राहुल गांधी, प्रियंका और अखिलेश को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया, लखनऊ-बेंगलुरू में बवाल.. पुलिस से भिड़े समर्थक
नीट पेपर लीक के विरोध में आंदोलन कर रहे युवाओं पर लाठीचार्ज के विरोध में पीएम मोदी का इस्तीफा मांग रहे कांग्रेस नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है. राहुल गांधी, अखिलेश यादव, प्रियंका वाड्रा समेत कई दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है.
कांग्रेस के लोक कल्याण मार्ग पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को हिरासत में लिया है. इसके साथ ही प्रियंका वाड्रा और अखिलेश यादव को भी हिरासत में लिया गया है. इससे पहले विरोध प्रदर्शन कर रहे दर्जनों कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे कहा कि तानाशाह सरकार डर कर कांप रही है, इसीलिए सांसदों को घसीट-घसीटकर ले जा रही है. वहीं, शीर्ष नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद लखनऊ, बेंगलुरू समेत कई शहरों में नाराज कार्यकर्ताओं, समर्थकों की पुलिस से भिडंत हो गई. पुलिस ने दर्जनों को हिरासत में लिया है.
देर रात सोनिया गांधी प्रियंका गांधी को मंदिर मार्ग थाने में मिलने पहुंची हैं. राहुल गांधी समेत कई बड़े नेताओं को छत्रसाल स्टेडियम में रखा गया है.
राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा हिरासत में
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में युवाओं के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन में कई नेता शामिल हुए है. देर शाम प्रदर्शन स्थल से दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी को हिरासत में ले लिया है. उन्हें प्रदर्शन स्थल से पुलिस उठाकर ले गई है. दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को भी हिरासत में लिया है. हिरासत के दौरान उन्होंने सरकार को टारगेट करते हुए कहा कि वे कायर हैं. वे डरे हुए हैं. हम उनसे नहीं डरते. वे हमसे डरते हैं.
Under Modi, democracy looks like this 👇 pic.twitter.com/OFYcnwubTv
— Congress (@INCIndia) July 21, 2026
अखिलेश यादव को भी हिरासत में लिया
समाजवादी पार्टी ने कहा है कि दिल्ली पुलिस ने सपा प्रमुख और सांसद अखिलेश यादव को लोक कल्याण मार्ग पर प्रदर्शन वाली जगह से हिरासत में लिया, जिसके बाद उन्हें बस के अंदर देखा गया. सपा ने बयान जारी कर कहा है कि अखिलेश यादव की गिरफ्तारी इस भाजपा सरकार के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी लाखों करोड़ों सपा कार्यकर्ता एक इशारे पर सड़कों पर उतरने को तैयार है जिस तरह से भाजपा सरकार ने सत्ता के अहंकार में तानाशाही से दमनचक्र चलाया है वो इस सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकेगा.
श्री अखिलेश यादव जी की गिरफ्तारी इस भाजपा सरकार के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी
लाखों करोड़ों सपा कार्यकर्ता एक इशारे पर सड़कों पर उतरने को तैयार है
जिस तरह से भाजपा सरकार ने सत्ता के अहंकार में तानाशाही से दमनचक्र चलाया है वो इस सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकेगा pic.twitter.com/VjLLOf5aQz
— Samajwadi Party Media Cell (@mediacellsp) July 21, 2026
पंजाब के पूर्व सीएम के साथ ही कन्हैया कुमार भी हिरासत में
याद रखना.. pic.twitter.com/iw0jHeDBBY
— Congress (@INCIndia) July 21, 2026
तानाशाह सरकार डर कर कांप रही – मल्लिकार्जुन खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सरकार की कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि तानाशाह सरकार डर कर कांप रही है. पहले शिक्षा व्यवस्था को बरबाद किया, करोड़ों बच्चों का भविष्य बिगाड़ा, 150 से ज्यादा पेपर लीक करवाए, 25 बच्चों की जान चली गई , जब छात्र न्याय मांगने सड़कों पर उतरे तो उनपर लाठीचार्ज किया, डंडे बरसाए. संसद के गेट बंद करवाकर, सांसदों को कैद किया, Debate के लिए साझा विपक्ष की बात नहीं मानी, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त नहीं किया, मोदी जी छात्रों पर अत्याचार पर मौन रहे. गृह मंत्री जिनका दिल्ली पुलिस पर नियंत्रण है, हमारी मांग करने के बावजूद उनका कोई बयान नहीं आया. अब जब कांग्रेस और विपक्ष के सांसद प्रधानमंत्री निवास के आगे धरना दे रहे हैं तो हमारे सांसदों को घसीट-घसीट कर ले गए है.