इस हफ्ते गर्मी से मिलेगी राहत, आंधी के साथ बारिश का अलर्ट.. किसानों के लिए खास एडवाइजरी

देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है. दिल्ली, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में आंधी, बारिश और गरज-चमक की संभावना है. मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों में यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि मॉनसून भी तेजी से आगे बढ़ रहा है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 1 Jun, 2026 | 06:58 AM

Weather Update: भीषण गर्मी से जल्द ही राहत मिलने वाली है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि इस हफ्ते राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, बिहार, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में बारिश हो सकती है. इससे तापमान में गिरावट आएगी, जिससे मौसम सुहाना हो जाएगा. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अगले कुछ दिनों में तेज धूल भरी आंधी, हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बादल छाने की संभावना है. इन मौसम गतिविधियों को देखते हुए विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है.

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को दिल्ली के कई इलाकों में तेज धूल भरी आंधी और हल्की बारिश  हो सकती है. इस दौरान हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए दोनों दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, बुधवार और गुरुवार को भी तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 6 जून तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहेगा.

ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया

वहीं, राजस्थान में मौसम ने फिर करवट ली है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ  के असर से आज राज्य के कई हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है. जयपुर, अजमेर, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में दोपहर बाद 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, धूल भरी आंधी आ सकती है और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी होने की संभावना है.

बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ सकती हैं

मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि अगले कुछ घंटों में गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ सकती हैं. ऑरेंज अलर्ट का मतलब है कि लोगों और प्रशासन को सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि खराब मौसम से नुकसान हो सकता है. विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि आंधी-बारिश के दौरान पेड़ों, कच्चे मकानों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों. वहीं, किसानों को ओलावृष्टि और बारिश से फसलों को बचाने के लिए सावधानी बरतने को कहा गया है. मंडियों में रखे अनाज और खुले में पड़ी कटी हुई फसलों को तिरपाल से ढककर सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है, ताकि वे भीगकर खराब न हों.

कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना

मध्य प्रदेश में नौतपा के दौरान पड़ रही तेज गर्मी से लोगों को राहत मिली है. शनिवार देर रात भोपाल समेत कई जिलों में तेज हवाएं चलीं और 20 से अधिक जिलों में बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने राज्य के करीब 43 जिलों में तेज हवा, बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना  जताई है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है. इससे दिन और रात के तापमान में कमी आने की उम्मीद है. विभाग ने यह भी बताया कि मॉनसून लगातार आगे बढ़ रहा है और इसके आगे बढ़ने के लिए मौसम की परिस्थितियां फिलहाल अनुकूल हैं.

कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम और पश्चिमी विक्षोभ के असर से बिहार का मौसम बदला हुआ रहेगा. पटना समेत राज्य के ज्यादातर इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के 11 शहरों के लिए आंधी, बारिश और गरज-चमक को लेकर चेतावनी जारी की है. इसी तरह मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के 56 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. फिलहाल 1 जून को तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी होने की संभावना नहीं है. हालांकि 2 जून से कई जिलों में अधिकतम तापमान फिर से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 1 Jun, 2026 | 06:55 AM

लेटेस्ट न्यूज़