Todays Top News List: IMD का अलर्ट, अधिक गर्मी से रबी फसलें हो सकती हैं प्रभावित, तेलंगाना में कृषि क्षेत्रफल में बढ़ोतरी हुई, दिनभर की बड़ी खबरें पढ़ें

Agriculture News in Hindi: राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में परिसर में निर्माण कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने बताया कि 19 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अयोध्या दौरा प्रस्तावित है. इस दौरान राष्ट्रपति के हाथों राम मंदिर परिसर में निर्माण कार्य में जुटे लगभग 400 श्रमिकों को सम्मानित किया जाएगा. ट्रस्ट के सदस्यों ने अयोध्या आने के लिए और भगवान के दर्शन करने के लिए राष्ट्रपति को आमंत्रण दिया है.

नोएडा | Updated On: 31 Jan, 2026 | 07:15 PM
The liveblog has ended.
  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    31 Jan 2026 06:58 PM (IST)

    IMD का अलर्ट, अधिक गर्मी से रबी फसलें हो सकती हैं प्रभावित

    भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को कहा कि राजस्थान को छोड़कर उत्तर-पश्चिमी राज्यों में फरवरी में सामान्य से कम बारिश और सामान्य से अधिक तापमान रहने की संभावना है. हालांकि राज्यवार तापमान का विस्तृत पूर्वानुमान नहीं बताया गया है, लेकिन अधिक गर्मी से रबी मौसम की मुख्य फसल गेहूं की पैदावार प्रभावित हो सकती है. IMD के महानिदेशक एम. मोहापात्रा ने कहा कि फरवरी 2026 में देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है, जबकि दक्षिणी प्रायद्वीपीय राज्यों के कुछ हिस्सों में सामान्य न्यूनतम तापमान रहेगा. अधिकतम तापमान भी अधिकांश हिस्सों में सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है, केवल मध्य भारत और दक्षिणी प्रायद्वीपीय हिस्सों में सामान्य अधिकतम तापमान रहेगा.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    31 Jan 2026 06:45 PM (IST)

    महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार का बड़ा बयान, कही ये बात

    महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने कहा कि उनके पति दिवंगत अजीत पवार ने पूरे जीवन किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और कमजोर वर्गों के लिए काम किया. अब वह उनके सपनों का न्यायपूर्ण, समान और विकसित महाराष्ट्र बनाने के लिए पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम करेंगी. महाराष्ट्र के लोगों का प्यार और समर्थन उनकी असली ताकत है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    31 Jan 2026 06:15 PM (IST)

    सुनेत्रा पवार अब महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन गई हैं- छगन भुजबल

    महाराष्ट्र सरकार के मंत्री छगन भुजबल ने कहा कि सुनेत्रा पवार अब महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन गई हैं. उन्होंने बताया कि दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के साथ जो घटना हुई, वह सबके सामने है. तीन दिन की बैठक में सभी ने मिलकर एकमत से सुनेत्रा पवार को अपना नेता चुना.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    31 Jan 2026 06:00 PM (IST)

    धान खरीद को लेकर कांग्रेस पार्टी का प्रदर्शन

    छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कांग्रेस ने धान खरीद की समय-सीमा बढ़ाने की मांग को लेकर विरोध में प्रदर्शन और सड़क जाम किया. जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में हुए इस आंदोलन से कोलाईबहाल मंडी के पास यातायात प्रभावित हुआ. कांग्रेस ने इस मुद्दे पर भाजपा सरकार को किसान हितों और शासन व्यवस्था को लेकर घेरा. प्रदर्शन की शुरुआत दोपहर के समय महात्मा गांधी चौक पर हुई, जहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बापू को श्रद्धांजलि दी.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    31 Jan 2026 05:44 PM (IST)

    एनसीपी विधायक सना मलिक का बड़ा बयान, कही ये बात

    एनसीपी विधायक सना मलिक ने सुनेत्रा पवार के महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री बनने पर कहा कि यह एक ऐतिहासिक पल है. उन्होंने कहा कि सुनेत्रा पवार ने राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है. सना मलिक के अनुसार, इससे महाराष्ट्र को काफी लाभ होगा, क्योंकि सुनेत्रा पवार लंबे समय से सामाजिक कार्यों और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काम करती रही हैं.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    31 Jan 2026 05:30 PM (IST)

    बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर निकालने का प्रयास करते रहेंगे- CM हिमंत बिस्वा सरमा

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि गौरव गोगोई बांग्लादेशी घुसपैठियों के समर्थन में बोल रहे हैं और असमिया लोगों को भूल गए हैं. सरमा ने कहा कि वे बांग्लादेशी घुसपैठियों को जहां तक संभव होगा, वहां तक जाकर बाहर निकालने का प्रयास करते रहेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि चाहे कितने भी नेता विरोध करें, असमिया लोगों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, क्योंकि यह मुद्दा उनके लिए जीवन-मर का सवाल बन चुका है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    31 Jan 2026 04:45 PM (IST)

    सुनेत्रा पवार अपने घर से लोक भवन के लिए निकलीं, उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगी

    एनसीपी विधायक दल की नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार अपने घर से लोक भवन के लिए निकलीं. वह महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगी.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    31 Jan 2026 04:30 PM (IST)

    कांग्रेस नेता सचिन पायलट का सरकार पर हमला, कही ये बात

    कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि बजट सिर्फ मुनाफा-नुकसान का हिसाब नहीं, बल्कि आने वाले 12 महीनों के लिए सरकार की प्राथमिकताएं तय करने का दस्तावेज है. उन्होंने कहा कि पिछले कई सालों में सरकार ने कोई स्पष्ट परिणाम-उन्मुख विजन पेश नहीं किया. पायलट ने बेरोजगारी, खासकर शिक्षित बेरोजगारों और जॉबलेस ग्रोथ को सबसे बड़ी चिंता बताया. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बजट में सरकार भविष्य के लिए ठोस कदम उठाएगी.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    31 Jan 2026 04:15 PM (IST)

    श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, भगवान शंकर के किए दर्शन

    मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन किए. उन्होंने कहा कि मंदिर में दर्शन कर उन्हें बहुत ही दिव्य अनुभव हुआ. उन्होंने व्यवस्थाओं की तारीफ की और भगवान महाकाल से प्रार्थना की कि वे सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें.

  • Posted By: Saurabh Sharma

    31 Jan 2026 03:50 PM (IST)

    केंद्रीय बजट 2026-27 यूपी की उम्मीदों पर खरा उतरेगा: खन्ना

    उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री ने बजट तैयार करने से पहले सभी वर्गों, सभी ट्रेड से जुड़े लोगों और सभी राज्यों से विस्तार से चर्चा की है. उनके अनुसार यह बजट देश की जनता की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं को पूरा करेगा. मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को पहले ही स्पेशल असिस्टेंस टू द स्टेट्स के तहत पर्याप्त धनराशि मिली है, जिसका सही उपयोग किया जा रहा है. आगे भी उन्हें उम्मीद है कि यह बजट उत्तर प्रदेश के विकास के लिए लाभकारी साबित होगा और राज्य को इससे और मजबूती मिलेगी.

  • Posted By: Saurabh Sharma

    31 Jan 2026 03:35 PM (IST)

    सुनेत्रा पवार आज महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी

    लोक भवन में एनसीपी विधायक दल की नेता सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. वह आज महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगी. समारोह के लिए सुरक्षा, प्रोटोकॉल और अतिथि व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया है. पार्टी नेताओं, मंत्रियों और विधायकों के शामिल होने की संभावना है. शपथ के बाद सुनेत्रा पवार मीडिया को संबोधित कर सरकार की प्राथमिकताओं पर बात कर सकती हैं. एनसीपी कार्यकर्ताओं में उत्साह है और समर्थक इस मौके को अहम राजनीतिक संदेश के रूप में देख रहे हैं.

  • Posted By: Saurabh Sharma

    31 Jan 2026 03:19 PM (IST)

    बजट 2026 पर भूपेश बघेल का हमला, बोले- जनता को सिर्फ छुनछुना

    कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने केंद्रीय बजट 2026 को लेकर केंद्र सरकार पर कड़ा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि इस बजट से किसी को भी बड़ी उम्मीद नहीं करनी चाहिए. रोजगार पहले ही छीना जा चुका है, महंगाई लगातार बढ़ रही है और किसानों को उनकी फसलों का सही दाम नहीं मिल पा रहा है. भूपेश बघेल ने यह भी आरोप लगाया कि मनरेगा जैसे रोजगार देने वाले कार्यक्रम को मजदूरों से छीन लिया गया है. वहीं जीएसटी के कारण छोटे व्यापारियों की कमर टूट चुकी है. उन्होंने कहा कि इस बजट में जनता को केवल छुनछुना पकड़ाने के अलावा कुछ नहीं मिलेगा.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    31 Jan 2026 03:00 PM (IST)

    सुनेत्रा पवार को एनसीपी विधायक दल का नेता चुना गया, आज उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगी

    दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार को एनसीपी विधायक दल का नेता चुना गया है. सुनेत्रा पवार आज शाम महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगी.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    31 Jan 2026 02:45 PM (IST)

    हरियाणा धान घोटाला, एक मिलर-आर्टिया गिरफ्तार

    हरियाणा के कर्नाल जिले में एक बड़ी खबर सामने आई है. अनाज मंडी में कथित फर्जी खरीद के मामले में एक मिलर-आर्टिया को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, कुछ सस्पेक्टेड मिलर फरार हो गए हैं और उनकी तलाश जारी है. मामला सिटी पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर से जुड़ा है. कई किसानों ने बयान दिए हैं कि उनके नाम पर भुगतान किया गया, जबकि उनका अनाज मंडी में नहीं आया.  यह पैसा कथित रूप से मिलर-आर्टियाओं को वापस लौटाया गया, जिससे फर्जी खरीद और नकली गेट पास के जरिए बड़े पैमाने पर अनाज घोटाले की आशंका जताई जा रही है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    31 Jan 2026 02:30 PM (IST)

    रोहिंग्या लोग TMC के वोटर हैं, इसलिए CM ममता बनर्जी केंद्र को जमीन नहीं दे रही हैं- लॉकेट चटर्जी

    भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा कि रोहिंग्या लोग TMC के वोटर हैं, इसलिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी केंद्र सरकार को जमीन नहीं दे रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि फेंसिंग के लिए जमीन राज्य सरकार को देनी चाहिए, लेकिन ममता बनर्जी रोहिंग्या को बचाने के लिए इसे नहीं करवा रही हैं.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    31 Jan 2026 02:15 PM (IST)

    तेलंगाना में कृषि क्षेत्रफल में बढ़ोतरी हुई, यह बढ़ोतरी करीब 70 प्रतिशत है

    तेलंगाना में कृषि क्षेत्रफल में बढ़ोतरी हुई है. खास बात यह है कि यह बढ़ोतरी वर्ष 2014 के बाद से दर्ज की गई है. आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार, यह बढ़ोतरी करीब 70 प्रतिशत है, जिसका श्रेय राज्य सरकार की कलेश्वरम परियोजना और मिशन काकतीय को दिया गया है. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को यह सर्वे रिपोर्ट संसद में पेश की. सर्वे में बताया गया है कि तेलंगाना में खेती का रकबा 2014 में 1.31 करोड़ एकड़ था, जो 2023-24 तक बढ़कर 2.2 करोड़ एकड़ हो गया. यह बदलाव कलेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना और तालाबों के पुनर्जीवन के लिए शुरू किए गए मिशन काकतीय जैसे बड़े कार्यक्रमों की वजह से संभव हुआ.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 02:00 PM (IST)

    पीएम मोदी के जालंधर दौरे से पहले स्कूलों को धमकी भरी ई-मेल, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जालंधर दौरे से एक दिन पहले जिले के कई स्कूलों को धमकी भरी ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया है. मेल में बम धमाके की धमकी दी गई, जिसके बाद पुलिस, प्रशासन और खुफिया एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं. स्कूल परिसरों में बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाया गया. शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनज़र सतर्कता बढ़ा दी गई है. पुलिस ने ई-मेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी है और प्रशासन ने कहा है कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं, लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 01:46 PM (IST)

    धान खरीदी और मनरेगा को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस का प्रदर्शन, अवधि बढ़ाने की मांग

    छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने धान खरीदी और मनरेगा से जुड़े मुद्दों को लेकर राज्य के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किया. शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक सड़क जाम कर 31 जनवरी को खत्म हो रही धान खरीदी की अवधि बढ़ाने की मांग की. कांग्रेस का कहना है कि अभी भी लाखों किसान अपनी फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर नहीं बेच पाए हैं. इसके साथ ही महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ अभियान के तहत विकासखंड स्तर पर प्रदर्शन कर रोजगार और ग्रामीण हितों की अनदेखी का आरोप लगाया.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 01:33 PM (IST)

    छत्तीसगढ़ पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, किसानों से संवाद और तकनीक की समीक्षा पर जोर

    केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचे. इस दौरान उन्होंने कहा कि वे यहां खास तौर पर किसानों से बातचीत करने आए हैं. शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि वे छत्तीसगढ़ युवा प्रगतिशील किसान संघ द्वारा अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों की समीक्षा करेंगे और किसान मेले में भी हिस्सा लेंगे. केंद्रीय बजट को लेकर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर और विकसित भारत की दिशा में काम हो रहा है और यह बजट उसी रफ्तार को और तेज करेगा. वहीं, वीबी राम जी विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम सिर्फ विरोध करना है, जबकि सरकार गांवों के विकास और रोजगार बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 01:15 PM (IST)

    अक्टूबर–जनवरी में चीनी उत्पादन में 18% बढ़ोतरी, महाराष्ट्र सबसे आगे

    चालू 2025-26 चीनी सीजन में अक्टूबर से जनवरी के बीच देश का चीनी उत्पादन तेज़ी से बढ़ा है. इस दौरान कुल उत्पादन करीब 1.95 करोड़ टन तक पहुंच गया, जो पिछले साल की तुलना में लगभग 18 प्रतिशत ज्यादा है. उत्पादन बढ़ने में महाराष्ट्र की बड़ी भूमिका रही, जहां मिलों की संख्या बढ़ने से पेराई तेज हुई. उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में भी उत्पादन में सुधार देखा गया है. विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यही रफ्तार बनी रही, तो पूरे सीजन में चीनी उत्पादन मजबूत रहने की उम्मीद है.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 12:59 PM (IST)

    आदिवासी इलाकों में पर्यटन को बढ़ावा, 1,000 होमस्टे खुलेंगे

    सरकार ने आदिवासी क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया है. स्वदेश दर्शन योजना के तहत देशभर में 1,000 आदिवासी होमस्टे विकसित किए जाएंगे. केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने बताया कि नए होमस्टे बनाने पर ₹5 लाख तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जबकि पुराने होमस्टे के सुधार के लिए ₹3 लाख की मदद मिलेगी. इस योजना का उद्देश्य आदिवासी गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा करना और उन्हें पर्यटन के नक्शे पर लाना है. सरकार का कहना है कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति और जीवनशैली को करीब से देखने का मौका मिलेगा.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 12:46 PM (IST)

    मुंबई में 5–6 फरवरी को नेशनल क्रॉप न्यूट्रिशन समिट, खेती में पोषण और नई तकनीक पर मंथन

    मुंबई में 5 और 6 फरवरी को दो दिवसीय राष्ट्रीय फसल पोषण शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा. इंडियन माइक्रो-फर्टिलाइजर्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित यह समिट बीकेसी स्थित एनएसई परिसर में होगी. सम्मेलन में खेती में सूक्ष्म पोषक तत्वों, स्पेशलिटी उर्वरकों और जैविक इनपुट्स की बढ़ती जरूरत पर चर्चा की जाएगी. मिट्टी की घटती उर्वरता और बदलती खेती पद्धतियों के बीच सरकार, उद्योग और वैज्ञानिक मिलकर टिकाऊ और आधुनिक कृषि समाधान पर मंथन करेंगे. इस दौरान नीति सुधार, नवाचार और भारत को वैश्विक कृषि इनपुट हब बनाने जैसे मुद्दे भी प्रमुख रहेंगे.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 12:29 PM (IST)

    जालना में बिजली तार टूटने से खेत में लगी आग, छह एकड़ गन्ना जलकर हुआ राख

    महाराष्ट्र के जालना जिले से बड़ी खबर सामने आई है. घनसावंगी तहसील के दहिगव्हाण बुद्रुक गांव में बिजली की टूटी तारों से लगी आग में करीब छह एकड़ गन्ने की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई. बताया जा रहा है कि खेत के पास लगे बिजली के खंभे की तार टूटकर सीधे गन्ने के खेत में गिर गई, जिससे देखते ही देखते भीषण आग फैल गई. इस घटना में किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. आग की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 12:11 PM (IST)

    सतना में खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्त कार्रवाई, बिना लाइसेंस दूध पैकेजिंग पर छापा

    सतना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट और अवैध खाद्य कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने लालता चौक स्थित विजय डेयरी पर छापा मारकर बिना लाइसेंस दूध की पैकेजिंग करते पकड़ा. मौके से 75 पैकेट पैक दूध जब्त किए गए और दूध पैकेजिंग मशीन को सीज कर दिया गया. जांच के दौरान स्वच्छता में भी गंभीर खामियां मिलीं. विभाग ने दूध, पनीर, खोया और घी सहित छह नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं और नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 11:56 AM (IST)

    हरियाणा में आज से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, 2 फरवरी तक बारिश और बादल रहने के आसार

    हरियाणा में आज से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर 2 फरवरी तक देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, इस विक्षोभ के कारण प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है. कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है. बीते दिन बादल छाए रहने से दिन और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह पश्चिमी विक्षोभ ज्यादा मजबूत नहीं है, लेकिन इसके चलते मौसम में बदलाव जरूर देखने को मिलेगा.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 11:41 AM (IST)

    हिमाचल में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया शुरू, शिमला में मतदाता सूची जारी

    हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर प्रक्रिया शुरू हो गई है. राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शिमला जिला उपायुक्त कार्यालय ने मतदाता सूची जारी कर दी है. जिन लोगों के नाम सूची में नहीं हैं, वे अब पंचायत सचिव या बीडीओ कार्यालय में मामूली शुल्क देकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं. चुनाव शेड्यूल जारी होने तक नए मतदाता सूची में नाम दर्ज करा सकेंगे. प्रदेश में 3,500 से ज्यादा पंचायतें हैं और 55 लाख से अधिक मतदाता बताए जा रहे हैं. हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार 30 अप्रैल तक पंचायत चुनाव कराए जाने हैं, ऐसे में आने वाले दिनों में चुनावी गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 11:24 AM (IST)

    भारत-EU समझौते और लेबर कोड के विरोध में 12 फरवरी को भारत बंद, किसान-मजदूर एकजुट

    12 फरवरी 2026 को देशभर में भारत बंद का ऐलान किया गया है, जिसे संयुक्त किसान मोर्चा और मजदूर संगठनों का समर्थन मिल रहा है. बंद का मुख्य कारण भारत-यूरोपीय संघ (EU) के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौता और केंद्र सरकार के नए लेबर कोड हैं. किसान संगठनों का कहना है कि इस समझौते से विदेशी कृषि उत्पाद सस्ते दामों पर भारत आएंगे, जिससे किसानों को उनकी फसल का सही मूल्य नहीं मिलेगा. वहीं मजदूर संगठनों का आरोप है कि नए लेबर कोड से नौकरी की सुरक्षा कमजोर होगी और अधिकार प्रभावित होंगे. आंदोलनकारियों का कहना है कि यह बंद उनकी आजीविका से जुड़े मुद्दों को लेकर है, जबकि सरकार इन नीतियों को आर्थिक विकास और रोजगार बढ़ाने वाला कदम बता रही है.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 11:12 AM (IST)

    सरगुजा में धान खरीदी लक्ष्य से पीछे, करीब 33 हजार किसान धान बेचने से रह गए वंचित

    सरगुजा संभाग में धान खरीदी की समयसीमा खत्म होने के बावजूद लक्ष्य पूरा नहीं हो सका है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब भी करीब 32 से 33 हजार किसानों का टोकन नहीं कट पाया, जिससे वे अपना धान नहीं बेच सके. शुक्रवार के बाद शनिवार और रविवार को खरीदी बंद रहने के कारण अंतिम दिन भी स्थिति नहीं सुधरी. संभाग में 137 लाख क्विंटल से अधिक खरीदी का लक्ष्य था, लेकिन अब तक लगभग 115 लाख क्विंटल धान ही खरीदा जा सका है. किसानों को उम्मीद है कि सरकार धान खरीदी की तारीख बढ़ाएगी, तभी उनका धान बिक पाएगा.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 10:56 AM (IST)

    थोक कारोबार से चमक रहे एफपीओ, 1,100 करोड़ का व्यापार कर बनाया नया रिकॉर्ड

    किसान उत्पादक संगठन यानी एफपीओ अब खुदरा बिक्री के बजाय थोक और सीधे व्यापार के जरिए बड़ी कमाई कर रहे हैं. केंद्र सरकार की साप्ताहिक वेबिनार पहल से एफपीओ को कंपनियों से सीधे जुड़ने का मौका मिला, जिसका असर साफ दिख रहा है. अब तक एफपीओ ने बी2बी कारोबार के जरिए करीब 1,100 करोड़ रुपये का लेनदेन दर्ज किया है. सरकार का फोकस ऐसे संगठनों की संख्या बढ़ाने पर है, जिनका सालाना कारोबार एक करोड़ रुपये से ज्यादा हो, ताकि किसानों की आमदनी बढ़े और एफपीओ आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 10:45 AM (IST)

    दिल्ली वालों को बड़ी राहत, पानी के बिल पर लेट फीस माफी योजना 15 अगस्त तक बढ़ी

    दिल्ली सरकार ने राजधानी के लाखों जल उपभोक्ताओं को राहत देते हुए पानी के बिल पर लेट पेमेंट सरचार्ज माफी योजना की अवधि 15 अगस्त तक बढ़ा दी है. इस फैसले से अब लोग बिना किसी अतिरिक्त ब्याज या जुर्माने के अपने पुराने लंबित जल बिल चुका सकेंगे. सरकार के मुताबिक जनता और आरडब्ल्यूए की मांग को देखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा उपभोक्ताओं को योजना का लाभ मिल सके और बकाया बिलों का निपटारा आसानी से हो सके.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 10:15 AM (IST)

    यूपी में परियोजनाओं को रफ्तार, मंत्री अब 50 करोड़ तक की योजनाएं कर सकेंगे मंजूर

    उत्तर प्रदेश में विकास परियोजनाओं को तेजी देने के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है. अब विभागीय मंत्री 50 करोड़ रुपये तक की योजनाओं को मंजूरी दे सकेंगे, जबकि पहले यह सीमा 10 करोड़ रुपये थी. सरकार का मानना है कि इससे फैसलों में देरी कम होगी और काम तेजी से आगे बढ़ेगा. इसके साथ ही लखनऊ के सात प्रमुख प्रवेश मार्गों पर धर्म और शौर्य के प्रतीक भव्य द्वार बनाए जाएंगे, जो प्रदेश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को दर्शाएंगे. इन प्रवेश द्वारों से राजधानी में आने वाले लोगों को उत्तर प्रदेश की परंपरा और गौरव की झलक मिलेगी.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 09:58 AM (IST)

    मिडिल क्लास की बढ़ती ताकत से बढ़ेगी भारत में सीवीड की मांग, विशेषज्ञों का दावा

    भारत में तेजी से बढ़ता मध्यम वर्ग आने वाले वर्षों में सीवीड (समुद्री शैवाल) की मांग को नई ऊंचाई पर ले जा सकता है. विशेषज्ञों का कहना है कि घरेलू खपत में बढ़ोतरी, खाद्य प्रसंस्करण और उद्योगों में सीवीड के बढ़ते इस्तेमाल के चलते भारत वैश्विक सीवीड बाजार में अहम भूमिका निभाने वाला है. खासतौर पर कैरेजेनन जैसे प्राकृतिक तत्वों की मांग तेजी से बढ़ रही है, जिसका इस्तेमाल आइसक्रीम, डेयरी और अन्य फूड प्रोडक्ट्स में किया जाता है. जानकारों के मुताबिक, भारत में इसकी मांग यूरोप और अमेरिका जैसे विकसित बाजारों से भी तेज रफ्तार से बढ़ सकती है.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 09:39 AM (IST)

    सूरजकुंड मेला आज से शुरू, रंग-बिरंगी रोशनी और देश-विदेश की कलाओं से सजा परिसर

    आज से 39वें अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड हस्तशिल्प मेले का शुभारंभ हो गया है. इस बार मेला पहले से ज्यादा भव्य और आकर्षक नजर आ रहा है. मेला परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और पारंपरिक सजावट से सजाया गया है. देश के अलग-अलग राज्यों के साथ-साथ विदेशी कलाकार और कारीगर भी अपनी कला, संस्कृति, परिधान और हस्तशिल्प के अनोखे उत्पाद लेकर पहुंचे हैं. खास बात यह है कि इस बार पर्यटकों को हर राज्य के स्वादिष्ट व्यंजन चखने और अलग-अलग संस्कृतियों को करीब से देखने का मौका मिलेगा, जिससे मेला देखने वालों के लिए यह अनुभव यादगार बनने वाला है.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 09:23 AM (IST)

    दिल्ली-NCR में स्मॉग की चादर, हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ स्तर पर

    दिल्ली-NCR के कई इलाकों में एक बार फिर स्मॉग की मोटी परत देखने को मिल रही है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक कुछ क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI 327 तक पहुंच गया है, जिसे ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रखा गया है. खराब हवा के कारण लोगों को आंखों में जलन, सांस लेने में दिक्कत और गले में खराश जैसी समस्याएं हो सकती हैं. विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को खासतौर पर सतर्क रहने की सलाह दी है.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 09:06 AM (IST)

    राजस्थान में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट, किसानों की फसलों पर खतरा

    राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है. पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान के जिलों में 31 जनवरी और 1 फरवरी को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है, जिससे किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है. प्रशासन ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 08:51 AM (IST)

    बेमौसम बारिश से कॉफी किसानों की मुश्किल बढ़ी, रोबस्टा फसल की कटाई प्रभावित

    जनवरी में हुई बेमौसम बारिश ने कॉफी उगाने वाले किसानों की चिंता बढ़ा दी है. कर्नाटक के कोडागु, चिक्कमगलुरु और हसन जैसे प्रमुख कॉफी उत्पादक इलाकों में बारिश के कारण रोबस्टा कॉफी की कटाई और सुखाने का काम प्रभावित हुआ है. किसान पहले से ही मजदूरों की कमी से जूझ रहे थे, अब बारिश ने हालात और मुश्किल बना दिए हैं. इसके साथ ही, इस असमय बारिश से पेड़ों में समय से पहले फूल आ गए हैं, जो एकसमान नहीं हैं. किसानों का कहना है कि वे अभी सिंचाई की तैयारी में नहीं थे, इसलिए आगे की 2026-27 की फसल पर भी असर पड़ने की आशंका है.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 08:33 AM (IST)

    ग्रेटर नोएडा में किसान हत्याकांड का खुलासा, चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

    ग्रेटर नोएडा में दो हफ्ते पहले खेत पर काम कर रहे एक किसान की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के राजपुर गांव अंडरपास के पास से पुलिस ने इस केस में वांछित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, आधार कार्ड और अन्य जरूरी सामान बरामद किए गए हैं. किसान की हत्या से इलाके में फैले डर और आक्रोश के बीच इस गिरफ्तारी को अहम सफलता माना जा रहा है. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 08:16 AM (IST)

    छत्तीसगढ़ में मखाना खेती को मिली रफ्तार, चार जिलों में शुरू हुई केंद्र की योजना

    छत्तीसगढ़ में अब मखाना किसानों के लिए नई उम्मीद बनकर उभर रहा है. केंद्र सरकार की मखाना विकास योजना को राज्य के चार जिलों धमतरी, बालोद, महासमुंद और गरियाबंद में लागू कर दिया गया है. इस योजना के तहत किसानों को मखाना उत्पादन के लिए प्रशिक्षण, बेहतर बीज और प्रसंस्करण की सुविधाएं मिलेंगी. सरकार ने इसके लिए करीब 1.78 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है. तालाबों और निजी खेतों में मखाना की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे किसानों की आमदनी बढ़ने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 07:54 AM (IST)

    राशन वितरण में बड़ा बदलाव, अब मोबाइल से मिलेगा अनाज, अंगूठा लगाने की जरूरत खत्म

    सरकार राशन वितरण व्यवस्था में बड़ा डिजिटल बदलाव करने जा रही है. अब राशन लेने के लिए न तो अंगूठा लगाने की जरूरत होगी और न ही बार-बार मशीन खराब होने की समस्या आएगी. नई डिजिटल फूड स्टैम्प व्यवस्था के तहत लाभार्थियों के मोबाइल फोन पर हर महीने डिजिटल कूपन आएंगे, जिन्हें राशन दुकान पर क्यूआर कोड स्कैन करके भुनाया जा सकेगा. इस नई व्यवस्था से बुजुर्गों, मजदूरों और ग्रामीण इलाकों के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. साथ ही राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ेगी और फर्जीवाड़े पर भी लगाम लगेगी.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 07:37 AM (IST)

    हिमाचल में धूप के बाद फिर बदलेगा मौसम, बर्फबारी-बारिश का अलर्ट

    हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहा और शिमला, कुल्लू व मनाली में धूप खिलने से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई. हालांकि लाहौल-स्पीति में बादल छाए रहने से कई जगह न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया. ताबो में पारा माइनस 10.2 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जबकि ऊना और पांवटा साहिब में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा. धूप निकलने से शिमला और कुल्लू-मनाली में बर्फबारी के बाद बंद पड़ी सड़कों को खोलने का काम तेज हुआ, लेकिन मैदानी इलाकों जैसे बिलासपुर और सुंदरनगर में घना कोहरा छाया रहा.

    मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में फिर मौसम का मिजाज बदल सकता है. 31 जनवरी से 3 फरवरी के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. 2 फरवरी की रात और 5 फरवरी को नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से ठंड बढ़ सकती है. आने वाले दिनों में पहले तापमान में हल्की बढ़ोतरी और फिर 3 से 7 डिग्री तक गिरावट का अनुमान है, जिससे ठंड एक बार फिर तेज महसूस होगी.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 07:21 AM (IST)

    जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त

    जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है और कई इलाकों में जमकर बर्फबारी हो रही है. श्रीनगर, गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग में बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है. दिन में अधिकतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जबकि रात में पारा गिरकर माइनस 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. बर्फबारी के चलते कई सड़कों पर यातायात धीमा हो गया है और पहाड़ी मार्गों पर फिसलन बढ़ गई है.

  • Posted By: Kisan India

    31 Jan 2026 07:08 AM (IST)

    दिल्ली में बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश और तेज आंधी के साथ बढ़ेगी ठंड

    दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा. मौसम विभाग के अनुसार 31 जनवरी को सुबह की शुरुआत घने कोहरे और ठंडी हवाओं के साथ होगी, जिससे दृश्यता कम रह सकती है. दिन चढ़ने के साथ बादल छाए रहेंगे और शाम होते-होते गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. कई इलाकों में बिजली गिरने और तेज सतही हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है. आज दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, जिससे ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा.

    वहीं 1 फरवरी को भी लोगों को राहत मिलने के आसार कम हैं. सुबह के समय फिर कोहरा छा सकता है और दिनभर आसमान में बादल बने रहेंगे. शाम और रात के समय एक बार फिर बारिश और तेज हवाओं से मौसम और ठंडा हो सकता है. इस दिन अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने, खासकर सुबह और रात के समय वाहन चलाते वक्त सतर्क रहने की सलाह दी है.

Agriculture News in Hindi Live Updates: मौसम हर दिन करवट बदल रहा है. मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ जिलों में शीतलहर (Cold Wave) चल रही है. उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत (Weather Today) में घना कोहरा छाया हुआ है. दिल्ली एनसीआर में वायु प्रदूषण (Delhi Air Pollution Latest Updates) लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है. AQI Level बहुत खराब श्रेणी में है. वहीं, पंजाब और हरियाणा, मध्य प्रदेश शीतलहर की चपेट में हैं. राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड समेत कई राज्यों में ठंडी हवाओं से तापमान नीचे लुढ़क गया है. पीएम किसान सम्मान निधि 22वीं किस्त (PM Kisan Samman Nidhi 22nd Installment) एमएसपी गारंटी कानून (MSP Guarantee) की मांग और रबी सीजन (Kharif Season) की फसलों की बुवाई और खरीफ फसलों की एमएसपी पर खरीद चल रही है. किसान आंदोलन (Farmers Protest News), खेती समाचार (Agriculture News India), सरकारी कृषि स्कीम, कृषि योजना पर सब्सिडी, पशुपालन (Animal Husbandry), खाद सब्सिडी (Fertilizer News) और उन्नत बीज (Best Seeds), फसल की नई किस्में (Crops News Verities) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं. इसके अलावा देशभर में होने वाली घटनाओं की ताजा जानकारी (Breaking News Today List) भी आप यहां पर पढ़ सकते हैं. Top News List Today

Published: 31 Jan, 2026 | 06:51 AM