकी उत्पादकों के खाते में पहुंची बोनस राशि

    मध्य प्रदेश के सिवनी में आयोजित धान महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 3,941 कोदो-कुटकी उगाने वाले किसानों के खातों में करीब 2.83 करोड़ रुपये की बोनस राशि भेजी. इसके अलावा 16,754 श्रमिक परिवारों को 365 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई और 494.16 करोड़ रुपये की 629 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व भूमिपूजन भी किया गया.

  • Posted By: Isha Gupta

    01 Jul 2026 05:01 PM (IST)

    केतन अग्रवाल मर्डर केस में जांच तेज! दोनों आरोपी आमने-सामने, पुलिस कर रही बयानों की पड़ताल

    महाराष्ट्र के लोनावला में चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच तेज हो गई है. आरोपी सिया गोयल को लोनावला ग्रामीण पुलिस थाने लाया गया है. इससे पहले आरोपी चेतन चौधरी को लोहागढ़ किले पर क्राइम सीन रीक्रिएशन के बाद वापस थाने लाया गया. अब पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अब तक दिए गए उनके बयानों का मिलान और सत्यापन कर रही है, ताकि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सके.

  • Posted By: Isha Gupta

    01 Jul 2026 04:45 PM (IST)

    अन्नपूर्णा भंडार योजना की पहली किस्त जारी, 1.10 करोड़ महिलाओं के खाते में पहुंचे 3,000 रुपये

    Annapurna Yojana: पश्चिम बंगाल सरकार ने अन्नपूर्णा भंडार योजना के तहत 1.10 करोड़ महिलाओं के बैंक खातों में 3,000 रुपये की पहली किस्त भेज दी है. इस योजना के लिए 1.60 करोड़ आवेदन आए थे, लेकिन नागरिकता और निवास संबंधी दस्तावेजों में गड़बड़ी के कारण 26 लाख आवेदन खारिज कर दिए गए.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    01 Jul 2026 04:29 PM (IST)

    कमर्शियल LPG की कीमत में 183.50 रुपये की कटौती

    नई दिल्ली: (1 जुलाई) होटलों और रेस्तरां में इस्तेमाल होने वाली कमर्शियल LPG की कीमतों में बुधवार को 19-kg सिलेंडर पर 183.50 रुपये की कटौती की गई - यह इस साल कीमतों में पहली कमी है. तेल कंपनियों ने बताया कि अब कमर्शियल LPG की कीमत 19-kg सिलेंडर के लिए 2,930 रुपये है.

    पिछले महीने कमर्शियल LPG की कीमतें 19-kg सिलेंडर के लिए 3,113 रुपये के अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई थीं, क्योंकि पश्चिम एशिया संकट के कारण कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया था.

    पश्चिम एशिया संकट के कारण दुनिया भर में ऊर्जा आपूर्ति में रुकावट आई थी, जिसके बाद कई बार कीमतों में बढ़ोतरी हुई थी; उसके बाद कमर्शियल कुकिंग गैस की कीमतों में यह पहली कटौती है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    01 Jul 2026 04:10 PM (IST)

    जम्मू-कश्मीर में किसान क्रेडिट कार्ड ऋण में ‘घोटाले’ का पर्दाफाश

    श्रीनगर: एक जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर अपराध शाखा की आर्थिक अपराध जांच इकाई ने जम्मू-कश्मीर बैंक के एक दिहाड़ी कर्मचारी द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण में कथित तौर पर हेरफेर किए जाने का पर्दाफाश किया है. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी.

    अधिकारियों ने बताया कि कर्मचारी ने बैंक के लॉगिन संबंधी गोपनीय विवरण का कथित तौर पर दुरुपयोग कर रकम निकाल ली. उन्होंने बताया कि कर्मचारी ने खुद एवं अपने परिवार के सदस्यों को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए यह धोखाधड़ी की, जिससे बैंक को नुकसान हुआ.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    01 Jul 2026 04:07 PM (IST)

    वीबी-जी राम जी अधिनियम निरस्त किया जाए, मनरेगा फिर से लागू हो: कांग्रेस

    नयी दिल्ली: एक जुलाई : कांग्रेस ने बुधवार को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) की जगह ‘विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम’ लागू होने को ग्रामीण भारत के लिए बड़ा झटका करार दिया और कहा कि वह इस अधिनियम को निरस्त कराने और मनरेगा की बहाली के लिए सड़क से संसद तक अपना संघर्ष जारी रखेगी. पार्टी के लोकसभा सदस्य और गामीण विकास संबंधी संसद की स्थायी समिति के अध्यक्ष सप्तगिरि उलाका ने यह दावा भी किया कि नई योजना के कारण राज्यों में अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    01 Jul 2026 03:56 PM (IST)

    कॉजपा का प्रदर्शन 12वें दिन भी जारी; आइसा ने अनशन पर बैठे छात्रों के स्वास्थ्य को लेकर जताई चिंता

    नयी दिल्ली: एक जुलाई (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) का जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन बुधवार को 12वें दिन भी जारी रहा, जबकि नागरिक अधिकार कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का यह चौथा दिन है और उन्होंने कहा कि वे ठीक महसूस कर रहे हैं, हालांकि थोड़ी थकान है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    01 Jul 2026 03:41 PM (IST)

    ‘जी राम जी’ के तहत मजदूरी दर बहुत कम, यह श्रमिकों का अपमान है: कांग्रेस

    नयी दिल्ली: एक जुलाई : कांग्रेस ने मंगलवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा अधिसूचित ‘विकसित भारत-जी राम जी’ योजना के तहत श्रमिकों के लिए निर्धारित दैनिक मजदूरी दर “बेहद कम और अनुचित” है तथा यह देश के श्रमिकों का अपमान और आर्थिक दृष्टि से अविवेकपूर्ण नीति है. मुख्य विपक्षी दल ने यह भी कहा कि वह इस नए कानून को निरस्त कराने और महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) की बहाली के लिए सड़क से लेकर संसद तक अपना संघर्ष जारी रखेगी.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    01 Jul 2026 03:29 PM (IST)

    आप है ‘सच्ची सनातनी’ पार्टी, भाजपा ने वोट के लिए राम के नाम का इस्तेमाल किया: केजरीवाल

    नयी दिल्ली: एक जुलाई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी ‘‘सच्ची सनातनी’’ है और उसने सनातन मूल्यों के प्रति सच्ची श्रद्धा के साथ काम किया है जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘‘राजनीतिक लाभ के लिए भगवान राम के नाम का इस्तेमाल किया.’ केजरीवाल ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा अपने भाषणों और चुनाव प्रचार में भगवान राम और राम मंदिर का अक्सर जिक्र करती है, लेकिन उसके वरिष्ठ नेताओं ने अब तक मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना तक ‘‘नहीं की’’.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    01 Jul 2026 03:11 PM (IST)

    राजस्थान: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रक की टक्कर में आठ लोगों की मौत, कई अन्य घायल

    जयपुर: एक जुलाई (भाषा) राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक बस के ट्रक से टकरा जाने के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई और 24 अन्य घायल हो गए. पुलिस के अनुसार, यह हादसा कोलवा थाना क्षेत्र में धनावड़ा के पास हुआ.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    01 Jul 2026 02:58 PM (IST)

    गोवध पर रोक लगाने के आदेश के खिलाफ उच्चतम न्यायालय पहुंची तमिलनाडु सरकार

    नयी दिल्ली: एक जुलाई (भाषा) तमिलनाडु सरकार ने राज्य में गायों और बछड़ों के वध पर पूरी तरह रोक लगाने के मद्रास उच्च न्यायालय के आदेश को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी है. तमिलनाडु सरकार ने अपनी याचिका में उच्च न्यायालय के 27 मई के उस आदेश को चुनौती दी है जिसमें मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था कि राज्य में 28 मई को बकरीद की पूर्व संध्या पर या किसी भी अन्य दिन किसी गाय या बछड़े का वध न किया जाए.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    01 Jul 2026 02:38 PM (IST)

    अमरनाथ यात्रा के लिए ऑफलाइन पंजीकरण शुरू, उपराज्यपाल जम्मू से पहले जत्थे को करेंगे रवाना

    जम्मू: एक जुलाई (भाषा) वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए ऑफलाइन पंजीकरण बुधवार को शुरू हो गया हालांकि इससे एक दिन पहले ही सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु निर्धारित केंद्रों पर जमा हो गये. उपराज्यपाल मनोज सिन्हा बृहस्पतिवार को यहां भगवती नगर यात्री निवास आधार शिविर से श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को रवाना करेंगे.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    01 Jul 2026 02:22 PM (IST)

    पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में बारिश, भीषण गर्मी से मिली राहत

    चंडीगढ़: एक जुलाई (भाषा) पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में बुधवार को बारिश हुई, जिससे पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली. मौसम विभाग के आंकड़ों से यह जानकारी मिली. पंजाब में मोहाली, खरड़, पठानकोट, पटियाला और होशियारपुर में बारिश हुई, जबकि हरियाणा के अंबाला, यमुनानगर, सोनीपत, हिसार, रोहतक और करनाल के अलावा केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में भी बुधवार सुबह बारिश दर्ज की गई.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    01 Jul 2026 02:07 PM (IST)

    पश्चिम एशिया तनाव के बीच भारत का तेल आयात रिकॉर्ड स्तर पर

    नयी दिल्ली: एक जुलाई (भाषा) भारत ने पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के बीच जून में प्रतिदिन 49.3 लाख बैरल (बीपीडी) कच्चे तेल का आयात किया, जो उस महीने के लिए अब तक का सबसे अधिक रिकॉर्ड है. ऊर्जा खुफिया कंपनी केप्लर के आंकड़ों और विश्लेषण से यह जानकारी मिली. केप्लर के विश्लेषक सुमित रितोलिया ने बताया कि इस दौरान रूस से कच्चे तेल का आयात बढ़कर लगभग 26 लाख बैरल प्रति दिन हो गया, जिससे रूस भारत का सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता बना रहा.

    रूस से आयात जून में भारत के कुल तेल आयात का आधे से अधिक रहा, जबकि मई में यह 36.5 प्रतिशत था. भारत ने रूस से 21.3 लाख बैरल प्रति दिन आयात किया था. रूस 2022-23 से भारत का सबसे बड़ा कच्चा तेल आपूर्तिकर्ता बना हुआ है, क्योंकि यूरोपीय देशों द्वारा रूस से आयात घटाने के बाद भारतीय रिफाइनरियों ने रियायती रूसी तेल की खरीद बढ़ा दी थी. यह रिकॉर्ड आयात मात्रा दिखाती है कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताओं के बावजूद भारत विविध स्रोतों से कच्चे तेल की आपूर्ति बनाए रखने में सक्षम रहा है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    01 Jul 2026 01:55 PM (IST)

    असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर; एक व्यक्ति की मृत्यु, 46,000 से अधिक लोग प्रभावित

    गुवाहाटी: 30 जून: असम में मंगलवार को बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी रही, जिसमें एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई और छह जिलों में 46,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं. एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई. ब्रह्मपुत्र सहित दो प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे विभिन्न हिस्सों में बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    01 Jul 2026 01:36 PM (IST)

    बिहार में सरकारी कर्मचारियों की अवकाश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन, ऑफलाइन आवेदन बंद

    पटना: एक जुलाई। बिहार सरकार ने बुधवार से राज्य के सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अवकाश लेने की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल कर दी है. सामान्य प्रशासन विभाग ने इसकी जानकारी दी. सामान्य प्रशासन विभाग के नए निर्देश के तहत अब किसी भी प्रकार की छुट्टी के लिए ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे. राज्यकर्मी केवल मानव संसाधन प्रबंधन व्यवस्था (एचएमआरएस) पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से ही अवकाश के लिए आवेदन कर सकेंगे.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    01 Jul 2026 01:23 PM (IST)

    मौसम परिवर्तन के चलते आंगनवाड़ी केंद्रों के समय बदला गया, आदेश जारी

    मध्य प्रदेश में मौसम में आए परिवर्तन को देखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग ने बालाघाट जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन समय में संशोधन किया है. महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी सुंद्रीयाल द्वारा मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिये गए हैं. जारी आदेश के अनुसार, ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए 22 अप्रैल 2026 से आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक किया जा रहा था. वर्तमान मौसमीय परिस्थितियों को देखते हुए इस आदेश में संशोधन कर अब सभी आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन पूर्व निर्धारित समयानुसार प्रातः 9 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    01 Jul 2026 01:10 PM (IST)

    राहुल गांधी का ऐलान - अखिलेश और मैं ‘पीडीए’ की हिस्सेदारी के जरिए सामाजिक न्याय का संकल्प पूरा करेंगे

    नयी दिल्ली: 1 जुलाई। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं और कहा कि ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की हिस्सेदारी के जरिए सामाजिक न्याय का संकल्प मिलकर पूरा किया जाएगा. अखिलेश यादव का जन्म एक जुलाई, 1973 को हुआ था. वह समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पुत्र हैं। वर्ष 2012 में वह 38 वर्ष की उम्र में उत्तर प्रदेश के सबसे युवा मुख्यमंत्री बने और 2017 तक इस पद पर रहे.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    01 Jul 2026 12:57 PM (IST)

    राम मंदिर का चढ़ावा चोरी करने वालों को कैंसर होगा, दर्दनाक मौत मरेंगे- भाजपा विधायक

    उन्नाव (उप्र): 1 जुलाई । उन्नाव जिले की पुरवा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अनिल सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है जिसमें उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है कि अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावे के कथित गबन में शामिल लोगों को ‘‘कैंसर होगा’’ और वे ‘‘दर्दनाक मौत मरेंगे.’’ भाजपा विधायक ने यह कथित टिप्पणी रविवार को मौरावां में आयोजित पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान की.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    01 Jul 2026 12:49 PM (IST)

    यूपी में ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली बेसन खपाते पकड़ा गया गिरोह, 32 लाख की सामग्री जब्त

    शाहजहांपुर (उप्र): शाहजहांपुर जिले में एक मिल पर छापेमारी के बाद करीब 32 लाख रुपये मूल्य का नकली बेसन और भारी मात्रा में दालें जब्त की गई हैं. नगर पुलिस क्षेत्राधिकारी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि दिल्ली की एक कंपनी द्वारा उनके ब्रांड नाम का दुरुपयोग कर नकली बेसन बेचने का आरोप लगाए जाने के बाद यह छापेमारी की गई.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    01 Jul 2026 12:32 PM (IST)

    बंगाल: सरकार ने मनरेगा की जगह ‘वीबी-जीराम-जी’ कानून को अधिसूचित किया

    कोलकाता: 1 जुलाई (भाषा) । पश्चिम बंगाल सरकार ने एक जुलाई से मनरेगा की जगह विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) के लिए गारंटी (वीबी-जीरामजी) योजना को अधिसूचित कर दिया. इस योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों के मजदूरी आधारित रोजगार की गारंटी देने का वादा किया गया है.

    सरकार ने कहा कि यह योजना चार प्रमुख क्षेत्रों जल सुरक्षा, ग्रामीण क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे का विकास, आजीविका से जुड़ा बुनियादी ढांचा और तीव्र मौसम संबंधी घटनाओं के प्रभाव को कम करने के उद्देश्य पर केंद्रित होगी. पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, वीबी-जीरामजी योजना को अधिसूचित किया गया है, जो मनरेगा अधिनियम का स्थान लेगी.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    01 Jul 2026 12:14 PM (IST)

    असम में बाढ़ से 46 हजार से अधिक लोग प्रभावित

    गुवाहाटी: एक जुलाई (भाषा) असम में बाढ़ की स्थिति में बुधवार को भी कोई सुधार नहीं दिखा. एक आधिकारिक बुलेटिन के अनुसार, राज्य के छह जिलों में बाढ़ से 46,000 लोग प्रभावित हुए हैं. इस आपदा से धेमाजी जिला सबसे अधिक प्रभावित रहा.

    असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने मंगलवार रात बताया कि धेमाजी जिले के सिसीबोरगांव में बाढ़ के पानी में डूबने से एक महिला की मौत हो गई. इस साल बाढ़ से यह पहली मौत है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    01 Jul 2026 12:00 PM (IST)

    कांग्रेस नेताओं के बयानों को अब लोग जिम्मेदार से नहीं लेते- संजय सरावगी

    भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल के विशेषाधिकार प्रस्ताव लाने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं के बयानों को अब लोग ज़िम्मेदार से नहीं लेते. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, के.सी. वेणुगोपाल और ममता बनर्जी जैसे नेता केवल चर्चा में बने रहने के लिए इस तरह के बयान देते रहते हैं. सरावगी ने दावा किया कि जनता का समर्थन कांग्रेस से लगातार कम हो रहा है और इसी वजह से उसके नेता ऐसे बयान दे रहे हैं.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    01 Jul 2026 12:00 PM (IST)

    जून में जीएसटी कलेक्शन 14 प्रतिशत बढ़कर 1.95 लाख करोड़ रुपये दर्ज हुआ

    नयी दिल्ली: एक जुलाई (भाषा) सकल माल एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह जून में 13.9 प्रतिशत बढ़कर करीब 1.95 लाख करोड़ रुपये हो गया. बुधवार को जारी सरकारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली. घरेलू लेनदेन से सकल जीएसटी संग्रह 6.5 प्रतिशत बढ़कर लगभग 1.35 लाख करोड़ रुपये रहा, जबकि आयात से प्राप्त राजस्व 34.6 प्रतिशत बढ़कर 60,038 करोड़ रुपये हो गया.

    आंकड़ों के अनुसार, कुल ‘रिफंड’ (प्रतिदाय) जून में 29.1 प्रतिशत बढ़कर 32,436 करोड़ रुपये रहा. ‘रिफंड’ समायोजित करने के बाद शुद्ध जीएसटी संग्रह जून में 11.2 प्रतिशत बढ़कर 1.62 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    01 Jul 2026 11:41 AM (IST)

    राम मंदिर चंदा मामले में मंत्री अनिल राजभर का बड़ा बयान

    उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री अनिल राजभर ने राम मंदिर के लिए मिले चंदे में कथित हेराफेरी के मामले पर कहा कि सरकार पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वयं इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं. राजभर ने कहा कि तथ्यों के आधार पर सोच-समझकर ठोस कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    01 Jul 2026 11:26 AM (IST)

    सांसद अवधेश प्रसाद ने पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी

    समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसदअवधेश प्रसाद ने पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने कहा कि उनकी कामना है कि अखिलेश यादव 2027 तक प्रदेश के युवाओं, किसानों और सभी वर्गों के विकास के लिए काम करते रहें. वहीं, राम मंदिर चंदे में कथित गबन के आरोपों पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह कोई छोटा मामला नहीं है. उन्होंने दावा किया कि इसमें सोना, हीरा, नकदी और दान-चढ़ावे से जुड़ी बड़ी संपत्ति शामिल है. उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और इसकी जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में गठित टीम से कराई जानी चाहिए.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    01 Jul 2026 11:21 AM (IST)

    ITR दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है

    नए वित्तीय वर्ष के लिए आयकर रिटर्न (ITR) दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है. अगर कोई करदाता इस तारीख के बाद रिटर्न दाखिल करता है, तो उसे जुर्माना देना पड़ सकता है. देरी से ITR फाइल करने पर 1,000 रुपये से लेकर 5,000 रुपये तक की पेनल्टी लग सकती है. इसलिए करदाताओं को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय का इंतजार करने के बजाय समय रहते अपना रिटर्न दाखिल कर दें.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    01 Jul 2026 11:06 AM (IST)

    1 जुलाई से बदल गए ये नियम, आम लोगों पर पड़ेगा सीधा असर

    1 जुलाई 2026 से देशभर में कई महत्वपूर्ण वित्तीय और नियामकीय बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका असर आम लोगों पर पड़ेगा. इन बदलावों में आयकर रिटर्न (ITR) दाखिल करने की समयसीमा, आधार अपडेट, क्रेडिट कार्ड नियम, पासपोर्ट शुल्क और उपभोक्ता संरक्षण से जुड़े नए प्रावधान शामिल हैं. नए नियमों के तहत ITR-1 और ITR-2 भरने की अंतिम तिथि 31 जुलाई तय की गई है. वहीं, आधार कार्ड में ईमेल अपडेट कराने के लिए छह महीने की मुफ्त सुविधा भी शुरू की गई है. इसके अलावा, एसबीआई और एचडीएफसी बैंक ने अपने कुछ क्रेडिट कार्ड नियमों में बदलाव किया है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    01 Jul 2026 10:45 AM (IST)

    केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया

    अरुणाचल प्रदेश में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और किरण रिजिजू ने केयी पैन्योर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का ब्यौरा लिया. दोनों नेताओं ने प्रभावित इलाकों में हुए नुकसान की जानकारी ली और राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    01 Jul 2026 10:30 AM (IST)

    आज से 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये की कटौती

    तेल विपणन कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में बड़ी राहत दी है. आज से 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये की कटौती की गई है. इसके बाद दिल्ली में 19 किलो वाले सिलेंडर की नई कीमत 2,930 रुपये हो गई है. इसके अलावा 5 किलो वाले एफटीएल (FTL) सिलेंडर की कीमत भी 13 रुपये घटाई गई है. अब दिल्ली में 5 किलो वाले एफटीएल सिलेंडर की कीमत 808.50 रुपये होगी. नई दरें आज से लागू हो गई हैं, जिससे होटल, रेस्तरां और अन्य व्यावसायिक उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    01 Jul 2026 10:15 AM (IST)

    5 रुपये लीटर सस्ता हुआ पेट्रोल, इस कंपनी ने घटाया रेट

    देश की सबसे बड़ी निजी ईंधन रिटेलर कंपनियों में से एक नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती की है. कंपनी ने पेट्रोल के दाम 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर कम कर दिए हैं. नई कीमतें बुधवार से लागू हो गई हैं. कंपनी ने कहा कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आने के बाद यह फैसला लिया गया है. पिछले दो वर्षों से अधिक समय में यह पहला मौका है, जब किसी ईंधन कंपनी ने खुदरा स्तर पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी की है. कीमतों में इस कटौती से निजी वाहन चालकों, परिवहन क्षेत्र और आम उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है.

    कंपनी के अनुसार, पेट्रोल और डीजल की नई कीमतें नायरा एनर्जी के देशभर में फैले 7,000 से अधिक पेट्रोल पंपों पर लागू हो गई हैं. हालांकि, अलग-अलग राज्यों में वैट (VAT) और अन्य स्थानीय करों के कारण ईंधन की अंतिम कीमतों में अंतर हो सकता है. विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग के दोबारा खुलने से कच्चे तेल और एलएनजी (LNG) की आपूर्ति सामान्य हुई है. इससे वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई, जिसके बाद नायरा एनर्जी ने ईंधन सस्ता करने का फैसला लिया.

    वहीं, सरकारी तेल विपणन कंपनियों- इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने फिलहाल पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है. देश के एक लाख से अधिक पेट्रोल पंपों में से 90 प्रतिशत से ज्यादा इन्हीं तीन कंपनियों के नियंत्रण में हैं.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    01 Jul 2026 09:55 AM (IST)

    भारतीय सेना के प्रमुख जनरल धीरज सेठ को आर्मी चीफ के रूप में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया

    भारतीय सेना के प्रमुख जनरल धीरज सेठ को आर्मी चीफ के रूप में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इस भावुक मौके पर उन्होंने अपने पिता, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल के.एम. सेठ को सैल्यूट किया. वहीं, उनके छोटे भाई और भारतीय नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी रवीनीश सेठ ने भी उन्हें सैल्यूट कर सम्मान दिया. यह पल परिवार के लिए गर्व और सम्मान का प्रतीक बन गया.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    01 Jul 2026 09:44 AM (IST)

    JMM के नेता ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा

    झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेता मनोज पांडे ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि पहले कितनी बार कीमतें बढ़ाई गईं और अब कितनी कमी की गई है. उनका आरोप है कि संकट का हवाला देकर जनता को गुमराह किया गया. मनोज पांडे ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतें काफी कम हैं, लेकिन इसका फायदा आम लोगों तक नहीं पहुंच रहा है. उन्होंने सरकार को गरीब विरोधी बताते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल और अन्य जरूरी चीजों के दाम बढ़ाए गए, जिससे लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा. उन्होंने सवाल उठाया कि जब वैश्विक बाजार में कीमतें घटी हैं, तो आम जनता को उसका लाभ क्यों नहीं दिया जा रहा है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    01 Jul 2026 09:26 AM (IST)

    शिवराज सिंह चौहान और किरेन रिजिजू ने केयी पैन्योर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया

    अरुणाचल प्रदेश में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और किरेन रिजिजू ने केयी पैन्योर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया. दोनों नेताओं ने हेलीकॉप्टर से प्रभावित इलाकों का जायजा लेकर बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन किया. इस दौरान राहत और पुनर्वास कार्यों की स्थिति की भी समीक्षा की गई. केंद्र सरकार ने प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता देने और जरूरी सुविधाओं को जल्द बहाल करने का भरोसा दिया है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    01 Jul 2026 09:10 AM (IST)

    आज का दिन ऐतिहासिक, मनरेगा को VB-G-RAM-G नाम से लागू कर दी गई- शिवराज सिंह चौहान

    अरुणाचल प्रदेश में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है, क्योंकि मनरेगा (MGNREGA) की जगह नई योजना VB-G-RAM-G लागू कर दी गई है. उन्होंने बताया कि इस योजना में 100 दिनों के बजाय 125 दिनों तक रोजगार देने का प्रावधान किया गया है. शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार ने इस योजना के लिए चालू वित्त वर्ष में 95,600 करोड़ रुपये से अधिक का बजट रखा है और सभी राज्यों ने भी इसके लिए अपने बजट में प्रावधान किया है. उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतें गांवों के विकास की योजना तैयार करेंगी और ग्रामीण मिलकर तय करेंगे कि उनके गांव में कौन-कौन से विकास कार्य किए जाएं. उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य गांवों को मजबूत बनाना और "विकसित भारत" के लक्ष्य को हासिल करने के लिए "विकसित गांव" का निर्माण करना है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    01 Jul 2026 08:55 AM (IST)

    अरुणाचल प्रदेश और असम में बाढ़ से भारी नुकसान, कई इलाकों में हालात काफी गंभीर- केंद्रीय मंत्री

    केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश और असम में आई बाढ़ से भारी नुकसान हुआ है और कई इलाकों में हालात काफी गंभीर हैं. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के निर्देश पर वह प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने पहुंचे हैं. मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राहत और बचाव कार्य जारी हैं, लेकिन कई लोगों के घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, मकानों में मलबा भरा हुआ है, फसलें बर्बाद हो गई हैं और कई रास्ते बंद हैं. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस मुश्किल समय में अरुणाचल प्रदेश के साथ खड़ी है. नुकसान का आकलन कर प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता देने का प्रयास किया जाएगा. साथ ही, सड़क, संचार और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को बहाल करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त मदद भी दी जाएगी.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    01 Jul 2026 08:40 AM (IST)

    केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ईटानगर स्थित लोकभवन परिसर में पौधारोपण किया

    अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोकभवन परिसर में पौधारोपण किया. इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया. कार्यक्रम में अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    01 Jul 2026 08:24 AM (IST)

    हरियाणा में गेहूं घोटाला, गोदाम से करीब 9500 बोरी अनाज गायब

    हरियाणा के करनाल जिले में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की संयुक्त जांच में कुंजपुरा गोदाम से करीब 9,500 और गेहूं के कट्टे गायब मिलने का मामला सामने आया है. इसके साथ ही पिछले एक वर्ष में गोदाम से गायब गेहूं के कट्टों की कुल संख्या लगभग 14,000 तक पहुंच गई है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    01 Jul 2026 08:10 AM (IST)

    दिल्ली के नजफगढ़ रोड स्थित बिल्डिंग में आग लग गई

    दिल्ली के नजफगढ़ रोड स्थित विजय सेल्स की एक बिल्डिंग में आग लग गई. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं. फिलहाल आग लगने के कारण और किसी तरह के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है. मामले में अधिक जानकारी का इंतजार है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    01 Jul 2026 07:48 AM (IST)

    हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में कैसा रहेगा मौसम

    भारत मौसम विज्ञान विभाग ने हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है. हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर, हमीरपुर, सोलन, बिलासपुर और कुल्लू जिलों में बारिश और तूफान की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, इन इलाकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    01 Jul 2026 07:32 AM (IST)

    70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं

    मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन इलाकों में 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है. वहीं, आईएमडी ने बिहार और झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में मौसम खराब रहने और आंधी-तूफान आने की संभावना है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    01 Jul 2026 07:16 AM (IST)

    लुधियाना में किसान मक्का की खेती से बना रहे दूरी

    लुधियाना में कृषि वैज्ञानिकों और कृषि विभाग की बार-बार की सलाह के बावजूद किसान पानी की अधिक खपत वाली खरीफ मक्का की खेती करने से पीछे नहीं हट रहे हैं. इससे जिले में भूजल स्तर पर दबाव बढ़ने की चिंता फिर से गहरा गई है. जिला कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस साल समर और स्प्रिंग मक्का की खेती करीब 15,500 हेक्टेयर क्षेत्र में की गई है. पिछले साल यह रकबा लगभग 16,000 हेक्टेयर था. अधिकारियों का कहना है कि रकबे में आई यह मामूली कमी खेती के रुझान में किसी बड़े बदलाव का संकेत नहीं देती है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    01 Jul 2026 07:00 AM (IST)

    23 राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी

    भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के 23 राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में कई इलाकों में मॉनसून की गतिविधियां तेज हो सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, असम, त्रिपुरा, मेघालय, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, सिक्किम, तेलंगाना और कर्नाटक में मौसम खराब रह सकता है.

Agriculture News in Hindi Live Updates: केरल में मॉनसून के प्रवेश करने के बाद से मौसम हर दिन करवट बदल रहा है. तटीय राज्यों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की जा रही है. जबकि, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में अभी भी गर्मी (Heat Wave) ने परेशान कर रखा है. उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत (Weather Today) के कुछ हिस्सों में बदली के चलते तापमान कम हुआ है तो कई जगह गर्मी तेवर दिखा रही है. दिल्ली एनसीआर में गर्मी से लोगों हाल बेहाल है. (Delhi Weather Latest Updates). वहीं, पंजाब और हरियाणा, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्म हवाएं चलने का दौर जारी है. राजस्थान, झारखंड समेत कई राज्यों में गर्म हवाओं से सुबह-शाम तापमान तीजे से ऊपर जा रहा है. पीएम किसान सम्मान निधि 24वीं किस्त (PM Kisan Samman Nidhi 23rd Installment), एमएसपी गारंटी कानून (MSP Guarantee) की मांग और खरीफ सीजन (Kharif Season) की फसलों की बुवाई शुरू हो रही है. किसान आंदोलन (Farmers Protest News), खेती समाचार (Agriculture News India), सरकारी कृषि स्कीम, कृषि योजना पर सब्सिडी, पशुपालन (Animal Husbandry), खाद सब्सिडी (Fertilizer News) और उन्नत बीज (Best Seeds), फसल की नई किस्में (Crops News Verities) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं. इसके अलावा देशभर में होने वाली घटनाओं की ताजा जानकारी (Breaking News Today List) भी आप यहां पर पढ़ सकते हैं. Top News List Today

Published: 1 Jul, 2026 | 06:57 AM