हरियाणा के लोगों के लिए 10 सितंबर का दिन बड़ी राहत लेकर आया. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश की 26 योजनाओं के तहत 50 लाख से ज्यादा लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 1,890 करोड़ 16 लाख रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए भेजी. इसमें महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगों, किसानों और जरूरतमंद परिवारों को सीधे आर्थिक सहायता मिली. चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 11वीं किस्त भी जारी की गई.
लाडो लक्ष्मी की 11वीं किस्त, 10.10 लाख महिलाओं को 212 करोड़
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 11वीं किस्त जारी करते हुए 10 लाख 10 हजार महिलाओं के खातों में 212 करोड़ 16 लाख रुपये ट्रांसफर किए. इस राशि को मिलाकर योजना की 11 किस्तों में अब तक 2,254 करोड़ 47 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं. इसके अलावा 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 35 लाख 6841 लाभार्थियों के खातों में 1,129 करोड़ 5 लाख रुपये भेजे गए. इसमें वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांग भत्ता और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन शामिल हैं. सरकार के अनुसार, इन योजनाओं का उद्देश्य पात्र लोगों को सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाना है.
दयालु योजना से 4,520 परिवारों को मिली मदद
दयालु योजना के तहत भी 4,520 परिवारों को 168 करोड़ 13 लाख 21 हजार रुपये की सहायता राशि ट्रांसफर की गई. इसमें दयालु योजना-2 के 70 परिवार भी शामिल हैं. आज जारी राशि को मिलाकर अब तक दयालु योजना के तहत 3,320 करोड़ 61 लाख 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है. वहीं उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की अलग-अलग योजनाओं के तहत 670 लाभार्थियों को 311.25 करोड़ रुपये जारी किए गए. यह प्रोत्साहन राशि ई-कुबेर के माध्यम से भेजी गई. इसकी 50 फीसदी राशि अगले सात दिनों में और शेष राशि आवेदन की विस्तृत जांच पूरी होने के बाद 45 कार्य दिवसों के भीतर जारी की जाएगी. इसके तहत HEEP के 539 लाभार्थियों को 45.44 करोड़, LWR के 4 लाभार्थियों को 9.29 करोड़ और हरियाणा उद्यम एवं रोजगार नीति के 16 लाभार्थियों को 144.16 करोड़ रुपये मिले. प्लग एंड प्ले योजना के 10 लाभार्थियों को 24.53 करोड़, आत्मनिर्भर टेक्सटाइल नीति के 98 लाभार्थियों को 65.18 करोड़, पदमा के 2 लाभार्थियों को 20.54 करोड़ और MSE क्लस्टर विकास कार्यक्रम के एक क्लस्टर को 2.11 करोड़ रुपये जारी किए गए.
किसानों को भावांतर भरपाई, महिलाओं को गैस सब्सिडी
किसानों के लिए भी इस राशि में बड़ी राहत शामिल रही. भावांतर भरपाई योजना के तहत 6,177 किसानों को कुल 49 करोड़ 89 लाख रुपये की भावांतर राशि दी गई. इसमें आलू के 6,012 किसानों को 48 करोड़ 9 लाख रुपये, फूलगोभी के 99 किसानों को 46 लाख 76 हजार रुपये और शहद के 66 किसानों को 1 करोड़ 32 लाख 73 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए. इसके अलावा हर घर हर गृहिणी योजना के तहत 5 लाख महिलाओं के बैंक खातों में जुलाई महीने की 19 करोड़ 68 लाख रुपये की सब्सिडी भेजी गई. इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने LPG सिलेंडर पर 500 रुपये की सब्सिडी दी जाती है. इस तरह एक ही दिन में प्रदेश के 50 लाख से अधिक लाभार्थियों तक सीधे DBT के जरिए बड़ी आर्थिक सहायता पहुंची. सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था से योजनाओं का पैसा बिचौलियों के बिना सीधे पात्र लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है.