Onion Supply: प्याज की महंगाई से राहत देगी सरकार, केवल 35 रुपये में बिक्री शुरू करने का फैसला

Onion Sale on subsidy : केंद्र सरकार ने प्याज की महंगाई को रोकने के लिए बफर स्टॉक से सब्सिडी वाला प्याज बेचने का निर्णय लिया है. कांदा एक्सप्रेस के जरिए नासिक से आने वाले प्याज को पहले देश के चार बड़े शहरों में पहुंचाया जाएगा. इसके बाद जरूरत के आधार पर शहरों को प्याज की आपूर्ति की जाएगी.

नई दिल्ली | Updated On: 24 Aug, 2026 | 07:48 PM

Subsidized Onion Supply : प्याज मांग बढ़ने के अनुरूप सप्लाई नहीं हो पाने से प्याज की कीमतों में उछाल देखा गया है. इसे नियंत्रित करने के लिए सरकार सस्ती दर पर प्याज की बिक्री करेगी. उपभोक्ता मामलों की सचिव ने कहा कि बफर स्टॉक से प्याज की सप्लाई बाजार में बढ़ाई जाएगी. उपभोक्ता केंद्रों पर सहकारी संघ नेफेड और एनसीसीएफ के केंद्रों पर 35 रुपये प्रति किलो की दर पर प्याज की बिक्री का फैसला किया गया है.

प्याज के दाम 59 फीसदी चढ़े, कांदा एक्सप्रेस से प्याज सप्लाई

प्याज के दाम उछलने के बाद आपूर्ति बढ़ाने और कीमतों में तेजी को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र के नासिक से बड़े खपत वाले केंद्रों तक खास रेलवे रैक ‘कांदा एक्सप्रेस’ के जरिये प्याज का भारी स्टॉक पहुंचाना शुरू कर दिया है. उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे ने कहा कि रेलवे के इन रैक पर अभी जो स्टॉक चढ़ाया जा रहा है, उसके बुधवार तक केंद्रों पर पहुंचने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि प्याज की कीमतों को नियंत्रित करने और बाजार में आपूर्ति संतुलित करने के लिए सस्ती दर पर प्याज बिक्री का फैसला किया है.

प्याज के भाव में 60 रुपये किलो पहुंचा, पिछले साल 33 रुपये भाव था

मंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि 24 अगस्त को प्याज की अखिल भारतीय औसत खुदरा कीमत सालाना आधार पर 59 फीसदी बढ़कर 43.53 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई, जो एक साल पहले 27.37 रुपये प्रति किलोग्राम थी. औसत थोक कीमत 68 फीसदी बढ़कर 35.58 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 21.23 रुपये प्रति किलोग्राम थी.

सोमवार को प्याज की खुदरा कीमत चेन्नई में 60 रुपये प्रति किलोग्राम थी और एक साल पहले 33 रुपये भाव था. इसी तरह दिल्ली में 55 रुपये प्रति किलोग्राम भाव दर्ज किया गया, जबकि एक साल पहले 35 रुपये कीमत थी. वहीं, कोलकाता में 53 रुपये प्रति किलोग्राम प्याज का भाव दर्ज किया गया है.

बड़े शहरों में 35 रुपये किलो में प्याज बिक्री शुरू होगी

निधि खरे ने कहा कि नासिक में रखे गए प्याज के बफर स्टॉक को रेल रैक के जरिये बड़ी मात्रा में भेजा जा रहा है और इन चुनिंदा खपत केंद्रों में थोक और खुदरा दोनों बाजारों में आपूर्ति उतारी जाएगी. उन्होंने कहा कि एनसीसीएफ और नाफेड जैसी एजेंसियों के जरिये खुदरा बाजार में प्याज 35 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बेचा जाएगा. शुरुआत में प्याज की आपूर्ति पांच प्रमुख खपत केंद्रों – चेन्नई, मदुरै, दिल्ली, एर्नाकुलम और गुवाहाटी में की जाएगी और बाद में बाजार की जरूरतों के आधार पर और जगहों को इसमें शामिल किया जाएगा.

प्याज की जमाखोरी पर सरकार की नजर

निधि खरे ने कहा कि सरकार प्याज की कीमतें नियंत्रित करने के लिए बाजार पर कड़ी नजर रख रही है. उन्होंने कहा कि नासिक में मंडी की कीमतें दिल्ली से अधिक हैं, जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए. इसका मतलब है कि गुटबाजी और सट्टेबाजी चल रही है.

1.21 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक मौजूद

प्याज का बफर स्टॉक केंद्र सरकार का एक रणनीतिक भंडार है, जिसे मुख्य रूप से आपूर्ति कम होने पर कीमतों में अचानक उछाल से बाजार को बचाने के लिए बनाया गया है. खरे ने कहा कि सरकार के पास चालू वर्ष के लिए 1.21 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक है, जो मांग को पूरा करने के लिए काफी है. आने वाले महीनों में घरेलू मांग को पूरा करने के लिए प्याज की उपलब्धता संतोषजनक बनी रहेगी.

Published: 24 Aug, 2026 | 07:27 PM

Topics: