केमिकल खाद से होने लगा मोहभंग.. जैविक खाद पर शिफ्ट हुए किसान, खरीद में रिकॉर्ड 253% उछाल

Farmers Shift to Organic Fertilizers: उर्वरक मंत्रालय के जैविक खाद खरीद आंकड़े दर्शाते हैं कि पोषक तत्वों के जैविक स्रोतों की ओर किसानों रुझान तेजी से बढ़ा है. किसान केमिकल खाद पर निर्भरता कम कर रहे हैं और जैविक खाद की ओर कदम बढ़ा रहे हैं.

नोएडा | Published: 8 Jun, 2026 | 07:45 PM

Fertilizer Stock & Sale Data: खाद संकट के बीच सरकार ने रोचक आंकड़ा जारी करते हुए बताया है कि ऑर्गेनिक मैन्योर यानी जैविक खाद खरीदने में बीते साल की तुलना में रिकॉर्ड 253 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया है. यह आंकड़ा बताता है कि किसानों का केमिकल फर्टिलाइजर से मोहभंग होने लगा है और वे जैविक खाद पर शिफ्ट हो रहे हैं. किसानों पर पीएम की कम खाद इस्तेमाल की अपील का भी असर होने का दावा किया जा रहा है. वहीं, खरीफ सीजन के लिए केंद्र सरकार के पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद होने का दावा उर्वरक विभाग ने किया है.

रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय की ओर से खाद स्टॉक और खरीद को लेकर जारी आंकड़ों में बताया गया है कि सरकार के पास खरीफ सीजन के लिए खाद स्टॉक पर्याप्त मौजूद है. रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय की अपर सचिव अपर्णा एस. शर्मा ने कहा कि वर्तमान में उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर कोई बड़ी चुनौती नहीं है. उन्होंने कहा कि खरीफ फसलों के लिए फर्टिलाइजर जरूरत के लिए पर्याप्त स्टॉक विभाग के पास मौजूद है और अपील करते हुए कहा कि किसानों को पैनिक बायिंग से बचना है.

147 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा उर्वरकों का उत्पादन

उन्होंने कहा कि मौजूदा खरीफ सीजन के लिए 86.65 लाख मीट्रिक टन (LMT) खाद खरीदी गई है, जो कुल जरूरत का 22.57 फीसदी है. उन्होंने कहा कि खाद का घरेलू उत्पादन किया जा रहा है और आयात भी जारी हैं. उन्होंने कुल स्टॉक आंकड़ा बताते हुए कहा कि अब तक 147.40 लाख मीट्रिक टन (LMT) उर्वरकों का उत्पादन या आयात किया जा चुका है.

जैविक खाद खरीद में रिकॉर्ड 253 फीसदी उछाल

रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय की अपर सचिव अपर्णा एस. शर्मा ने आंकड़े जारी करते हुए कहा कि इस सीजन में किसानों ने 11.17 लाख मीट्रिक टन (LMT) जैविक खाद (ऑर्गेनिक मैन्योर) की खरीद की है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा केवल 3.20 लाख मीट्रिक टन था. यह बीते साल की तुलना में रिकॉर्ड 253 फीसदी का उछाल है.

जैविक खाद की ओर किसानों का बढ़ा रुझान

उर्वरक मंत्रालय के अनुसार जैविक खाद खरीद बढ़ने के आंकड़े यह दर्शाते हैं कि यह पोषक तत्वों के जैविक स्रोतों की ओर किसानों के बढ़ता रुझान है. किसान केमिकल खाद पर निर्भरता कम कर रहे हैं और जैविक खाद की ओर कदम बढ़ा रहे हैं. वहीं, इंडस्ट्री एक्सपर्ट का मानना है कि यह बदलाव पीएम मोदी के कुछ सप्ताह पहले किसानों से फर्टिलाइजर इस्तेमाल घटाने की अपील का असर है.

केमिकल फर्टिलाइजर खरीद की स्थिति

अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच तनाव के बाद वैश्विक स्तर पर रासायनिक उर्वरक आपूर्ति प्रभावित हुई. इसके चलते महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक जैसे बड़े कृषि राज्यों में किसानों ने घबराकर ज्यादा मात्रा में उर्वरक खरीदना शुरू किया है. खासतौर पर हरियाणा में यूरिया की बिक्री करीब 80 फीसदी बढ़कर 1.71 लाख टन पहुंच गई. वहीं, डीएपी (Di-Ammonium Phosphate) की बिक्री दोगुनी से भी ज्यादा होकर 0.37 लाख टन हो गई, जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में काफी अधिक है.

एक्सपर्ट का मानना है कि जैविक खाद के साथ ही केमिकल उर्वरकों की खरीद के बढ़ते आंकड़े बताते हैं कि किसान बुवाई के वक्त खाद नहीं मिलने की आशंका को देखते हुए पहले ही खाद खरीद कर स्टॉक कर रहे हैं.

Topics: