मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन, इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव (38) का लखनऊ में निधन हो गया. वे मुलायम सिंह यादव के बेटे और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति थे. स्वास्थ्य समस्याओं के चलते उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उनकी मौत हुई. परिवार और सपा समर्थकों में शोक की लहर है, कारणों की पुष्टि नहीं हुई है.

नोएडा | Updated On: 13 May, 2026 | 09:05 AM

Prateek Yadav Death: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के परिवार से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है. उनके छोटे भाई प्रतीक यादव (38) का लखनऊ में निधन हो गया है. प्रतीक यादव, सपा के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. वे अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे. इस खबर से सपा परिवार के साथ-साथ पूरे उत्तर प्रदेश में शोक की लहर है. प्रतीक यादव बीजेपी नेत्री अपर्णा यादव के पति भी थे.

कहा जा रहा है कि प्रतीक यादव को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया. वे बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति थे. हालांकि पिछले दिनों उनके वैवाहिक जीवन को लेकर विवाद की खबरें भी सामने आई थीं. बताया जा रहा है कि कुछ समय से वे परिवार के साथ रह रहे थे, लेकिन उनके बीच पारिवारिक मतभेद की चर्चा बनी हुई थी.

सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया

कहा जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से प्रतीक यादव की तबीयत ठीक नहीं थी और उनका इलाज चल रहा था. बुधवार सुबह उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनके निधन की खबर मिलते ही यादव परिवार और समाजवादी पार्टी के समर्थकों में गहरा शोक फैल गया. जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य प्रतीक यादव को अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन उस समय उनकी पत्नी अपर्णा यादव उनके साथ मौजूद नहीं थीं. बताया जा रहा है कि वे घर पर सो रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई.

बिजनेस और फिटनेस से जुड़े कामों में सक्रिय रहते थे

प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहकर वे बिजनेस और फिटनेस से जुड़े कामों में सक्रिय रहते थे. फिलहाल इस खबर को लेकर परिवार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं आई है. उनकी मौत के कारणों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है और विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है. फिलहाल पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. शव का पंचनामा किया जा रहा है और जल्द ही डॉक्टरों का पैनल पोस्टमार्टम करेगा. सूत्रों के मुताबिक, प्रतीक यादव के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है. अधिकारियों का कहना है कि मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.

प्रतीक यादव ने ब्रिटेन से पढ़ाई की थी

सुबह करीब 6 बजे उन्हें बीमार हालत में उनके साले चंद्रशेखर और उनके मित्र राहुल पाठक अस्पताल लेकर आए. डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं, प्रतीक यादव के निधन की खबर मिलते ही अपर्णा यादव की मां अंबी बिष्ट लखनऊ स्थित उनके घर पहुंच गईं. बता दें कि प्रतीक यादव ने ब्रिटेन की प्रसिद्ध यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से अपनी पढ़ाई पूरी की थी. पढ़ाई खत्म करने के बाद उन्होंने राजनीति में आने के बजाय बिजनेस और फिटनेस के क्षेत्र में अपना करियर बनाया था.

 

Published: 13 May, 2026 | 08:10 AM

Topics: