फिर सताएगी गर्मी, 4 राज्यों में भीषण लू चलने का अलर्ट.. 44 डिग्री पहुंच सकता है तापमान

पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में 8 से 11 जून तक लू और तापमान में 3-4 डिग्री वृद्धि की संभावना है. 11 जून के बाद पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश और आंधी-तूफान राहत दे सकते हैं. हिमाचल में येलो अलर्ट जारी है, जबकि दिल्ली में मॉनसून 25-30 जून के बीच पहुंच सकता है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 8 Jun, 2026 | 07:19 AM

Weather Update: उत्तर-पश्चिम भारत में पिछले एक सप्ताह से रुक-रुक कर हो रही बारिश के बाद अब गर्मी बढ़ने की संभावना है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में 8 से 11 जून के बीच लू चल सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान 38 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. इसके साथ ही राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में लू जैसी स्थिति बन सकती है. हालांकि, इनमें से कुछ क्षेत्रों में बादल छाने और हल्की बारिश होने के भी आसार हैं, जिससे अस्थायी राहत मिल सकती है.

मौसम विभाग ने कहा है कि अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. हालांकि इसके बाद मौसम में बदलाव आने की उम्मीद है. 11 जून से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ  (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) सक्रिय होने की संभावना है. इसके प्रभाव से 11 से 13 जून के बीच पंजाब और हरियाणा के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. बारिश का यह दौर बढ़ती गर्मी से कुछ राहत दे सकता है और तापमान में गिरावट ला सकता है.

हिमाचल में भी चलेगी लू

वहीं, मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. उसने कहा कि  ऊना, बिलासपुर और सोलन जिले में 10 और 11 जून के बीच लू चलने की संभावना है. शिमला मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य में 12 जून के बाद बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है. मौसम विभाग ने यह भी अनुमान जताया है कि 12 और 13 जून को प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में लोगों और किसानों को मौसम की चेतावनियों पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

कब होगी बारिश की बौछार

हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार, मेहरे में सबसे अधिक 5 मिमी वर्षा हुई. इसके अलावा कांगड़ा में 1.2 मिमी, बेरठिन में 1 मिमी, रेणुका में 0.8 मिमी और रायपुर मैदान में 0.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं, सुंदरनगर और धर्मशाला में केवल बूंदाबांदी हुई. तापमान की बात करें तो लाहौल-स्पीति के ताबो में रात का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा. दूसरी ओर, ऊना सबसे गर्म जिला रहा, जहां दिन का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. वहीं मैदानी जिलों में गर्मी का असर बना रहने की संभावना है.

दिल्ली में कब होगी मॉनसून की दस्तक

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, दिल्ली में आमतौर पर जून के आखिरी सप्ताह में मॉनसून पहुंचता है. इस वर्ष भी दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के 25 से 30 जून के बीच दिल्ली पहुंचने की संभावना है. इसके साथ ही राजधानी में बारिश के मौसम की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी. मॉनसून के दिल्ली पहुंचते ही इसका असर पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में भी देखने को मिलेगा. नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद जैसे शहरों में भी लगभग उसी समय मॉनसून सक्रिय होने और अच्छी बारिश शुरू होने की उम्मीद है. इससे गर्मी से राहत मिलने के साथ-साथ मौसम सुहावना हो जाएगा.

 

 

 

 

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 8 Jun, 2026 | 07:17 AM