आंधी-तूफान का दिखेगा रौद्र रूप, दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट.. गर्मी से मिलेगी राहत

दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम बदलने वाला है. IMD ने बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है. अगले कुछ दिनों में तापमान 5 से 7 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलेगी. वहीं मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.

नोएडा | Updated On: 12 Jun, 2026 | 07:14 AM

Weather Updates: आने वाले कुछ घंटों के अंदर भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान का अनुमान जताया है. विभाग ने इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. उसने कहा है कि 12 जून को दिल्ली-एनसीआर में मौसम अस्थिर रहने की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इससे लोगों भीषण गर्मी से राहत मिलेगी. साथ ही IMD ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी बारिश के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना जताई है. इस दौरान कुछ जगहों पर ओलावृष्टि के साथ 40- 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ और हरियाणा के पास बने चक्रवाती दबाव के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में तेज मौसम बदलाव हो सकता है. इसके चलते पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में 12 जून को तेज बारिश, आंधी-तूफान और गरज-चमक  के साथ मौसम खराब रहने की संभावना है. बारिश के चलते इन राज्यों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. वहीं, राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी चल सकती है, जिससे दृश्यता कम हो सकती है और सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है.

उत्तर भारत में कब पहुंचेगा मॉनसून

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस समय उत्तर भारत में प्री-मॉनसून की गर्मी बढ़ रही है, जिससे तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है. इसी वजह से दिल्ली में भी गर्मी बढ़ रही है. मौसम विभाग का अनुमान है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 25 से 30 जून के बीच दिल्ली और उत्तर भारत के बड़े हिस्सों में पहुंच सकता है. इसके बाद लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. तब तक गर्म और उमस भरे मौसम के साथ-साथ कभी-कभी धूल भरी आंधी और गरज-चमक वाली बारिश हो सकती है.

6 जून तक अलग-अलग जगहों पर बारिश की संभावना

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने देश के मध्य और पश्चिमी हिस्सों में आने वाले दिनों के मौसम को लेकर चेतावनी और पूर्वानुमान जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार मध्य भारत के छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में 12 जून से 16 जून तक अलग-अलग जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. यह बारिश रुक-रुक कर कई दिनों तक जारी रह सकती है. साथ में मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 13 जून तक 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. इसके बाद तापमान फिर से धीरे-धीरे बढ़कर 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर जा सकता है.

65 किमी की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं

मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में समुद्र में न जाएं. इन इलाकों में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों में 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. पर्यावरण विशेषज्ञों के अनुसार, इस समय देश में मौसम का एक ‘संक्रमण काल’ चल रहा है. इसमें पश्चिमी विक्षोभ, मॉनसून की नमी और तेज गर्मी एक साथ सक्रिय हैं. इसी वजह से मौसम अस्थिर है और एक साथ भारी बारिश, बिजली गिरना, ओलावृष्टि और तेज हवाओं जैसी स्थितियां बन सकती हैं. इसलिए समय पर पूर्वानुमान और सावधानी बेहद जरूरी है.

Published: 12 Jun, 2026 | 07:09 AM

Topics: