लाडली बहना योजना की 39वीं किस्त कल जारी होगी, रक्षाबंधन की शगुन राशि भी खातों में पहुंचेगी
Ladli Behna Yojana 39th installment : लाडली बहना योजना की 39वीं किस्त जारी करने की तारीख और समय जारी कर दिया गया है. मध्य प्रदेश सरकार ने कहा है कि इस बार रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में पात्र बहनों के खातों में शगुन के रूप में 250 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे.
Ladli Behna Yojana Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश की लाडली बहनों के खाते में 39वीं किस्त की राशि कल 19 अगस्त को मुख्यमंत्री मोहन यादव जारी करेंगे. इस बार महिलाओं को रक्षाबंधन के शगुन के रूप में 250 रुपये अतिरिक्त दिए जा रहे हैं. इसके अलावा सीएम 256 करोड़ की अन्य विकास परियोजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे, जिनमें सिंचाई प्रोजेक्ट भी शामिल हैं. बता दें कि लाडली बहना योजना की किस्त हर महीने की 10 से 12 तारीख को जारी की जाती है. लेकिन, 39वीं किस्त को जारी करने में करीब सप्ताह भर की देरी हुई है.
1.25 करोड़ महिलाओं को 2148 करोड़ जारी होंगे
मध्य प्रदेश सरकार के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार 19 अगस्त को मैहर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 13 हजार से अधिक पात्र बहनों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक से कुल 2,148 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर करेंगे. मुख्यमंत्री डॉ. यादव मैहर जिले में 256 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन भी करेंगे.
नियमित सहायता के साथ रक्षाबंधन का विशेष शगुन
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त के रूप में 1500 प्रति लाभार्थी कुल 1835.46 करोड़ रुपये से अधिक और रक्षाबंधन के विशेष अवसर पर 250 प्रति लाभार्थी कुल 312.83 करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त सहायता दी जा रही है. इस प्रकार प्रत्येक लाड़ली बहना के खाते में कुल 1750 रुपये की संयुक्त राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से पहुंचेगी.
12 जुलाई को जारी हुई थी 38वीं किस्त
इससे पहले मध्य प्रदेश सरकार की Ladli Behna Yojana की 38वीं किस्त 12 जुलाई 2026 को जारी की गई थी. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भिंड जिले के लहार से इस किस्त के तहत 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 1500 रुपये की राशि ट्रांसफर की थी. आमतौर पर लाडली बहना योजना की किस्त हर महीने की 10 से 12 तारीख को जारी की जाती है. लेकिन, 39वीं किस्त को जारी करने में करीब सप्ताह भर की देरी हुई है.
योजना के तहत अब तक का कुल वित्तीय विवरण
लाडली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में की गई थी. तब से लेकर अगस्त 2026 तक की कुल 39 किश्तों के माध्यम से लाभार्थी महिलाओं के खातों में 63 हजार 248 करोड़ रुपये की सहायता राशि अंतरित की जा चुकी है. चालू वित्तीय वर्ष 2026-2027 के लिए राज्य सरकार ने इस योजना के लिये 23,882.81 करोड़ रुपये का विस्तृत बजट प्रावधान रखा है.