महंगाई से खत्म हो रही चीनी की मिठास.. 53 रुपये से 70 रुपये पहुंचा भाव, गुड़ भी 40 रुपये महंगा हुआ

Sugar & Jaggery Price Hike: चीनी के बाद गुड़ के भाव ने भी लंबी छलांग लगाई है. इसके साथ ही चीनी से बनने वाले बताशे, नकुलदाना का भी रेट चढ़ गया है. वहीं, आर्गेनिक गुड़ 120 रुपये प्रति किलो कीमत पर बिक रहा है.

नोएडा | Updated On: 21 Aug, 2026 | 01:54 PM

खपत के मुकाबले उपलब्धता कम होने से चीनी के भाव हर दिन बढ़ रहे हैं. चीनी एक सप्ताह में 17 रुपये से भी ज्यादा महंगी हो गई है. सामान्य चीनी का ताजा खुदरा भाव 70 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गया है. चीनी के साथ ही गुड़ के भाव ने भी लंबी छलांग लगाते हुए 40 रुपये महंगा हो गया है. जबकि, गुड़ की थोक कीमतों में भी 800 रुपये प्रति क्विंटल का उछाल दर्ज किया गया है. त्योहार से पहले बड़ी कीमतों ने उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. वहीं, कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने विदेशी बाजारों से चीनी आयात करने का फैसला लिया है.

रॉकेट बने चीनी के दाम 70 रुपये किलोग्राम तक पहुंचे

त्योहारों के मद्देनजर खुदरा बाजार में चीनी के दाम बढ़कर 70 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गए हैं. पश्चिम बंगाल के कोलकाता बाजार में पिछले एक महीने में चीनी के दाम में 20 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हुई है, जबकि पिछले चार-पांच दिन में ही कीमतों में अचानक 10 फीसदी का उछाल आया है. वहीं, थोक मंडी में चीनी का आज का भाव 5600 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया है जो बीते सप्ताह के दौरान 1200 रुपये की बढ़ोत्तरी को दर्शाता है.

चीनी की खुदरा कीमतों में उछाल जारी

केंद्रीय उपभोक्ता मामले विभाग के मूल्य निगरानी विभाग के अनुसार 20 अगस्त 2026 को चीनी की अखिल भारतीय खुदरा कीमत 55.7 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई है. जो बीते महीने की 48.18 से करीब 8 रुपये प्रति किलो मंहगी हो गई है. वहीं, बीते एक साल पहले यानी 20 अगस्त 2025 को चीनी की खुदरा कीमत 46.3 रुपये प्रति किलो थी.

गुड़ का भाव 40 रुपये तक बढ़ा

त्योहारों से पहले खुदरा बाजार में गुड़ की कीमतों में 15 से 40 रुपये प्रति किलो तक की भारी बढ़ोतरी हुई है. खुदरा बाजार में सामान्य गुड़ 60 से 70 रुपये और अच्छी गुणवत्ता या प्रीमियम क्वालिटी का गुड़ 70 से 100 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है. जो गुड़ कुछ समय पहले तक 40 से 45 रुपये प्रति किलो मिलता था, उसके दाम पिछले कुछ हफ्तों में 15 से 40 रुपये तक बढ़ चुके हैं. ऑर्गेनिक गुड़ का खुदरा बाजार में भाव 120 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है.

थोक गुड़ के साथ बताशा और नकुलदाना के भाव भी चढ़े

राष्ट्रीय स्तर पर थोक मंडी में गुड़ का औसत भाव लगभग 4500 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गया है. जो बीते सप्ताह के भाव की तुलना में करीब 1000 रुपये प्रति क्विंटल चढ़ गया है. गुड़ की कीमतों में अभी और बढ़ोत्तरी होने की आशंका जताई गई है. चीनी से बने उत्पादों जैसे गुड़, बताशा और नकुलदाना के दाम में भी इसी तरह की बढ़ोतरी हुई है.

कच्ची चीनी आयात से कीमतें थामने की योजना

केंद्र सरकार ने चीनी और चीनी से बनने वाले उत्पाद जैसे गुड़, बताशा आदि की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए चीनी की उपलब्धता बढ़ाने का फैसला किया है और इसके लिए आयात को मंजूरी दी है. केंद्र सरकार ने 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क मुक्त आयात को मंजूरी दी. सरकार का मानना है कि चीनी की उपलब्धता बढ़ने से कीमतों स्थिर हो जाएंगी और दबाव खत्म होगा.

Published: 21 Aug, 2026 | 01:33 PM

Topics: