IMD का अलर्ट, आज 17 राज्यों में दिखेगा मौसम का रौद्र रूप.. आंधी के साथ होगी बारिश

मौसम विभाग ने 2 जून को देश के 17 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार, झारखंड और पहाड़ी राज्यों में आंधी-तूफान की संभावना है. कई जगह तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलेगी. पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदला है, जबकि मॉनसून केरल में 3- 4 जून तक पहुंचने की संभावना जताई गई है, जिससे देशभर में मौसम सक्रिय रहेगा.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 2 Jun, 2026 | 07:16 AM

Weather Updates: देशभर के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और दक्षिण-पूर्वी अरब सागर में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम तेजी से बदल रहा है. इसी वजह से 2 जून यानी मंगलवार के लिए यूपी, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु और केरल समेत 17 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. दिल्ली-एनसीआर में 2 जून को हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

उत्तर प्रदेश में मौसम का असर कई जिलों में देखने को मिलेगा. सहारनपुर, मेरठ, आगरा, अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और कानपुर समेत कई जगहों पर तेज बारिश और आंधी आने की संभावना जताई गई है. वहीं लखनऊ में तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. बिहार में पटना, गया, भागलपुर, कटिहार और बक्सर जैसे जिलों में 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है. पटना में अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

मध्य प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम

पूर्वी और मध्य भारत के राज्यों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है. झारखंड के रांची, धनबाद, बोकारो और जमशेदपुर में मंगलवार को 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान चल सकता है. पश्चिम बंगाल के मालदा, जलपाईगुड़ी, हुगली और बीरभूम जिलों में भी भारी बारिश और तेज हवाओं  को लेकर चेतावनी जारी की गई है. वहीं, मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने विदिशा, जबलपुर, उज्जैन और बालाघाट जिलों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है. वहीं राजस्थान के जैसलमेर, जोधपुर, अजमेर और अलवर में धूलभरी आंधी चल सकती है, जिससे विजिबिलिटी कम होने की संभावना है.

पंजाब में चलेंगी तेज हवाएं

पंजाब के अमृतसर, लुधियाना और बठिंडा में भी तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. असम के गुवाहाटी, डिब्रूगढ़ और नागांव में भारी बारिश और तेज तूफान  की चेतावनी जारी की गई है. वहींं, पहाड़ी राज्यों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में अगले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. उत्तराखंड के नैनीताल, चमोली, हरिद्वार और रुद्रप्रयाग में 2 से 5 जून तक भारी बारिश का अलर्ट है.

तेज बारिश और तूफानी हवाएं चल सकती हैं

हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, कांगड़ा और मनाली में भी तेज बारिश और तूफानी हवाएं चल सकती हैं. मनाली में तापमान गिरकर न्यूनतम 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, राजौरी, अनंतनाग और उधमपुर में 3 से 4 जून के बीच भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वाले लोगों से सावधानी बरतने और मौसम अपडेट देखकर ही सफर करने की अपील की है.

भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की उम्मीद

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में फिलहाल भीषण गर्मी और लू  से राहत मिलने की संभावना है. इसका कारण यूपी के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ बताया जा रहा है, जिसका असर राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, बिहार और मध्य प्रदेश तक देखने को मिल सकता है. वहीं दक्षिण-पश्चिम मॉनसून इस बार केरल पहुंचने में 2 से 3 दिन की देरी हुई है. अब इसके 3 या 4 जून तक केरल तट पर पहुंचने की संभावना जताई गई है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 2 Jun, 2026 | 07:09 AM

लेटेस्ट न्यूज़