IMD का बड़ा अलर्ट! दिल्ली, यूपी, बिहार समेत इन राज्यों में आंधी-बारिश, पहाड़ों पर बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा

IMD Weather Update: देशभर में मॉनसून का असर अलग-अलग देखने को मिल रहा है. IMD ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है. वहीं हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश, लैंडस्लाइड और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 19 Jul, 2026 | 07:08 AM

Weather Update Today: देशभर में मॉनसून का मिजाज इस समय अलग-अलग नजर आ रहा है. कहीं तेज बारिश से लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है तो कहीं बादल आने के बावजूद बारिश नहीं हो रही. उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश की कमी के कारण गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. हालांकि भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राहत की उम्मीद जताई है. विभाग के मुताबिक, अगले कुछ घंटों में दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है.

वहीं पहाड़ी राज्यों में बारिश का दौर और तेज होने की संभावना है, जिससे लैंडस्लाइड और अचानक बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. दूसरी ओर, पूर्वोत्तर भारत में कई दिनों तक भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है.

उत्तर प्रदेश और बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. तेज हवा के कारण पेड़ गिरने, बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचने और खेतों में खड़ी फसलों पर असर पड़ने की आशंका है. साथ ही बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है. लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों के अंदर रहने और खुले मैदान या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.

दिल्ली-एनसीआर में गर्मी से मिलेगी राहत?

दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से बारिश नहीं होने के कारण उमस और गर्मी लगातार बढ़ रही है. आसमान में बादल छाने के बावजूद बारिश नहीं हो रही, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है.

आईएमडी ने शनिवार और रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. अगले कुछ घंटों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है. इससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

राजस्थान में अगले सप्ताह सक्रिय होगा मॉनसून

राजस्थान में फिलहाल मॉनसून कमजोर बना हुआ है, जिसके कारण अधिकांश इलाकों में बारिश नहीं हो रही. मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो-तीन दिन तक यही स्थिति बनी रह सकती है. हालांकि 21 जुलाई से पूर्वी राजस्थान के कोटा, जयपुर और भरतपुर संभाग में बारिश बढ़ने की संभावना है. वहीं 22 और 23 जुलाई से पश्चिमी और मध्य राजस्थान में भी मॉनसूनी गतिविधियां तेज हो सकती हैं. मौसम विभाग का अनुमान है कि 23 से 28 जुलाई के बीच पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में भी अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है.

हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बढ़ा खतरा

हिमाचल प्रदेश में 19 से 23 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जैसे जिलों में भूस्खलन, अचानक बाढ़ और जलभराव का खतरा बना हुआ है. जम्मू-कश्मीर में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने भारी बारिश, लैंडस्लाइड, अचानक बाढ़ और निचले इलाकों में जलभराव की चेतावनी दी है. प्रशासन ने लोगों से नदियों, झरनों और पहाड़ी रास्तों के आसपास जाने से बचने की अपील की है.

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में जारी रहेगा बारिश का दौर

पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने की संभावना है. वहीं दक्षिण भारत, पश्चिमी घाट, महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा के कई हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है.

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जिन इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, वहां लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. वहीं जिन राज्यों में बारिश की कमी है, वहां आने वाले कुछ दिनों में मॉनसून के दोबारा सक्रिय होने की उम्मीद जताई जा रही है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in