1.25 करोड़ लाडली बहनों के खाते में पहुंचे 2148 करोड़, रक्षाबंधन शगुन के 250 रुपये ज्यादा मिले
Ladli Behna yojana 39th installment Released : लाडली बहना योजना की 39वीं किस्त जारी कर दी गई है. लाडली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में की गई थी. तब से लेकर अगस्त 2026 तक की कुल 39 किश्तों के माध्यम से लाभार्थी महिलाओं के खातों में 63 हजार 248 करोड़ रुपये की सहायता राशि अंतरित की जा चुकी है.
Ladli Behna Yojana Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश की लाडली बहनों के खाते में 39वीं किस्त की राशि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आज जारी कर दी है. इस बार महिलाओं को रक्षाबंधन के शगुन के रूप में 250 रुपये अतिरिक्त दिए गए हैं. इसके अलावा सीएम 256 करोड़ की अन्य विकास परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया है. बता दें कि लाडली बहना योजना की किस्त हर महीने की 10 से 12 तारीख को जारी की जाती है. लेकिन, 39वीं किस्त को जारी करने में करीब सप्ताह भर की देरी हुई है.
1.25 करोड़ महिलाओं को 2148 करोड़ जारी होंगे
मध्य प्रदेश सरकार के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज बुधवार 19 अगस्त को मैहर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 13 हजार से अधिक पात्र बहनों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक से कुल 2,148 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर कर दी है. प्रत्येक लाड़ली बहन को इस माह 1,500 रुपये के साथ रक्षाबंधन के स्नेह स्वरूप 250 रुपये का शगुन भेजकर कुल 1,750 रुपये दिए गए हैं.
रक्षाबंधन शगुन के 250 रुपये भी मिले
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त के रूप में 1500 प्रति लाभार्थी कुल 1835.46 करोड़ रुपये से अधिक और रक्षाबंधन के विशेष अवसर पर 250 प्रति लाभार्थी कुल 312.83 करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त सहायता दी जा रही है. इस प्रकार प्रत्येक लाड़ली बहना के खाते में कुल 1750 रुपये की संयुक्त राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से भेजी गई है.
12 जुलाई को जारी हुई थी 38वीं किस्त
इससे पहले मध्य प्रदेश सरकार की Ladli Behna Yojana की 38वीं किस्त 12 जुलाई 2026 को जारी की गई थी. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भिंड जिले के लहार से इस किस्त के तहत 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 1500 रुपये की राशि ट्रांसफर की थी. आमतौर पर लाडली बहना योजना की किस्त हर महीने की 10 से 12 तारीख को जारी की जाती है. लेकिन, 39वीं किस्त को जारी करने में करीब सप्ताह भर की देरी हुई है.
योजना के तहत अब तक का कुल वित्तीय विवरण
लाडली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में की गई थी. तब से लेकर अगस्त 2026 तक की कुल 39 किश्तों के माध्यम से लाभार्थी महिलाओं के खातों में 63 हजार 248 करोड़ रुपये की सहायता राशि अंतरित की जा चुकी है. चालू वित्तीय वर्ष 2026-2027 के लिए राज्य सरकार ने इस योजना के लिये 23,882.81 करोड़ रुपये का विस्तृत बजट प्रावधान रखा है.