अगस्त में किसान इन 6 सब्जियों की करें खेती, प्रति एकड़ हो सकती है 2 लाख रुपये तक की कमाई
Tip Of The Day: अगर आप अगस्त के महीने में ऐसी फसल की तलाश कर रहे हैं, जो कम समय में अच्छी कमाई करा सके, तो यह खबर आपके लिए है. कृषि विशेषज्ञ डॉ प्रनोद के अनुसार, इस महीने कुछ सब्जियों की खेती किसानों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकती है. प्याज, हरी मिर्च, शिमला मिर्च, गाजर, मूली और मटर जैसी फसलों की वैज्ञानिक तरीके से खेती कर किसान प्रति एकड़ 1 लाख से लेकर 2 लाख रुपये तक का शुद्ध मुनाफा कमा सकते हैं. आइए जानते हैं अगस्त में बोई जाने वाली ऐसी 6 फसलें, जो आपकी आमदनी बढ़ाने में मदद कर सकती हैं.
कृषि विशेषज्ञ के मुताबिक अगस्त में प्याज की बुवाई सबसे बेहतर रहती है. 20 से 30 हजार रुपये प्रति एकड़ की लागत में करीब 125 क्विंटल उत्पादन लेकर किसान 1 लाख रुपये से ज्यादा का शुद्ध मुनाफा कमा सकते हैं.
अगस्त में हरी मिर्च की खेती शुरू करने पर लगभग सात महीने तक लगातार तुड़ाई की जा सकती है. अच्छी देखभाल के साथ प्रति एकड़ 200 क्विंटल तक उत्पादन और करीब 2 लाख रुपये तक का शुद्ध लाभ मिल सकता है.
अगस्त के आखिरी सप्ताह में शिमला मिर्च की रोपाई करने पर करीब चार महीने में फसल तैयार हो जाती है. प्रति एकड़ 300 क्विंटल तक उत्पादन के साथ 1 लाख रुपये या उससे अधिक का शुद्ध लाभ मिलने की संभावना रहती है.
अगस्त में बोई गई गाजर करीब चार महीने में तैयार हो जाती है. प्रति एकड़ 150 क्विंटल तक उत्पादन और अच्छे बाजार भाव मिलने पर किसान लगभग 2 लाख रुपये तक का शुद्ध मुनाफा कमा सकते हैं.
मूली की फसल सिर्फ 40 से 50 दिनों में तैयार हो जाती है. 15 से 20 हजार रुपये की लागत में 80 से 120 क्विंटल तक उत्पादन लेकर किसान 1 से 1.5 लाख रुपये तक का शुद्ध लाभ कमा सकते हैं.
प्रति एकड़ करीब 30 हजार रुपये की लागत में मटर की खेती की जा सकती है. 70 से 80 क्विंटल या उससे अधिक उत्पादन मिलने पर किसान लगभग 1.20 लाख रुपये तक का शुद्ध मुनाफा हासिल कर सकते हैं.