Gold Rate: फिर सस्ता हुआ सोना, लगातार दूसरे दिन गिरे दाम, जानें आपके शहर में क्या है नया रेट

Gold Rate Today: अगर आप सोना या चांदी खरीदने की सोच रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. लगातार दूसरे दिन सोने की कीमतों में गिरावट आई है, जबकि तीन दिन बाद चांदी भी सस्ती हो गई है. अमेरिका में ब्याज दरें ऊंची रहने के संकेत और डॉलर की मजबूती के कारण सोने-चांदी के दाम पर दबाव बना हुआ है.

नोएडा | Published: 30 Jun, 2026 | 10:46 AM

Gold-Silver Rate Today: अगर आप सोना या चांदी खरीदने का सोच रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. देश में लगातार दूसरे दिन सोने की कीमतों में गिरावट आई है. वहीं, तीन दिन तक एक ही भाव पर रहने के बाद चांदी भी सस्ती हो गई है. बाजार के जानकारों का कहना है कि अमेरिका में ब्याज दरें फिलहाल ऊंची रहने की उम्मीद और डॉलर के मजबूत होने की वजह से सोने की कीमतों पर दबाव बना हुआ है. इसी का असर भारतीय बाजार में भी देखने को मिल रहा है.

दो दिन में कितना सस्ता हुआ सोना?

दिल्ली में पिछले दो दिनों के दौरान 24 कैरेट सोना करीब 2,030 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ है. वहीं 22 कैरेट सोने की कीमत में करीब 1,860 रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी आई है. हालांकि इससे पहले दो दिनों में सोने की कीमतों में अच्छी बढ़ोतरी भी देखने को मिली थी. उस दौरान 24 कैरेट सोना करीब 2,620 रुपये और 22 कैरेट सोना 2,400 रुपये तक महंगा हुआ था. आज की बात करें तो दिल्ली में 24 और 22 कैरेट सोना 10 रुपये प्रति 10 ग्राम और सस्ता हुआ है.

देश के बड़े शहरों में सोने का भाव

शहर 24 कैरट (₹/10 ग्राम) 22 कैरट (₹/10 ग्राम)
दिल्ली 1,42,070 1,30,240
मुंबई 1,41,920 1,30,090
कोलकाता 1,41,920 1,30,090
चेन्नई 1,45,080 1,32,990
बेंगलुरू 1,41,920 1,30,090
हैदराबाद 1,41,920 1,30,090
लखनऊ 1,42,070 1,30,240
पटना 1,41,970 1,30,140
जयपुर 1,42,070 1,30,240
अहमदाबाद 1,41,970 1,30,140

क्यों सस्ता हो रहा है सोना?

सोना ऐसा निवेश है जिस पर ब्याज नहीं मिलता. जब अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की संभावना बनती है और डॉलर मजबूत होता है, तो निवेशक सोने की बजाय दूसरे निवेश विकल्पों की ओर रुख करते हैं. इसका असर अंतरराष्ट्रीय बाजार के साथ-साथ भारत में भी देखने को मिलता है और सोने की कीमतों पर दबाव बढ़ जाता है. इसी वजह से देश में लगातार दूसरे दिन सोने के दाम में गिरावट दर्ज की गई है.

चांदी भी हुई सस्ती

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी गिरावट आई है. लगातार तीन दिनों तक स्थिर रहने के बाद आज चांदी 100 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई है. दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में एक किलो चांदी का भाव 2,39,900 रुपये है. वहीं चेन्नई में चांदी सबसे महंगी बनी हुई है, जहां इसका भाव 2,44,900 रुपये प्रति किलो है. विशेषज्ञों का कहना है कि उद्योगों की ओर से मांग में कुछ कमी आने के कारण चांदी की कीमतों पर दबाव बना हुआ है.

खरीदारी से पहले जरूर करें कीमत की जांच

सोने और चांदी की कीमतें रोज बदलती रहती हैं. इन पर अंतरराष्ट्रीय बाजार, डॉलर की चाल, ब्याज दरों और घरेलू मांग का सीधा असर पड़ता है. इसलिए अगर आप गहने या निवेश के लिए सोना-चांदी खरीदने जा रहे हैं, तो खरीदारी से पहले अपने शहर का ताजा रेट जरूर जांच लें. बाजार जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसलों के आधार पर सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है.

Topics: