UP में तेज हवा के साथ ओले पड़ने की चेतावनी, एक्शन में CM योगी.. मजिस्ट्रेट करेंगे फसल नुकसान का निरीक्षण

उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं और बारिश के कारण रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विशेषज्ञों और कृषि अधिकारियों ने किसानों को फसल कटाई में देरी, तिरपाल से सुरक्षा और सिंचाई रोकने की सलाह दी है. गेहूं और सरसों की फसल नुकसान और फंगस के खतरे में है.

नोएडा | Updated On: 22 Mar, 2026 | 10:20 AM

Uttar Pradesh weather update: उत्तर प्रदेश में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए तूफान, बिजली गिरने, तेज हवाओं और कुछ जगहों पर ओले पड़ने की चेतावनी देते हुए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं, मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं के कारण खड़ी फसल, खासकर गेहूं, को नुकसान पहुंच सकता है, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम ज्यादा सक्रिय है. इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने बेमौसम बारिश को देखते हुए अधिकारियों को फसल नुकसान का त्वरित आकलन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि किसानों के हित सबसे महत्वपूर्ण हैं और सभी जिलों के मजिस्ट्रेट तुरंत निरीक्षण करें और रियल-टाइम रिपोर्ट जमा करें. मुख्यमंत्री ने राहत आयुक्त को भी निर्देश दिया कि वे फील्ड अधिकारियों के साथ सीधे समन्वय बनाए रखें, ताकि जानकारी समय पर मिल सके और राहत कार्यों में देरी न हो.

कृषि एक्सपर्ट निर्मल यादव ने किसान इंडिया से कहा कि किसान स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें. अगर कुछ घंटे की अंदर बारिश की संभावना बन रही है, तो किसान फसल की कटाई नहीं करें. साथ ही कटी हुई फसल को तिरपाल से कवर कर दें. निर्मल यादव के अनुसार, बारिश के चलते गेहूं की क्वालिटी  खराब हो सकती है. साथ ही सरसों जैसी फसल में फंगस लगने का खतरा बढ़ सकता है. उन्होंने कहा कि कुछ दिनों के लिए किसान अपनी फसल की सिंचाई भी रोक दें. नहीं, तो तेज हवा बहने पर फसल जमीन पर गिर सकती है.

इस गति से चलेंगी हवाएं

IMD ने राेबरली, अमेठी, सुलतानपुर, अम्बेडकर नगर, अयोध्या, बस्ती, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा और आसपास के क्षेत्रों में तेज तूफान, ओले और 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार वाली हवाओं की चेतावनी दी है. इन जिलों में ओले, बिजली गिरना, मध्यम बारिश और तेज हवाओं के चलते फसल, बिजली की लाइनें और अस्थायी संरचनाओं को नुकसान का खतरा है.

इन जिलों में तेज हवा के साथ हो सकती है बारिश

साथ ही, मिर्जापुर, प्रयागराज, संत रविदास नगर (भदोही), वाराणसी, जौनपुर, प्रतापगढ़, आजमगढ़, अम्बेडकर नगर, अयोध्या, संत कबीर नगर, बस्ती, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत और राेबरली, अमेठी, सुलतानपुर के कुछ हिस्सों में मध्यम तेज तूफान, बिजली और 40- 60 किमी/घंटा की रफ्तार वाली हवाओं की संभावना है. इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और तूफानों के बीच स्थानीय डिस्टरबेंस देखने को मिल सकते हैं.

व्यापक तूफानी गतिविधि की चेतावनी दी

विशेषज्ञों ने उत्तर प्रदेश के मध्य, पूर्व और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में व्यापक तूफानी गतिविधि  की चेतावनी दी है. कुछ हिस्सों में हवाओं की रफ्तार 60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है और ‘रेड अलर्ट’ वाले क्षेत्रों में ओलों की घटना भी हो सकती है. मौसम में बादलों और बारिश के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा. कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है.

तेज हवाओं से गेहूं की फसल झुकने का खतरा है

रबी फसलों के लिए यह महत्वपूर्ण समय होने के कारण, तेज हवाओं से गेहूं की फसल झुकने का खतरा है. इसके अलावा, बारिश या ओले से सरसों, चना और दालों के दाने खराब हो सकते हैं और उनकी गुणवत्ता पर असर पड़ सकता है. सब्जियों और बागवानी फसलों को भी फिजिकल नुकसान और फल झड़ने का खतरा है. IMD ने किसानों को सलाह दी है कि वे पक चुकी फसल की तुरंत कटाई करें और उसे सुरक्षित जगह रखें. उन्होंने कहा कि तूफान के दौरान खेत में किसी तरह का छिड़काव या अन्य काम न करें और खेतों में पानी सही ढंग से निकले, इसका ध्यान रखें.

Published: 22 Mar, 2026 | 10:13 AM

Topics: