बिरयानी के बाद तरबूज खाने से हुई 4 की मौत? मुंबई की इस खौफनाक घटना पर डॉक्टर ने खोला बड़ा राज!
Watermelon Myth: मुंबई से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसने लोगों के मन में बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि, क्या सच में बिरयानी और तरबूज साथ खाने से इतनी खतरनाक स्थिति बन सकती है? या इसके पीछे कोई और वजह छिपी है? पूरी सच्चाई तो जांच के बाद ही सामने आएगी.
Watermelon Myth vs Fact: मुंबई से आई एक खबर ने हर किसी को सन्न कर दिया है. एक हंसता-खेलता परिवार (पति, पत्नी और दो मासूम बेटियां) एक रात में खत्म हो गया. रोज की तरह साथ बैठकर डिनर हुआ, बिरयानी खाई गई और गर्मी से राहत के लिए तरबूज भी खाया गया लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यही एक आम-सी लगने वाली रात उनकी जिंदगी की आखिरी रात बन जाएगी. सुबह होते-होते सबकी तबीयत अचानक बिगड़ गई-तेज उल्टियां, दस्त और असहनीय दर्द. अस्पताल पहुंचने के बावजूद कुछ ही घंटों में चारों की मौत हो गई.
ऐसे में इन सब के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि, क्या सच में बिरयानी और तरबूज जैसी आम चीजें इतनी खतरनाक हो सकती हैं, या इसके पीछे कोई और सच्चाई छिपी है? इसी सवाल पर मेटाबोलिक विशेषज्ञ डॉ. हितेश सरावगी ने अपनी राय दी. आइए उनसे समझते हैं कि, आखिर इसके पीछे की सच्चाई क्या है और किन कारणों से ऐसी गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है.
क्या खाने से हो सकती है इतनी जल्दी मौत?
इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठा कि क्या तरबूज या बिरयानी खाने से इतनी जल्दी मौत हो सकती है? इस पर बात करते हुए धन्वंतरी अस्पताल, राज नगर एक्सटेंशन (गाजियाबाद) के मेटाबोलिक चिकित्सक डॉ. हितेश सरावगी ने किसान इंडिया को बताया कि, वैज्ञानिक दृष्टि से देखा जाए तो सिर्फ तरबूज या बिरयानी खाने के बाद सीधे मौत हो जाना बेहद असामान्य है. आमतौर पर ऐसा तभी संभव हो सकता है जब खाने में काफी ज्यादा मात्रा में फूड कंटैमिनेशन (संक्रमण) मौजूद हो.
उन्होंने आगे समझाया कि तरबूज खाने से कुछ लोगों को गैस, उल्टी, दस्त या पेट में तेज दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं, लेकिन इसे तुरंत जानलेवा मानना सही नहीं है. अब तक ऐसे मामले बहुत दुर्लभ हैं, जहां केवल इन खाद्य पदार्थों के सेवन से सीधे मृत्यु हुई हो. डॉ. सरावगी के मुताबिक, इस तरह के मामलों में असली कारण जानने के लिए विस्तृत जांच जरूरी होती है, तभी स्पष्ट हो पाएगा कि घटना के पीछे असल वजह क्या थी.
फूड प्वाइजनिंग का असली खतरा क्या है?
अगर खाना बासी हो जाए, देर तक खुला रखा रहे या सही तरीके से फ्रिज में न रखा जाए, तो उसमें कीटाणु (बैक्टीरिया) पैदा हो जाते हैं. ऐसा खाना खाने से फूड प्वाइजनिंग हो सकती है. तरबूज जैसे फल अगर काटने के बाद लंबे समय तक बाहर पड़े रहें, तो उनमें भी जल्दी संक्रमण लग सकता है. इसलिए ऐसे फल तुरंत खा लेना चाहिए या सही तरह से स्टोर करना चाहिए.
जांच के बाद ही सामने आएगी सच्चाई
मेडिकल साइंस की समझ के मुताबिक, आमतौर पर सिर्फ तरबूज या बिरयानी खाने से अचानक मौत हो जाना सामान्य नहीं माना जाता. डॉक्टरों के अनुसार, ऐसी घटनाओं के पीछे सिर्फ खाना ही वजह हो, यह जरूरी नहीं है. हो सकता है खाने में किसी तरह का जहरीला पदार्थ या टॉक्सिन मिल गया हो या शरीर में पहले से कोई गंभीर संक्रमण मौजूद हो. असल कारण क्या है, यह केवल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकता है. इसलिए बिना पूरी जांच के किसी नतीजे पर पहुंचना सही नहीं माना जाता.
तरबूज खाते समय किन बातों का रखें ध्यान?
गर्मी के मौसम में तरबूज एक बेहद फायदेमंद और ठंडक देने वाला फल है, लेकिन इसे सही तरीके से खाना जरूरी है.
जरूरी सावधानियां:
- हमेशा ताजा और सही हालत वाला तरबूज ही खरीदें
- अगर फल का रंग, गंध या स्वाद अजीब लगे तो उसे न खाएं
- तरबूज को काटकर लंबे समय तक न रखें
- फ्रिज में रखा हो तब भी खराब लगने पर तुरंत फेंक दें
- पिलपिला या सड़ा हुआ तरबूज बिल्कुल न खरीदें
इसके अलावा बाजार से फल खरीदते वक्त भी लापरवाही न करें. फल पर कहीं कट, दरार, सड़न या पिलपिलापन दिखे तो उसे न खरीदें. पहले से कटे हुए फल लेने से बचें और घर लाने के बाद फलों को अच्छे से धोकर ही खाएं, ताकि उन पर लगे केमिकल या गंदगी हट सके.
मुंबई से सामने आई यह घटना सिर्फ एक खबर नहीं है, बल्कि एक आम लोगों के लिए एक से कम नहीं चेतावनी है. यह हमें याद दिलाती है कि छोटी-सी लापरवाही कितनी बड़ी कीमत वसूल सकती है. जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि असल वजह क्या थी, लेकिन तब तक यह जरूरी है कि हम सतर्क रहें, सावधान रहें और खाने-पीने की चीजों को हल्के में न लें.