Election Results: बंगाल और असम में BJP की जीत, केरल-तमिलनाडु और पुड्डूचेरी के नतीजों के अपडेट यहां जानिए

केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ गठबंधन अच्छा प्रदर्शन कर रहा है. यूडीएफ ने अब तक 62 सीटें जीत ली हैं और 1 सीटों पर आगे चल रहा है, उसका वोट शेयर करीब 28.84 फीसदी है. वहीं सीपीआई(एम) ने 24 सीटें जीती हैं और 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, उसका वोट शेयर 21.74 फीसदी है.

नोएडा | Updated On: 4 May, 2026 | 07:08 PM

Assembly Election Live Updates: पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की मतगणना जारी है. चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार अब साफ होने लगा है कि किस राज्य में कौन सी पार्टी आगे है और किसकी सरकार बनने की संभावना है. रुझानों में पश्चिम बंगाल और असम में बीजेपी की मजबूत लहर दिखाई दे रही है. तमिलनाडु में एक्टर-राजनेता विजय की पार्टी टीवीके ने सभी को चौंकाते हुए सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सामने आई है. केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ 10 साल बाद सत्ता में वापसी करता नजर आ रहा है. वहीं असम में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाती दिख रही है. पुडुचेरी में भी एनआर कांग्रेस-बीजेपी गठबंधन के सत्ता में बने रहने के संकेत मिल रहे हैं.

चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने अब तक 55 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है और 149 सीटों पर आगे चल रही है. पार्टी का वोट शेयर करीब 45.35 फीसदी है. वहीं तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने 23 सीटें जीती हैं और 60 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. टीएमसी का वोट शेयर लगभग 40.84 फीसदी है. बात अगर तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की करें तो टीवीके शानदार प्रदर्शन करती नजर आ रही है. पार्टी अब तक 38 सीटें जीत चुकी है और 70 सीटों पर आगे चल रही है. उसका वोट शेयर करीब 34.81 प्रतिशत है. वहीं डीएमके ने अब तक 17 सीटें जीती हैं और 45 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, उसका वोट शेयर 24.11 प्रतिशत है. एआईएडीएमके ने 13 सीटें जीती हैं और 30 सीटों पर आगे है, उसका वोट शेयर 21.42 प्रतिशत है.

केरल में यूडीएफ की प्रचंड जीत

केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ गठबंधन अच्छा प्रदर्शन कर रहा है. यूडीएफ ने अब तक 62 सीटें जीत ली हैं और 1 सीटों पर आगे चल रहा है, उसका वोट शेयर करीब 28.84 फीसदी है. वहीं सीपीआई(एम) ने 24 सीटें जीती हैं और 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, उसका वोट शेयर 21.74 फीसदी है. बीजेपी ने भी 3 सीटें जीती हैं और उसका वोट शेयर 11.44 फीसदी दर्ज किया गया है. इसके अलावा एयूएमएल का वोट शेयर 10.94 फीसदी और सीपीआई का 6.65 फीसदी रहा है.

असम में बीजेपी का प्रदर्शन

वहीं, असम में बीजेपी की लगातार तीसरी बार सरकार बनने जा रही है. असम में बीजेपी अब तक 62 सीटें जीत चुकी है और 20 सीटों पर आगे चल रही है. पार्टी का वोट शेयर करीब 38.98 फीसदी है. वहीं कांग्रेस ने अब तक 4 सीट जीती है और 15 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, उसका वोट शेयर 28.94 फीसदी है. अभी मतगणना जारी है, इसलिए अंतिम नतीजे आने तक सभी पार्टियों के वोट शेयर में कुछ बदलाव हो सकता है.

मुख्यमंत्री एमके स्टालिन हारे चुनाव

तमिलनाडु में सत्ता विरोधी लहर का असर साफ दिखा. मुख्यमंत्री एमके स्टालिन अपनी कुलाथूर सीट से खुद चुनाव हार गए. उन्हें एक्टर विजय की पार्टी के उम्मीदवार ने हराया है. हालांकि, असम के शिक्षा मंत्री रानोज पेगू ने धेमाजी सीट से जीत हासिल की है. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के शैलेन सोनोवाल को 32,229 वोटों के अंतर से हराया. खास बात यह है कि असम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई चुनाव हार गए हैं. बीजेपी के हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने उन्हें 23 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया है.

पश्चिम बंगाल में कुल सीटों की संख्या

बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा में कुल 294 सीटें हैं, जिन पर मतदान हुआ था. पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर वोटिंग हुई थी, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान हुआ. एक सीट पर दोबारा मतदान होना है, इसलिए आज 293 सीटों के नतीजे घोषित किए जा रहे हैं. वहीं, तमिलनाडु में 234 विधानसभा सीटों के लिए 23 अप्रैल को मतदान हुआ था. इसी तरह केरल में 140 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान हुआ था, जहां 78.27 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी.

Published: 4 May, 2026 | 09:55 AM

Topics: