Today Top News List: छत्तीसगढ़ में ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत खर्च होंगे 10,000 करोड़, नासिक में सस्ता हुआ प्याज, दिनभर की बड़ी खबरें पढ़ें

Latest Agriculture News in Hindi: राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 24 से 27 फरवरी, 2026 तक महाराष्ट्र, झारखंड और राजस्थान का दौरा करेंगी. राष्ट्रपति 24 फरवरी को मुंबई के लोक भवन में पीडी हिंदुजा अस्पताल द्वारा आयोजित किए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान 'जीवन बचाओ और स्वस्थ भारत बनाओ' का उद्घाटन करेंगी. राष्ट्रपति 25 फरवरी को केंद्रीय आयुष मंत्रालय द्वारा बुलढाणा के शेगांव में आयोजित किए जा रहे 'राष्ट्रीय आरोग्य मेला 2026' में भाग लेंगी.  राष्ट्रपति 27 फरवरी को राजस्थान के पोखरन में वायुशक्ति अभ्यास की साक्षी बनेंगी. आज दिनभर के कृषि समाचार यहां पढ़ें..

Agriculture News in Hindi: राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव आया है. राजधानी जयपुर और दौसा में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई. झुंझुनूं जिले में भी अचानक मौसम बदला और जिला मुख्यालय सहित कई स्थानों पर बूंदाबांदी हुई. मौसम केंद्र के अनुसार पूर्वी राजस्थान में बने एक मौसमी तंत्र के कारण यह बदलाव हो रहा है. आज दिनभर की कृषि समाचार (Krashi Samachar) अपडेट्स आपको यहां मिलेंगे.

नोएडा | Updated On: 24 Feb, 2026 | 07:26 PM
The liveblog has ended.
  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    24 Feb 2026 07:18 PM (IST)

    छत्तीसगढ़ बजट: महिलाओं के नाम पर खरीदी गई संपत्ति के पंजीकरण शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी

    महिलाओं और युवाओं के लिए बजट में कई खास घोषणाएं की गई हैं. महिलाओं के नाम पर खरीदी गई संपत्ति के पंजीकरण शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी. रानी दुर्गावती योजना के तहत पात्र बालिकाओं को 18 वर्ष की आयु पूरी होने पर 1.5 लाख रुपये दिए जाएंगे. मुख्यमंत्री लखपति दीदी  परिक्रमा योजना के जरिए महिला स्व-सहायता समूहों को मजबूत किया जाएगा और 250 महतारी सदनों का निर्माण होगा. रायपुर में ओबीसी छात्राओं के लिए 200 सीटों का छात्रावास बनाया जाएगा और 22 करोड़ रुपये की लागत से पांच नई नालंदा लाइब्रेरी स्थापित की जाएंगी.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    24 Feb 2026 07:02 PM (IST)

    छत्तीसगढ़ सरकार ने पेश किया बजट, कृषि पर ज्यादा फोकस

    छत्तीसगढ़ सरकार ने सोमवार को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1.72 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया. वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने 'संकल्प' थीम के तहत यह तीसरा बजट प्रस्तुत किया. इस बजट में कृषि सेक्टर पर फोकस किया गया. साथ ही महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए योजनाओं का भी ऐलान किया गया. खास बात यह है कि सिंचाई क्षेत्र में इंद्रावती नदी पर 2,024 करोड़ रुपये की लागत से एक बैराज बनाया जाएगा. इससे बस्तर में अतिरिक्त 32,000 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई की सुविधा मिलेगी. साथ ही कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार ने बड़े प्रावधान किए हैं. किसानों की आय बढ़ाने के लिए ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत 10,000 करोड़ रुपये रखे गए हैं.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    24 Feb 2026 06:40 PM (IST)

    केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने SIR पर दिया बड़ा बयान

    कोलकाता में केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने SIR को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि शुरू से ही राज्य सरकार ने असहयोग का माहौल बनाया, अधिकारियों की तैनाती नहीं की और BLO पर ज्यादा दबाव डाला। उन्होंने कहा कि 12 राज्यों में SIR बिना किसी समस्या के हो चुका है. अगर SIR में दिक्कत होती तो हर राज्य में होती, लेकिन यहां असली समस्या TMC है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    24 Feb 2026 06:25 PM (IST)

    उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के विरोध में उनके दफ्तर के बाहर प्रदर्शन

    इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने AI समिट प्रोटेस्ट मामले में अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के विरोध में उनके दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने कार्यालय के बाहर बैरिकेड्स लगा दिए हैं. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    24 Feb 2026 06:10 PM (IST)

    SIR पर यूसुफ पठान का बड़ा बयान, कहा- यह एक आधिकारिक काम है

    भारतीय क्रिकेटर और टीएमसी नेता यूसुफ पठान ने SIR को लेकर कहा कि यह एक आधिकारिक काम है और इसे अधिकारियों को ही करने देना चाहिए. वहीं, टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि टीम को अच्छी तरह पता है कि वापसी कैसे करनी है. उन्हें भरोसा है कि भारतीय टीम मजबूत वापसी करेगी और चेन्नई में अच्छे अंतर से जीत हासिल करेगी.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    24 Feb 2026 05:55 PM (IST)

    नासिक में सस्ता हुआ प्याज, कीमतों में गिरावट

    महाराष्ट्र के नासिक में प्याज की कीमतों में गिरावट आ गई है. प्याज का रेट गिरकर 500 रुपये क्विंटल पहुंच गया है. इससे किसान को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. वहीं, नाराज प्याज किसानों ने जिले के चांदवड स्थित कृषि उत्पन्न बाजार समिति (APMC) के कार्यालय पर प्रदर्शन किया. किसानों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से थोक बाजार में प्याज के दाम लगातार गिर रहे हैं, जिससे उन्हें भारी नुकसान हो रहा है. वहीं, कुछ किसानों ने अपनी मांगों को लेकर APMC परिसर में भूख हड़ताल भी शुरू कर दी है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    24 Feb 2026 05:40 PM (IST)

    महाराष्ट्र में कपास किसानों की बढ़ी मुश्किलें, कीमतों में आ सकती है गिरावट

    महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में करीब 25 फीसदी कपास अभी भी किसानों और व्यापारियों के पास पड़ी हुई है. 27 फरवरी के बाद अगर कॉटन कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (CCI) खरीद बंद कर देता है तो कीमतों में गिरावट की आशंका बढ़ गई है. बेहतर दाम पाने के लिए हजारों किसानों ने CCI में पंजीकरण कर स्लॉट बुक किए थे. अब तक जिले में CCI ने 15,74,462.4 क्विंटल कपास खरीदी है, लेकिन बड़ी मात्रा में फसल अभी भी बिना बिके पड़ी है. खरीद की आखिरी तारीख में सिर्फ एक हफ्ता बचा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    24 Feb 2026 05:25 PM (IST)

    अखिलेश यादव शायद भ्रमित हैं, भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है- मंत्री नरेंद्र कश्यप

    उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव शायद भ्रमित है इसलिए वे भाजपा के बारे में फूट डालने की बात को उभारते हैं. उन्हें याद रखना होगा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है. भाजपा तीसरी बार लगातार देश में और कई राज्यों में सरकार चला रही है. अखिलेश यादव के आरोप निराधार हैं, जनता इसपर भरोसा नहीं करेगी.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    24 Feb 2026 05:10 PM (IST)

    भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर दिग्विजय सिंह का बड़ा बयान, कही ये बात

    कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर कहा कि यह बात साफ है कि पूरी तरह से यह समझौता भारत के हित में नहीं है, यह साबित हो चुका है कि पूरी तरह से यहां के किसानों के साथ अन्याय हुआ है और हर तरह से उन्होंने बात दृढ़ता से रखी है. INDIA गठबंधन के निर्विवाद नेता पर उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर वे (राहुल गांधी) हैं.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    24 Feb 2026 04:55 PM (IST)

    11 राज्यों के साथ RKVY और कृषि उन्नति योजना की प्रगति की मैंने समीक्षा की है- केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

    केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज 11 राज्यों के साथ राष्ट्रीय कृषि विकास योजना(RKVY) और कृषि उन्नति योजना की प्रगति की मैंने समीक्षा की है. असम, अरुणाचल प्रदेश, गुजरात, बिहार, त्रिपुरा, महाराष्ट्र, केरल, मध्य प्रदेश और हरियाणा जैसे राज्यों को समय पर जो राशि केंद्र सरकार द्वारा दी गई है. वह ठीक से इस्तेमाल हो इसके लिए राज्यवार और योजनावार प्रगति की समीक्षा की गई है. हमने कहा है कि पैसा ठीक से और किसानों के कल्याण के लिए खर्च की जाए.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    24 Feb 2026 04:51 PM (IST)

    राहुल गांधी ने पूर्व आर्मी चीफ जनरल MM नरवणे की किताब का किया जिक्र, कही ये बात

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि पूर्व आर्मी चीफ जनरल MM नरवणे (सेवानिवृत्त) ने एक किताब लिखी जिसमें बताया कि जब चीनी टैंक भारतीय सीमा में घुस रहे थे, तो उन्होंने आदेश के लिए राजनाथ सिंह को फोन किया, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला. उन्होंने कहा कि अजीत डोभाल और एस जयशंकर ने भी जवाब नहीं दिया. युद्ध का फैसला प्रधानमंत्री करते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री ने जवाब नहीं दिया, वे अपने कमरे में छिप गए और आर्मी चीफ से कहा कि वे जो ठीक समझें करें. आर्मी चीफ ने लिखा कि उस दिन भारत सरकार ने उन्हें अकेला छोड़ दिया था.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    24 Feb 2026 04:40 PM (IST)

    भूपेश बघेल का बड़ा बयान, पीएम मोदी को लेकर कही ये बात

    कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिल्ली पुलिस द्वारा युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर गिरफ्तार किए जाने पर कहा कि हमारे युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी गैर कानूनी, अलोकतांत्रिक हैं. प्रधानमंत्री युवाओं से डर गए हैं. 10-12 युवक गए थे और बस शर्टलेस हुए थे उसमें हमारे युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी का मतलब है कि मोदी सरकार डरी हुई है और यह तानाशाही है, लोकतंत्र की हत्या है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    24 Feb 2026 04:24 PM (IST)

    पंजाब कैबिनेट फसल मुआवजे की मंजूरी दी, किसान गदगद

    पंजाब सरकार ने किसानों के हित में कई बड़े फैसले लिए हैं. पंजाब कैबिनेट फसल मुआवजे की मंजूरी दी है. यानी अब फसल नुकसान की मार झेल रहे किसानों के खातों में जल्द ही मुआवजा राशि जारी जारी की जाएगी. खास बात यह है कि यह मुआजवा उन किसानों के लिए मंजूरी दी गई है, जिन्होंने सरकारी जमीन पर खेती की थी और पिछले साल अगस्त–सितंबर में आए बाढ़ में नुकसान झेला था.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    24 Feb 2026 04:08 PM (IST)

    प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 4000 करोड़ का प्रावधान किया गया है- उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने छत्तीसगढ़ सरकार के बजट पर कहा कि समावेशी विकास को लेकर इस बजट का प्रावधान किया गया है. बस्तर से नक्सलवाद के समापन के साथ ही सुरक्षा और शिक्षा पर काम करना शुरू कर दिया है. अबूझमाड़ में एजुकेशन सिटी की बात बजट में की गई है. प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 4000 करोड़ का प्रावधान किया गया है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    24 Feb 2026 03:45 PM (IST)

    केरल का नाम केरलम करने की घोषणा, केंद्रीय कैबिनेट का बड़ा निर्णय

    केंद्र सरकार ने केरला का नाम केरलम करने का फैसला किया है. केंद्रीय कैबिनेट ने राज्य का नाम बदलने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है. राज्य सरकार और राज्य विधानसभा से प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी. पहले यह बिल संसद में जाएगा और राज्य की विधानसभा की अनुमति के बाद नाम बदला जाएगा.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    24 Feb 2026 03:36 PM (IST)

    J-K: डॉक्टरों के 1,000 से ज्यादा पद खाली, 480 पद JKPSC को भेजे गए

    जम्मू: (24 फरवरी) हेल्थ और मेडिकल एजुकेशन डिपार्टमेंट के बताए गए आंकड़ों के मुताबिक, जम्मू और कश्मीर में अभी डॉक्टरों के 1,000 से ज़्यादा पद खाली हैं. कश्मीर डिवीज़न में इन खाली पदों में से 797 पद खाली हैं -- जिसमें 24 सीनियर कंसल्टेंट, 253 कंसल्टेंट, 458 मेडिकल ऑफिसर और 62 डेंटल सर्जन शामिल हैं -- जबकि जम्मू डिवीज़न में फरवरी 2026 तक कंसल्टेंट के 288 पद खाली थे.

    मेडिकल और हेल्थ डिपार्टमेंट ने कहा, “जम्मू और कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के जिलों में स्पेशलिस्ट की बहुत ज़्यादा कमी नहीं है… आस-पास और दूर-दराज के इलाकों में डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए, सरकार ने हाल ही में सही कैंडिडेट चुनने के लिए मेडिकल ऑफिसर के 480 पद J-K पब्लिक सर्विस कमीशन को भेजे हैं.

  • Posted By: Saurabh Sharma

    24 Feb 2026 03:15 PM (IST)

    रेडबर्ड एयरवेज घटना पर फ्लाइट सेफ्टी चीफ का बयान, जांच जारी

    रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड की फ्लाइट सेफ्टी चीफ मोहिंदर कौर ने हाल की विमान घटना पर दुख जताते हुए कहा कि कंपनी भी इस घटना से बेहद आहत है. उन्होंने बताया कि उड़ान सामान्य रही और वापसी के समय भी विमान में किसी तरह की तकनीकी खराबी नहीं पाई गई. उनके अनुसार दोनों पायलट अनुभवी और प्रशिक्षित थे. कौर ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है और जांच एजेंसी ने मौके पर पहुंचकर कुछ जरूरी सामान जब्त किया है. रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के सही कारणों का पता चल सकेगा. (ANI)

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    24 Feb 2026 03:05 PM (IST)

    वडेट्टीवार ने शक्तिपीठ एक्सप्रेसवे के लिए जमीन अधिग्रहण को लेकर महाराष्ट्र सरकार की आलोचना की

    मुंबई: (24 फरवरी) कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने मंगलवार को महाराष्ट्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि शक्तिपीठ एक्सप्रेसवे के लिए ज़मीन अधिग्रहण के लिए पुलिस तैनात करके "किसानों की परेशानी बढ़ाई जा रही है", जबकि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने राज्य के कुछ हिस्सों में फसलें बर्बाद कर दी हैं.

    राज्य विधानसभा में स्थगन नोटिस देते हुए, कांग्रेस नेता ने कहा कि पिछले 24 घंटों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि ने विदर्भ के नागपुर, भंडारा, गोंदिया और यवतमाल जिलों और मराठवाड़ा के बीड, लातूर, नांदेड़ और परभणी में खड़ी फसलों को बहुत नुकसान पहुंचाया है. उन्होंने कहा कि ज्वार, गेहूं और चने जैसी फसलें बर्बाद हो गई हैं, जबकि आम और अंगूर के बागों को भी भारी नुकसान हुआ है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    24 Feb 2026 02:50 PM (IST)

    मंत्री विजय कुमार चौधरी का तेजस्वी यादव पर तंज, कही ये बात

    बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के बयान पर बिहार मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि इस 20-21 सालों में बिहार में क्या हुआ है, काम हुआ है कि विकास हुआ है कि भ्रष्टाचार हुआ है. इसकी पूरी गवाही जो इस बीच में 4 आम चुनाव हुए हैं उसमें जो जनता का जनादेश आता है उससे निर्णय हो जाता है कि सही मायने में सरकार का काम कैसा हुआ है. इसके बाद भी अगर कोई बोलते हैं तो ये उनकी बलहारी है. जनता को जो काम हुआ है और विकास हुआ है और लगातार 21 साल से इसी सरकार पर विश्वसास है..

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    24 Feb 2026 02:35 PM (IST)

    पंजाब में कसावा की खेती, फसल की कटाई शुरू

    लोगों को लगता है कि पंजाब में किसान केवल गेहूं और धान की ही खेती करते हैं, लेकिन ऐसी बात नहीं है. यहां पर किसान फल और कसावा जैसी पारंपरिक फसल भी उगा रहे हैं. खास बात यह है कि यहां के नेता भी खेती में दिलचस्पी ले रहे हैं. ऐसे ही एक नेता हैं शाहकोट से कांग्रेस विधायक हदेव सिंह लड्डी शेरोवालिया, जिनके खेत में कसावा की खेती की गई है और उसकी कटाई भी शुरू हो गई है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    24 Feb 2026 02:19 PM (IST)

    ज्यादा आपूर्ति के चलते ग्वार सीड की कीमत में गिरावट, 22 रुपये गिरकर भाव 5402 रुपये क्विंटल हुआ

    नई दिल्ली: (24 फरवरी) ज्यादा सप्लाई के बीच फ्यूचर्स ट्रेड में मंगलवार को ग्वार सीड की कीमतें 22 रुपये गिरकर 5,402 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गईं. नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज पर, मार्च डिलीवरी के लिए ग्वार सीड कॉन्ट्रैक्ट 22 रुपये या 0.41 प्रतिशत गिरकर 5,402 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गए, जिसमें 55,135 लॉट के ओपन इंटरेस्ट थे. मार्केट के जानकारों ने ग्वार सीड की कीमतों में गिरावट का कारण उगाने वाले इलाकों से बढ़ती सप्लाई को बताया. (PTI)

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    24 Feb 2026 02:04 PM (IST)

    RBI फ्रॉड नियमों का हर उल्लंघन कोर्ट की जांच के दायरे में नहीं आता- अनिल अंबानी केस पर लगी रोक हटाने पर HC

    मुंबई: (24 फरवरी) बॉम्बे हाई कोर्ट ने उद्योगपति अनिल अंबानी के अकाउंट्स को फ्रॉड के तौर पर क्लासिफाई करने के लिए तीन बैंकों की कार्रवाई पर लगी रोक हटाते हुए कहा है कि RBI के मास्टर डायरेक्शन्स का मकसद समय पर कार्रवाई के लिए फ्रॉड और बेईमान कर्जदारों की पहचान करना है, और इसका हर उल्लंघन ज्यूडिशियल जांच के दायरे में नहीं आता.

    चीफ जस्टिस श्री चंद्रशेखर और जस्टिस गौतम अंखड की बेंच ने सोमवार को दिसंबर 2025 के सिंगल बेंच के आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें अंबानी और रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड के बैंक अकाउंट्स को फ्रॉड के तौर पर क्लासिफाई करने के लिए RBI द्वारा जारी मास्टर डायरेक्शन्स के आधार पर तीन पब्लिक सेक्टर बैंकों द्वारा शुरू की गई कार्रवाई पर रोक लगा दी गई थी.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    24 Feb 2026 01:45 PM (IST)

    झारखंड के वित्तमंत्री ने केंद्र सरकार पर योजनाओं के लिए पैसा नहीं देने का आरोप लगाया

    झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने बजट पेश करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि केंद्रीय योजनाओं के कारण राज्य पर वित्तीय बोझ बढ़ा है और केंद्र सरकार की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है. राज्य को अब तक केवल 5 हजार करोड़ रुपये मिले हैं, जबकि केंद्र से 11 हजार करोड़ रुपये की जरूरत बताई गई है. साथ ही, जीएसटी व्यवस्था के कारण राज्य को लगभग 4 हजार करोड़ रुपये का नुकसान भी उठाना पड़ा है.

     

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    24 Feb 2026 01:25 PM (IST)

    झारखंड सरकार ने 2026-27 के लिए 1.58 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया

    रांची: (24 फरवरी) झारखंड सरकार ने मंगलवार को विधानसभा में 2026-27 फाइनेंशियल ईयर के लिए 1.58 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया और खेती-बाड़ी के कामों में लगी महिलाओं के लिए एक स्कीम की घोषणा की. JMM की सरकार ने 2025-26 में 1.45 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया था.

    फाइनेंस मिनिस्टर राधाकृष्ण किशोर ने विधानसभा में कहा, "मैं 2026-27 फाइनेंशियल ईयर के लिए 1,58,560 करोड़ रुपये का बजट सदन के पटल पर रखता हूं."

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    24 Feb 2026 12:57 PM (IST)

    डॉ. मोहन यादव ने हलाली डैम में छोड़े पांच गिद्ध, मध्यप्रदेश बना देश का ‘गिद्ध राज्य’

    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को रायसेन जिले के हलाली डैम क्षेत्र में लुप्तप्राय प्रजाति के पांच गिद्धों को उनके प्राकृतिक आवास में मुक्त किया. इनमें चार भारतीय गिद्ध (लॉन्ग-बिल्ड वल्चर) और एक दुर्लभ सिनेरियस गिद्ध शामिल हैं. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 12,710 गिद्धों की आबादी के साथ मध्यप्रदेश देश का अग्रणी ‘गिद्ध राज्य’ बन गया है. ये गिद्ध विदिशा, मंडला, बैतूल और सिवनी से रेस्क्यू कर भोपाल स्थित गिद्ध संरक्षण प्रजनन केंद्र में वैज्ञानिक देखरेख के बाद छोड़े गए. सभी गिद्धों पर जीपीएस-जीएसएम टेलीमेट्री लगाई गई है, जिससे उनके प्रवासन, भोजन क्षेत्र और संभावित खतरों की निगरानी होगी. कार्यक्रम वन विभाग, WWF-India और बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसायटी के सहयोग से संचालित है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    24 Feb 2026 12:52 PM (IST)

    महाराष्ट्र BJP ने नवनाथ बान को चीफ स्पोक्सपर्सन बनाया, नए ऑफिसियल्स का ऐलान किया

    मुंबई: (24 फरवरी) महाराष्ट्र BJP ने ऑर्गेनाइजेशनल फेरबदल में, पहली बार BMC कॉर्पोरेटर बने नवनाथ बान को पार्टी का चीफ स्पोक्सपर्सन बनाया है, पार्टी के स्टेट प्रेसिडेंट रवींद्र चव्हाण ने मंगलवार को यह अनाउंस किया. बान, जो पहले पार्टी के स्टेट मीडिया चीफ थे, केशव उपाध्याय की जगह लेंगे.

    एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को एड्रेस करते हुए, चव्हाण ने पार्टी के नए स्टेट ऑफिसियल्स के नामों का अनाउंसमेंट किया, जिसमें चीफ स्पोक्सपर्सन, जनरल सेक्रेटरी, सेक्रेटरी, वाइस-प्रेसिडेंट, ट्रेजरर और BJP युवा मोर्चा प्रेसिडेंट शामिल हैं.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    24 Feb 2026 12:32 PM (IST)

    बिहार सरकार यूनिवर्सिटी से डिजास्टर मैनेजमेंट में कोर्स शामिल करने की अपील करेगी- मंत्री

    पटना: (24 फरवरी) बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने मंगलवार को कहा कि राज्य की सभी यूनिवर्सिटी से डिज़ास्टर मैनेजमेंट में कोर्स शुरू करने और इसे अंडरग्रेजुएट लेवल पर करिकुलम में शामिल करने के लिए कहा जाएगा. कुमार ने विधानसभा में कहा कि राज्य के सरकारी स्कूलों में ऐसे कोर्स पहले ही शुरू किए जा चुके हैं.

    उन्होंने कहा, "(शिक्षा) विभाग डिज़ास्टर मैनेजमेंट से जुड़े कोर्स शुरू करने और इसे अंडरग्रेजुएट लेवल पर करिकुलम में शामिल करने की कोशिश करेगा. इस बारे में सभी यूनिवर्सिटी को लेटर भेजे जाएंगे.

  • Posted By: Kisan India

    24 Feb 2026 12:14 PM (IST)

    ‘चलो भोपाल’ का आह्वान, 24 फरवरी को किसान महाचौपाल में जुटेंगे हजारों किसान

    भोपाल के जवाहर चौक, अटल पथ पर 24 फरवरी 2026, मंगलवार को दोपहर 12:30 बजे किसान महाचौपाल आयोजित की जाएगी. किसानों ने ‘चलो भोपाल’ का नारा देते हुए बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की है. उनका कहना है कि अगर ट्रेड डील के नाम पर किसानों के हक और फसलों की कीमत से समझौता किया गया, तो यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. किसानों का मानना है कि यह महाचौपाल सिर्फ एक सभा नहीं, बल्कि उनके भविष्य और आजीविका की लड़ाई का मंच है. आयोजकों का दावा है कि इस बार भोपाल में किसानों की भारी भीड़ जुटेगी और सरकार तक उनका संदेश साफ तौर पर पहुंचेगा.

  • Posted By: Kisan India

    24 Feb 2026 11:57 AM (IST)

    दिल्ली-लेह स्पाइसजेट फ्लाइट में इंजन खराबी, 155 यात्रियों के साथ इमरजेंसी लैंडिंग

    दिल्ली से लेह जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-121 को उड़ान के दौरान इंजन में तकनीकी खराबी का सामना करना पड़ा, जिसके बाद पायलट ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया. सुबह करीब 6:35 बजे फुल इमरजेंसी घोषित की गई और कुछ ही मिनटों में विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट के रनवे 28 पर उतार लिया गया. बोइंग 737 विमान में कुल 155 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे. एयरपोर्ट पर पहले से फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और मेडिकल टीम को तैनात कर दिया गया था. राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. फिलहाल विमान को जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है और यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था दी जा रही है.

  • Posted By: Kisan India

    24 Feb 2026 11:42 AM (IST)

    भोपाल किसान चौपाल को लेकर पटवारी का दावा, बोले- तीन दिन की तैयारी में उमड़ेगा लाखों का जनसैलाब

    मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि भोपाल में होने वाली किसान चौपाल में बड़ी संख्या में किसान जुटेंगे. उनका दावा है कि सिर्फ तीन दिन की तैयारी के बावजूद लाखों लोग राजधानी पहुंचने वाले हैं. पटवारी ने कहा कि चाहे किसान किसी भी विचारधारा से जुड़ा हो, लेकिन खेती से जुड़े लोगों को लग रहा है कि केंद्र सरकार ने दबाव में ट्रेड डील की है, जिसका असर किसानों पर पड़ेगा. उन्होंने कहा कि 21 फरवरी को 24 तारीख को चौपाल करने का फैसला हुआ था और इतनी कम समय में भारी भीड़ का जुटना अपने आप में बड़ा संदेश है. कांग्रेस का आरोप है कि यह ट्रेड डील किसान और देश हित में नहीं है.

  • Posted By: Kisan India

    24 Feb 2026 11:26 AM (IST)

    भारत-ईयू मसाला व्यापार में बड़ा समझौता, खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता पर जोर

    भारत और यूरोपीय संघ के बीच मसाला व्यापार को और सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है. ऑल इंडिया स्पाइसेज़ एक्सपोर्टर्स फोरम (AISEF) और यूरोपियन स्पाइस एसोसिएशन (ESA) के बीच एक समझौता हुआ है, जिसके तहत खाद्य सुरक्षा, मिलावट रोकने और यूरोपीय नियमों का सख्ती से पालन करने पर सहमति बनी है. इस करार से भारतीय मसाला निर्यातकों को यूरोपीय बाजार में प्रतिस्पर्धा बनाए रखने में मदद मिलेगी और उपभोक्ताओं को सुरक्षित उत्पाद मिल सकेंगे.

  • Posted By: Saurabh Sharma

    24 Feb 2026 11:10 AM (IST)

    AI शिखर सम्मेलन में विरोध पर सियासत तेज, शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर साधा निशाना

    भारत AI प्रभाव शिखर सम्मेलन के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है. दिल्ली पुलिस ने भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को प्रदर्शन के आरोप में हिरासत में लिया. इस मामले पर भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर कड़ा हमला बोला. उन्होंने इसे नेशनल शेम बताया और कहा कि शर्टलेस प्रदर्शन शर्मनाक था. पूनावाला ने आरोप लगाया कि यह केवल कुछ लोगों की हरकत नहीं, बल्कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की जानकारी में हुआ. कांग्रेस की ओर से फिलहाल इस बयान पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. (ANI)

  • Posted By: Kisan India

    24 Feb 2026 10:55 AM (IST)

    राजस्थान में देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 21 आईपीएस अधिकारियों के तबादले

    राजस्थान सरकार ने देर रात बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए 21 आईपीएस अधिकारियों के तबादले और नई पोस्टिंग के आदेश जारी किए हैं. जयपुर और जोधपुर कमिश्नरेट समेत बीकानेर और कोटा रेंज में अहम फेरबदल किया गया है. एसओजी के आईजी शरत कविराज को जोधपुर का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है, जबकि जोधपुर के पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश को जयपुर का स्पेशल पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है. कई वरिष्ठ अधिकारियों को पदोन्नति देकर एडीजी स्तर की जिम्मेदारी सौंपी गई है. एटीएस, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, इंटेलिजेंस और एससीआरबी जैसे अहम विभागों में भी बदलाव किए गए हैं. सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक मजबूती और कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.

  • Posted By: Kisan India

    24 Feb 2026 10:40 AM (IST)

    किसान महापंचायत का मंच सजेगा बड़े नेताओं से, राहुल-खरगे संग 250 दिग्गज रहेंगे मौजूद

    भोपाल में होने वाली किसान महापंचायत के लिए कांग्रेस ने बड़ा मंच तैयार किया है. मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के साथ करीब 250 नेता मंच पर मौजूद रहेंगे. इनमें एमपी कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश और कांग्रेस मीडिया विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन खेड़ा शामिल हैं. इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, राज्य के सभी कांग्रेस विधायक और तीनों राज्यसभा सांसद—दिग्विजय सिंह, विवेक तन्खा और अशोक सिंह भी मंच पर बैठेंगे. कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, सीईसी सदस्य, पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी के मेंबर और सभी 71 जिला कांग्रेस अध्यक्ष भी इस कार्यक्रम का हिस्सा होंगे. पार्टी इसे शक्ति प्रदर्शन के रूप में देख रही है.

  • Posted By: Kisan India

    24 Feb 2026 10:25 AM (IST)

    एआई समिट प्रदर्शन मामला: यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब गिरफ्तार, आठ आरोपियों तक पहुंची जांच

    दिल्ली के भारत मंडपम में हुए एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है. इस केस में अब तक कुल आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. इससे पहले तीन आरोपियों को ग्वालियर से पकड़ा गया था, जबकि चार कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन वाले दिन ही हिरासत में लिया गया था. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच साजिश के एंगल से की जा रही है और इसके लिए एसआईटी का गठन किया गया है. अधिकारियों के मुताबिक, प्रदर्शनकारी ऑनलाइन पंजीकरण कर कार्यक्रम स्थल में पहुंचे थे और अंदर जाकर नारेबाजी की. फिलहाल पुलिस वित्तीय लेन-देन और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.

  • Posted By: Kisan India

    24 Feb 2026 10:12 AM (IST)

    बरसाना में लड्डू मार होली आज, लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच ट्रैफिक डायवर्जन लागू

    मथुरा में होली की धूम शुरू हो चुकी है और आज बरसाना में विश्व प्रसिद्ध लड्डू मार होली खेली जाएगी. इस खास आयोजन को देखने के लिए देश-विदेश से लाखों लोग पहुंच रहे हैं. भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने 24 से 26 फरवरी तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है. शहर के बाहर पार्किंग की व्यवस्था की गई है और कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही रोकी गई है. प्रशासन का कहना है कि करीब 25 लाख लोगों के आने की संभावना है, इसलिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो.

  • Posted By: Kisan India

    24 Feb 2026 09:52 AM (IST)

    कुंभ 2027 की तैयारियों को मिली रफ्तार, हरिद्वार के लिए केंद्र से 500 करोड़ जारी

    हरिद्वार में 2027 में होने वाले कुंभ मेले की तैयारियां अब तेज हो गई हैं. केंद्र सरकार ने आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए 500 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी है. इस बजट से घाटों के सौंदर्यीकरण, सड़क और पुलों की मरम्मत, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि यह सहयोग कुंभ 2027 को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने में मदद करेगा. सरकार का लक्ष्य है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं मिलें.

  • Posted By: Kisan India

    24 Feb 2026 09:43 AM (IST)

    उत्तराखंड में 26 से 28 फरवरी तक बारिश का अलर्ट, पहाड़ों में बढ़ेगी ठंड

    उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग ने 26 से 28 फरवरी के बीच कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है. नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, टिहरी और अल्मोड़ा जैसे पहाड़ी जिलों में बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है. ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे ठंड का असर बढ़ेगा. देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. लोगों को मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

  • Posted By: Kisan India

    24 Feb 2026 09:27 AM (IST)

    27 साल बाद चुनाव आयोग का राष्ट्रीय गोलमेज सम्मेलन आज, सभी राज्यों के आयुक्त होंगे शामिल

    चुनाव आयोग आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय गोलमेज सम्मेलन आयोजित कर रहा है. यह बैठक 27 साल बाद हो रही है, इससे पहले ऐसा आयोजन 1999 में हुआ था. इस सम्मेलन में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के निर्वाचन आयुक्त शामिल होंगे. बैठक में चुनावी व्यवस्था को और मजबूत बनाने, ईवीएम की पारदर्शिता, मतदाता सूची की सटीकता और नई डिजिटल प्रणाली पर चर्चा की जाएगी. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक को चुनावी समन्वय के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है.

  • Posted By: Kisan India

    24 Feb 2026 09:10 AM (IST)

    भोपाल में किसान महापंचायत से पहले आरोप-प्रत्यारोप तेज, सरकार और कांग्रेस आमने-सामने

    भोपाल में प्रस्तावित किसान महापंचायत से पहले सियासी पारा चढ़ गया है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाया है. वहीं कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार की ट्रेड डील और नीतियों को किसान विरोधी बताया है. सरकार ने भावांतर योजना, फसलों पर बोनस और सिंचाई के दायरे में बढ़ोतरी जैसे कदम गिनाते हुए दावा किया कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है. महापंचायत से पहले दोनों दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है.

  • Posted By: Kisan India

    24 Feb 2026 08:55 AM (IST)

    तमिलनाडु में SIR के बाद जारी हुई अंतिम वोटर लिस्ट, 74 लाख से अधिक नाम हटे

    तमिलनाडु में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के बाद चुनाव आयोग ने अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है. इस प्रक्रिया में 74 लाख से ज्यादा नाम सूची से हटाए गए हैं, जिसके बाद राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या घटकर करीब 5.67 करोड़ रह गई है. आयोग के अनुसार मृत, डुप्लीकेट और गलत जानकारी वाले नामों को हटाया गया है. प्रभावित लोगों को 10 दिन के भीतर आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया गया है. आयोग ने बताया कि यह प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत पारदर्शिता के साथ पूरी की गई है.

  • Posted By: Kisan India

    24 Feb 2026 08:38 AM (IST)

    महोबा में मत्स्य विभाग पर भ्रष्टाचार का आरोप, निषाद पार्टी का जोरदार प्रदर्शन

    उत्तर प्रदेश के महोबा में मत्स्य विभाग के अधिकारियों पर धांधली और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए निषाद पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए. जिला सह प्रभारी आशाराम निषाद के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी की गई और 6 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया. प्रदर्शनकारियों ने सहायक निदेशक और समिति सचिव पर नियमों को दरकिनार कर फर्जी सदस्य जोड़ने, तालाब शिकार में गड़बड़ी और योजनाओं में गबन का आरोप लगाया. साथ ही दोषी अधिकारियों के निलंबन और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है.

  • Posted By: Kisan India

    24 Feb 2026 08:20 AM (IST)

    हिमाचल में 26 से 28 फरवरी तक बारिश-बर्फबारी के आसार, कई जिलों में अलर्ट

    हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. आईएमडी के मुताबिक 26 से 28 फरवरी के बीच राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना है. शिमला, कुल्लू, मंडी, ऊना, हमीरपुर, सोलन, सिरमौर और लाहौल-स्पीति में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं, जिससे ठंड बढ़ सकती है. मनाली में अधिकतम तापमान माइनस 1 डिग्री और न्यूनतम माइनस 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

  • Posted By: Kisan India

    24 Feb 2026 08:05 AM (IST)

    फरवरी में ही तपने लगा बिहार, होली तक 32 डिग्री पार करेगा पारा

    बिहार में फरवरी खत्म होने से पहले ही गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग के मुताबिक आज राज्य का अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. राजधानी पटना में पारा 31 डिग्री तक पहुंच सकता है. फिलहाल मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है. आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे होली तक गर्मी और तेज होने के संकेत हैं.

  • Posted By: Kisan India

    24 Feb 2026 07:52 AM (IST)

    देश के 12 राज्यों में बारिश का अलर्ट, कई जगह गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका

    मौसम विभाग ने देश के 12 राज्यों में मौसम बिगड़ने की चेतावनी जारी की है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, सिक्किम, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में बारिश के आसार हैं. 24 फरवरी को पश्चिम बंगाल, झारखंड, सिक्किम, असम, मेघालय और तेलंगाना में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. वहीं 26 से 28 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

  • Posted By: Kisan India

    24 Feb 2026 07:35 AM (IST)

    रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस चतरा में क्रैश, 7 लोगों की मौत

    झारखंड के रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एंबुलेंस रविवार शाम चतरा जिले के जंगल क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई. विमान ने शाम 7:11 बजे उड़ान भरी थी, लेकिन 7:34 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया. इसके बाद विमान लापता हो गया और बाद में सिमरिया के पास घने जंगल में मलबा मिला. हादसे में पायलट और को-पायलट समेत कुल 7 लोगों की मौत हो गई है. डीजीसीए और अन्य एजेंसियां दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हैं, जबकि स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम ने मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया.

  • Posted By: Kisan India

    24 Feb 2026 07:16 AM (IST)

    हिमाचल में बनी 71 समेत देशभर की 215 दवाएं जांच में फेल, ड्रग अलर्ट के बाद मचा हड़कंप

    जनवरी के ड्रग अलर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है. देशभर में 215 दवाओं के सैंपल जांच में फेल पाए गए हैं, जिनमें हिमाचल प्रदेश में बनी 71 दवाएं शामिल हैं. खांसी, बुखार, बीपी, संक्रमण और कैल्शियम जैसी आम बीमारियों की दवाएं भी मानकों पर खरी नहीं उतरीं. राज्य और केंद्रीय प्रयोगशालाओं की जांच में ये गड़बड़ियां सामने आई हैं. ड्रग विभाग ने संबंधित कंपनियों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और बाजार से दवाओं का स्टॉक वापस मंगवाया जाएगा. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि घबराएं नहीं, लेकिन डॉक्टर की सलाह के बिना दवा न लें.

  • Posted By: Kisan India

    24 Feb 2026 07:00 AM (IST)

    तमिलनाडु में हल्की बारिश का अलर्ट, मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सलाह

    तमिलनाडु में मौसम ने हल्का बदलाव दिखाना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी घाट से जुड़े कुछ जिलों में सोमवार और मंगलवार को एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. यह बारिश मुख्य रूप से पहाड़ी और आसपास के इलाकों तक सीमित रहेगी, जबकि भारी बारिश की संभावना नहीं है. वहीं पुडुचेरी और कराई क्षेत्र में फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं. समुद्र में तेज हवाएं चलने की आशंका को देखते हुए मछुआरों को तट से दूर न जाने की सलाह दी गई है. प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है.

Agriculture News in Hindi Live Updates: मौसम हर दिन करवट बदल रहा है. मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ जिलों में शीतलहर (Cold Wave) चल रही है. उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत (Weather Today) में बारिश और सुबह कोहरे की स्थिति बनी हुई है. दिल्ली एनसीआर में वायु प्रदूषण (Delhi Air Pollution Latest Updates) कम हुआ है, लेकिन अभी भी साफ हवा का स्तर कमजोर है. वहीं, पंजाब और हरियाणा, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ठंड जारी है. राजस्थान, झारखंड समेत कई राज्यों में ठंडी हवाओं से सुबह-शाम तापमान नीचे लुढ़क रहा है. पीएम किसान सम्मान निधि 22वीं किस्त (PM Kisan Samman Nidhi 22nd Installment) एमएसपी गारंटी कानून (MSP Guarantee) की मांग और रबी सीजन (Rabi Season) की फसलों की बुवाई और के बाद अब एमएसपी पर फसलों की खरीद प्रक्रिया शुरू हो रही है. किसान आंदोलन (Farmers Protest News), खेती समाचार (Agriculture News India), सरकारी कृषि स्कीम, कृषि योजना पर सब्सिडी, पशुपालन (Animal Husbandry), खाद सब्सिडी (Fertilizer News) और उन्नत बीज (Best Seeds), फसल की नई किस्में (Crops News Verities) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं. इसके अलावा देशभर में होने वाली घटनाओं की ताजा जानकारी (Breaking News Today List) भी आप यहां पर पढ़ सकते हैं. Top News List Today

Published: 24 Feb, 2026 | 06:50 AM