शतक से बड़ा है ये टैटू.. क्रिकेटर ध्रुव जुरेल की बाजू पर चमका ‘जय जवान जय किसान’, कृषि मंत्री ने शेयर की तस्वीर

Cricketer Dhruv Jurel Jai Jawan Jai Kisan Tattoo : क्रिकेटर ध्रुव जुरेल ने कोलंबो में अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक लगाकर ऐसे जश्न मनाया है, जिससे देश के अन्नदाता का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी उनकी तस्वीर साझा करते हुए नारा बुलंद किया है.

नोएडा | Updated On: 24 Aug, 2026 | 11:16 PM

भारतीय क्रिकेटर ध्रुव जुरेल ने श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन अपने करियर का दूसरा टेस्ट शतक लगाया. ध्रुव जुरेल ने शतक का जश्न मनाने के लिए अपना बल्ला उठाने की बजाय पहले बाजू खोली और वहां पर गुदे टैटू ‘जय जवान जय किसान’ को दिखाया तो करोड़ों किसानों का सीना गर्व से चौड़ा हो गया. टैटू के जरिए जुरेल ने किसानों और जवानों के प्रति सम्मान और समर्पण को दिखा दिया. यह सिर्फ एक शतक का जश्न नहीं, यह एक बेटे का अपने सेना से रिटायर कारगिल योद्धा पिता को और एक भारतीय का अपने देश के अन्नदाताओं को दिया गया सच्चा सम्मान है. इतना ही नहीं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह भी खुद को गर्व के उस क्षण की तस्वीर साझा करने से नहीं रोक सके.

ध्रुव जुरेल का शतक किसानों और जवानों को समर्पित

क्रिकेटर ध्रुव जुरेल का ‘जय जवान जय किसान’ टैटू वायरल हो गया है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी उनकी तस्वीर साझा करते हुए किसानों का नारा बुलंद किया. भारतीय युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में शानदार शतक जड़कर सबका दिल जीत लिया. शतक पूरा करने के बाद जुरेल ने जिस अंदाज में जश्न मनाया, उसने क्रिकेट फैंस के साथ-साथ देश के किसानों और जवानों को भी गर्व से भर दिया. जश्न के दौरान कैमरे में कैद हुई तस्वीर में उनके बाएं हाथ पर ‘जय जवान जय किसान’ का टैटू साफ नजर आया.

ध्रुव के दादा किसान थे और पिता सेना में हवलदार

ध्रुव जुरेल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के खंदौली ब्लॉक के पैंतखेड़ा गांव के रहने वाले हैं. उनके दादाजी किसान थे. उनके पिता नेम सिंह जुरेल सेना में हवलदार के पद से रिटायर हैं और उन्होंने कारगिल युद्ध के दौरान मोर्चे पर थे. हालांकि, अब उनका परिवार आगरा शहर में रहता है. दादा का खेती और पिता का सेना से नाता ध्रुव जुरेल में भी समाया हुआ है और वह कोलंबो के क्रिकेट मैदान से आज झलक उठा. इससे पहले भी ध्रुव कई मौकों पर गर्व से कह चुके हैं कि उनके दादा किसान और पिता सैनिक रहे हैं और वे अपनी इन जड़ों को कभी नहीं भूलते.

दिवंगत पीएम लाल बहादुर शास्त्री का नारा आज भी देश की आत्मा है

ध्रुव जुरेल की बांह पर लिखा ‘जय जवान जय किसान’ का नारे को देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने 1965 में दिया था, जो आज भी देश की ताकत का प्रतीक है. उस समय देश को एक तरफ पाकिस्तान से युद्ध का सामना करना पड़ रहा था और दूसरी तरफ देश में भयंकर अकाल पड़ा था. तब शास्त्री जी ने देश को एकजुट करने के लिए जवानों और किसानों दोनों का मनोबल बढ़ाने के लिए यह नारा दिया था. आज भी यह नारा भारत की आत्मा माना जाता है. शास्त्री जी के पोते आदर्श शास्त्री ने ‘किसान इंडिया’ के बीते 15 अगस्त के स्पेशल वीडियो एपिसोड में भी इस नारे से जुड़ी कहानी शेयर की और बताया कि उनकी दादी ने कैसे दूध पीने के लिए छोटा सा गिलास बनवाया था और उन्होंने उस गिलास को दिखाया भी. वीडियो देखने के लिए क्लिक करें

ध्रुव जुरेल का क्रिकेट करियर

ध्रुव जुरेल भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं. स्पोर्ट्स वेबसाइट ईएसपीएन क्रिकइंफो के अनुसार जुरेल ने घरेलू क्रिकेट और अंडर-19 में अपनी पहचान बनाने के बाद आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया. जुरेल ने अब तक 12 टेस्ट मैच खेले हैं. आज उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्ट में 115 रन नाबाद बनाकर अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक लगाया. उन्होंने 177 गेंदों में 115 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल थे.

नोएडा | Updated On: 24 Aug, 2026 | 11:16 PM
Published: 24 Aug, 2026 | 10:52 PM

Topics: