Tips and Tricks: बार-बार सूख जाता है अदरक? बस स्टोर करते समय कर लें ये काम, महीनों तक रहेगा फ्रेश
Tips To Store Ginger: अदरक लगभग हर भारतीय रसोई का अहम हिस्सा है, लेकिन अक्सर लोग इसे ज्यादा दिनों तक ताजा रखने में परेशानी महसूस करते हैं. कई बार गलत तरीके से स्टोर करने के कारण अदरक जल्दी सूख जाता है या खराब होने लगता है. ऐसे में बिहार कृषि विभाग ने कुछ आसान और सही तरीके बताए हैं जो अदरक को लंबे समय तक फ्रेश रख सकता है. खास बात यह है कि इन तरीकों से न सिर्फ अदरक की ताजगी बनी रहती है, बल्कि उसका स्वाद और उपयोगिता भी लंबे समय तक बरकरार रहती है.
अदरक को लंबे समय तक ताजा बनाए रखने के लिए उसे अच्छी तरह सुखाकर पेपर में लपेटकर फ्रिज में रखना सबसे असरदार तरीका माना जाता है. इससे अदरक में नमी कम रहती है और वह जल्दी खराब नहीं होता.
अगर घर में अदरक अधिक मात्रा में मौजूद है, तो उसे सुखाकर पाउडर तैयार किया जा सकता है. अदरक पाउडर लंबे समय तक सुरक्षित रहता है और चाय, मसालों व घरेलू नुस्खों में आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है.
अदरक को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करने से उसकी ताजगी लंबे समय तक बनी रहती है. यह तरीका खासतौर पर रोजाना उपयोग करने वालों के लिए काफी सुविधाजनक होता है.
मिट्टी के बर्तन में अदरक स्टोर करना एक पारंपरिक और असरदार तरीका है. इससे अदरक को प्राकृतिक ठंडक मिलती है और वह जल्दी सूखने या सड़ने से बचा रहता है.
अदरक को स्टोर करने से पहले उसे पानी से धोने की बजाय सूखा रखना ज्यादा बेहतर माना जाता है, क्योंकि ज्यादा नमी अदरक को जल्दी खराब कर सकती है.
सही तरीके से स्टोर किया गया अदरक कई महीनों तक इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे न सिर्फ बार-बार बाजार जाने की जरूरत कम होती है, बल्कि अदरक लंबे समय तक फ्रेश और उपयोगी बना रहता है.