KBC में 50 लाख जीतने वाली महिला तहसीलदार बाढ़ राहत घोटाले में गिरफ्तार, अब तक 22 पटवारी भी पकड़े गए 

Madhya Pradesh Flood Relief Scam: महिला तहसीलदार अमिता सिंह तोमर को मध्य प्रदेश के ग्वालियर से 2.5 करोड़ रुपये के बाढ़ राहत घोटाले में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है. महिला अधिकारी को पेशी के बाद जेल भेज दिया गया है. मामले में 110 लोग आरोपी हैं और पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है.

नोएडा | Updated On: 27 Mar, 2026 | 12:56 PM

साल 2021 में बाढ़ राहत पैकेज में 2.5 करोड़ का घोटाला करने के मामले में पुलिस ने महिला तहसीलदार अमिता तोमर को गिरफ्तार कर लिया है और अदालत में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया है. महिला तहसीलदार ने अमिताभ बच्चन के कौन बनेगा करोड़पति शो में हिस्सा लेकर 50 लाख रुपये जीतने के बाद सुर्खियों में छा गई थीं. बता दें कि मध्य प्रदेश में बाढ़ राहत पैकेज घोटाले में अब तक 22 पटवारी यानी राजस्व अधिकारियों को भी पकड़ा जा चुका है. जबकि, एफआईआर में 110 लोगों के नाम दर्ज हैं. बाकी आरोपियों को भी पुलिस तलाश रही है. आरोपियों ने फर्जी बैंक खाते दिखाकर बाढ़ राहत का पैसा ट्रांसफर किया था.

2.5 करोड़ के घोटाले में महिला तहसीलदार गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के अधिकारियों ने पीटीआई को बताया कि महिला तहसीलदार अमिता सिंह तोमर को मध्य प्रदेश के ग्वालियर से 2.5 करोड़ रुपये के बाढ़ राहत घोटाला में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है. अधिकारी ने कहा कि अमिता सिंह तोमर को गुरुवार को 2021 में यहां बड़ौदा तहसील में हुई कथित अनियमितताओं के मामले में गिरफ्तार किया गया. उन्होंने आगे बताया कि अदालत में पेश किए जाने के बाद उन्हें पड़ोसी जिले शिवपुरी की जेल में भेज दिया गया है.

हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने नहीं दी थी राहत

अधिकारी ने कहा कि बड़ौदा के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (SDOP) अवनीत शर्मा के नेतृत्व में एक टीम ने तोमर को ग्वालियर के चांदवदनी नाका स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया. तोमर विजयपुर की तहसीलदार थीं, लेकिन बुधवार को कलेक्टर अर्पित वर्मा ने उन्हें इस पद से हटा दिया था. अधिकारी ने कहा कि तोमर ने इससे पहले हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दी थी, लेकिन उनकी अपीलें खारिज कर दी गई थीं.

घोटाला मामले में 22 पटवारी भी गिरफ्तार

अधिकारी ने कहा कि साल 2021 के बाढ़ राहत घोटाले में अब तक 22 पटवारियों (राजस्व अधिकारियों) और एक तहसीलदार को गिरफ्तार किया जा चुका है. इस मामले में कथित तौर पर 2.5 करोड़ रुपये गबन के इरादे से फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए थे. उन्होंने बताया कि इस मामले में दर्ज FIR में करीब 110 लोगों के नाम शामिल हैं. पुलिस अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई कर रही है.

लंबे समय से गैरहाजिर चल रही थीं अमिता तोमर

पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस मामले की जांच श्योपुर जिले की एक तहसील बड़ौदा के SDOP कर रहे हैं. SP ने कहा कि तहसीलदार अमिता सिंह तोमर अपनी ड्यूटी से गैरहाजिर चल रही थीं, जिसके बाद पुलिस की एक टीम ने उनका पता लगाया और उन्हें ग्वालियर से गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है.

बाढ़ राहत पैकेज घोटाले की आरोपी अमिता सिंह तोमर ने अभिनेता अमिताभ बच्चन द्वारा होस्ट किए जाने वाले शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) में एक प्रतियोगी के तौर पर 50 लाख रुपये जीते थे. इसके बाद वह काफी सुर्खियों में रहीं थीं और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली थी,

Published: 27 Mar, 2026 | 12:47 PM

Topics: