कॉकरोच जनता पार्टी के मार्च ने जंतर-मंतर से संसद तक मचाया हंगामा, समर्थकों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़े

Jantar Mantar Protest: नई दिल्ली में CJP के संसद मार्च के दौरान जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई. कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया, जबकि कुछ बैरिकेड पार कर आगे बढ़ गए. दिल्ली पुलिस ने लाठीचार्ज और बल प्रयोग के आरोपों से इनकार किया है.

नोएडा | Updated On: 20 Jul, 2026 | 01:37 PM

CJP Sansad March: नई दिल्ली में सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से बुलाए गए संसद मार्च के दौरान जंतर-मंतर पर माहौल तनावपूर्ण हो गया. हजारों प्रदर्शनकारी संसद की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की हुई. कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेड पार करने में सफल रहे, जबकि कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग या लाठीचार्ज के आरोपों से इनकार किया है.

सुबह से जंतर-मंतर पर जुटने लगी थी भीड़

सोमवार सुबह से पहले ही बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में जुटने लगे थे. कई लोग रातभर वहीं मौजूद रहे और सुबह संसद मार्च की तैयारी करते रहे.

स्थिति को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने तड़के ही पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी. डीसीपी नई दिल्ली सचिन शर्मा मौके पर पहुंचे और CJP के प्रतिनिधियों से बातचीत कर कानून का पालन करने तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की.

संसद की ओर बढ़ने पर बढ़ा तनाव

करीब सुबह 10 बजे के बाद प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर बढ़ने की कोशिश की. पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हालात कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गए. कुछ मीडिया रिपोर्टों में लाठीचार्ज की बात कही गई, जबकि दिल्ली पुलिस ने इस दावे से साफ इनकार किया है. इस अफरा-तफरी के बीच कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेड पार कर आगे निकल गए. CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके भी संसद मार्ग की ओर बढ़ने वालों में शामिल रहे.

जानकारी के अनुसार, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के संसद मार्च में सोमवार को शामिल होने के लिए जंतर-मंतर जाने की कोशिश में कई प्रदर्शनकारियों ने शास्त्री भवन के पास सुरक्षा अवरोधकों को तोड़ने की कोशिश की जिसके बाद सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े.

दिल्ली के 5 मेट्रो स्टेशन भी बंद

दिल्ली में आज (20 जुलाई) संसद मार्च के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. इसी के चलते सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन को आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बताया कि सुरक्षा कारणों से जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद रहेंगे. यात्रियों से अपनी यात्रा की योजना इसी के अनुसार बनाने की अपील की गई है.

5,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए नई दिल्ली इलाके में 5,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी. संसद की ओर जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर बैरिकेड लगाए गए और सुरक्षा कड़ी कर दी गई. पुलिस ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि नई दिल्ली क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है. इसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक है. पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी.

पुलिस ने लाठीचार्ज के दावों को किया खारिज

घटना के बाद सोशल मीडिया और कुछ मीडिया रिपोर्टों में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और हिरासत की खबरें सामने आईं. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि प्रदर्शन को पेशेवर तरीके से नियंत्रित किया गया और किसी तरह का बल प्रयोग नहीं किया गया. पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील भी की.

तनाव के बीच बातचीत की प्रक्रिया भी शुरू हो गई. CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास को अधिकारियों से चर्चा के लिए डिप्टी कमिश्नर कार्यालय ले जाया गया. वहां जाते समय उन्होंने मीडिया से कहा कि सरकार के साथ बातचीत चल रही है. फिलहाल स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है.

Published: 20 Jul, 2026 | 11:47 AM

Topics: