दिल्ली से बिहार तक बिगड़ा मौसम, 17 राज्यों में आंधी-तूफान का रेड अलर्ट, ओलावृष्टि से फसलों पर मंडराया खतरा

कई राज्यों में तेज हवाओं, बारिश और आंधी-तूफान का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग ने 21 मार्च को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है, जिसके तहत दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा समेत 17 राज्यों में खराब मौसम की चेतावनी दी गई है. वहीं दूसरी ओर किसानों के लिए यह समय चुनौतीपूर्ण बन गया है. ओलावृष्टि, तेज हवाओं और बारिश के कारण गेहूं समेत कई रबी फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका है.

नई दिल्ली | Published: 21 Mar, 2026 | 07:21 AM

Today Weather: देश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है और इसका असर उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और मध्य भारत तक साफ दिखाई दे रहा है. कई राज्यों में तेज हवाओं, बारिश और आंधी-तूफान का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग ने 21 मार्च को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है, जिसके तहत दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा समेत 17 राज्यों में खराब मौसम की चेतावनी दी गई है.

इस बदले मौसम ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं दूसरी ओर किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि कई जगहों पर ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है.

देश के 17 राज्यों में मौसम अलर्ट

देशभर में मौसम तेजी से बदल रहा है और 21 मार्च को 17 राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है.

उत्तर-पश्चिम भारत: दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है. हिमाचल में 23 से 26 मार्च और उत्तराखंड में 23 मार्च को बारिश और बर्फबारी के साथ 40-50 किमी/घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि यूपी में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं.

पूर्वी और मध्य भारत: बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में तेज आंधी-बारिश के साथ 70 किमी/घंटा तक तेज हवाएं चल सकती हैं. अगले 2-3 दिनों तक इन इलाकों में गरज-चमक, बिजली और 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाओं के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है.

ओलावृष्टि और तेज तूफान का खतरा: पश्चिम बंगाल के गंगा मैदानी क्षेत्रों में 60-80 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है, जबकि मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड में ओलावृष्टि का खतरा भी बना हुआ है, जिससे फसलों को नुकसान हो सकता है.

दिल्ली-एनसीआर में बारिश के साथ ठंडक

दिल्ली-एनसीआर में मौसम पूरी तरह से बदल गया है. पिछले कुछ दिनों से चल रही तेज हवाओं और बारिश ने गर्मी को पीछे धकेल दिया है. 21 मार्च को भी तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है, जिसकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है.

राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. कई इलाकों जैसे आनंद विहार, आईटीओ, लाजपत नगर और राजीव चौक में तेज बारिश की चेतावनी दी गई है. इस बदलाव से एयर क्वालिटी भी सुधरी है और मौसम सुहावना हो गया है.

उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि का खतरा

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है. पश्चिमी और पूर्वी यूपी में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. गोरखपुर, देवरिया, बलिया, मऊ, आजमगढ़, बस्ती और सिद्धार्थनगर जैसे जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. हवा की रफ्तार 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. वहीं लखनऊ में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री रहने का अनुमान है. वहीं कई जिलों में बिजली गिरने और ओले पड़ने की भी चेतावनी दी गई है, जिससे फसलों को नुकसान हो सकता है.

बिहार में तेज बारिश और बिजली गिरने का खतरा

बिहार में भी मौसम पूरी तरह से बदला हुआ है. कई जिलों में मूसलाधार बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. किशनगंज, कटिहार, मुजफ्फरपुर, सहरसा, वैशाली और गोपालगंज जैसे जिलों में भारी बारिश के साथ ठनका गिरने की आशंका है.

पटना में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री रहने का अनुमान है. पिछले 48 घंटों में हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है.

राजस्थान में  पश्चिमी विक्षोभ का असर

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर साफ दिख रहा है. कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है और अगले 24 घंटे में भी मौसम बदला रह सकता है. जयपुर, झुंझुनू, अजमेर, कोटा, चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा में बारिश की संभावना है. जयपुर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री रहने का अनुमान है. बीकानेर के नोखा इलाके में 25 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और गर्मी से राहत मिली.

हिमाचल प्रदेश में बारिश-बर्फबारी और ठंड का असर

हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में मौसम काफी खराब बना हुआ है. कुल्लू, मनाली, चंबा और किन्नौर में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है. मनाली में अधिकतम तापमान 0 डिग्री और न्यूनतम माइनस 8 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे ठंड का असर बढ़ गया है. मौसम विभाग ने तेज हवाओं और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

उत्तराखंड में बारिश और ठंडी हवाओं का दौर

उत्तराखंड में भी मौसम बदला हुआ है. देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. देहरादून में अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री रहने का अनुमान है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ गई है और लोगों को सर्दी का अहसास हो रहा है.

मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान

मध्य प्रदेश में भी मौसम का असर देखने को मिल रहा है. भोपाल, इंदौर और जबलपुर समेत कई जिलों में आंधी-बारिश और ओले गिरने की घटनाएं सामने आई हैं. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के करीब 30 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. इस बदले मौसम से तापमान में गिरावट आई है, लेकिन किसानों के लिए यह चिंता का कारण बन गया है, क्योंकि फसलों को भारी नुकसान हो सकता है.

पंजाब-हरियाणा का मौसम

पश्चिमी विक्षोभ के असर से पंजाब और हरियाणा में मौसम पूरी तरह बदल गया है और ठंडक लौट आई है. तेज आंधी, बारिश और कई जगहों पर हुई ओलावृष्टि ने जहां मौसम को सुहावना बना दिया है, वहीं किसानों के लिए परेशानी बढ़ा दी है, क्योंकि गेहूं समेत कई फसलों को नुकसान पहुंचा है. तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे दिन में भी हल्की ठंड का एहसास हो रहा है. खासकर चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, सोनीपत, गुरुग्राम, हिसार, भिवानी, रेवाड़ी और पानीपत सहित कई जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं और भारी बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे मौसम ठंडा और सुहावना हो गया है.

किसानों के लिए बढ़ी चिंता, लोगों के लिए राहत

देशभर में मौसम के इस बदलाव ने दो अलग-अलग तस्वीरें पेश की हैं. एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर किसानों के लिए यह समय चुनौतीपूर्ण बन गया है. ओलावृष्टि, तेज हवाओं और बारिश के कारण गेहूं समेत कई रबी फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका है. ऐसे में मौसम विभाग ने सभी लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है.

Topics: