Rain Alert: दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में भीषण गर्मी और लू के बाद अब मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. अगले तीन दिनों में तेज धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 11 जून को दिल्ली के तापमान में गिरावट आ सकती है और शाम व रात के समय हल्की बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जो झोंकों में 70 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है.
विज्ञान विभाग ने कहा है कि 12 जून को दिल्ली में मौसम और अस्थिर रहेगा और दिन में दो बार बारिश और आंधी आने की संभावना है. इस दौरान 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. बारिश लाने वाले मौसम सिस्टम के सक्रिय होने से दिल्ली-एनसीआर में तापमान में गिरावट आने की संभावना है.
प्री-मॉनसून गतिविधियों में आएगी तेजी
वहीं, मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा भीषण गर्मी का दौर जल्द ही प्री-मॉनसून गतिविधियों में बदल सकता है. स्काईमेट वेदर के अनुसार, मध्य पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. उसने कहा कि 11 जून से प्री-मॉनसून गतिविधियां तेज होने की संभावना है, जिससे दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में कई जगहों पर बारिश हो सकती है. उनके अनुसार बारिश की गतिविधियां बढ़ने से आने वाले दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने की उम्मीद है.
- घर से निकलने से पहले पढ़ लें ये खबर.. कई राज्यों में भीषण लू का अलर्ट.. चलेंगी गर्म हवाएं
- मॉनसून की दस्तक के साथ ही बदला मौसम का मिजाज, 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
- इस घास से सुधरेगी मिट्टी की सेहत और बढ़ेगी उर्वरता, चारे की समस्या भी होगी दूर.. विशेष अभियान शुरू
- तेजी से गिर रहा भूजल स्तर, पेयजल आपूर्ति पर गहरा सकता है संकट.. स्थिति बहुत गंभीर
बिजली गिरने और धूल भरी आंधी की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिन के समय तापमान में तेज बढ़ोतरी प्री-मॉनसून मौसम प्रणालियों के बनने के लिए अनुकूल माहौल तैयार करती है. ऐसी प्रणालियों से गरज-चमक, बिजली गिरने, धूल भरी आंधी, तेज हवाएं और कई जगहों पर बारिश हो सकती है, जिससे लंबे समय से चल रही भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद रहती है. विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा मौसम पैटर्न उत्तर-पश्चिम भारत में आने वाले दिनों में प्री-मॉनसून गतिविधियों को और तेज कर सकता है.
हालांकि, पूर्वानुमान के बावजूद दिल्ली में दिन के समय बारिश नहीं हुई. IMD के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को सुबह 8:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक शहर के किसी भी प्रमुख मौसम केंद्र पर बारिश दर्ज नहीं की गई. इसके बावजूद मौसम वैज्ञानिकों ने कहा है कि वातावरण में बदलाव दिख रहा है और जल्द ही बादल और बारिश लाने वाली प्रणालियां सक्रिय हो सकती हैं.
केरल में आने वाले दिनों में व्यापक बारिश
उत्तर भारत में जहां 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तापमान के कारण लोग भीषण गर्मी झेल रहे हैं, वहीं दक्षिण भारत में मॉनसून के आगे बढ़ने से मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार केरल में आने वाले दिनों में व्यापक बारिश देखने को मिलेगी. 11 जून से 12 जून तक राज्य के अधिकतर इलाकों और लक्षद्वीप में कई जगहों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. इसके बाद भी कई क्षेत्रों में 14 जून तक बारिश जारी रह सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.