Tip Of The Day: नींबू के पौधे में फूल आते ही झड़ रहे हैं? इस एक गलती से बर्बाद हो रही फसल
Lemon Farming Tips: गर्मी की तेज धूप में जब हर किसी को एक ठंडे और ताजगी भरे पेय की तलाश होती है, तब नींबू पानी सबसे आसान और असरदार विकल्प बनकर सामने आता है. यही वजह है कि आजकल लोग अपने घर की छत, आंगन या किचन गार्डन में नींबू का पौधा लगाना पसंद कर रहे हैं. लेकिन कई लोगों की शिकायत यही रहती है कि पौधे में फूल तो खूब आते हैं, मगर कुछ ही दिनों में झड़ जाते हैं या फिर फल बन ही नहीं पाते. ऐसे में सही देखभाल और कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर इस समस्या को काफी हद तक दूर किया जा सकता है.
गर्मी का मौसम शुरू होते ही नींबू पानी की मांग तेजी से बढ़ जाती है, जिसके कारण लोग घर, आंगन, किचन गार्डन या छत पर गमलों में नींबू का पौधा लगाना पसंद करते हैं ताकि ताजा नींबू आसानी से मिल सके, लेकिन कई बार पौधे में फूल आने के बाद भी फल नहीं टिक पाते.
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, नींबू की अच्छी पैदावार के लिए सबसे पहले सही और उच्च गुणवत्ता वाली किस्म का पौधा लगाना बेहद जरूरी है, क्योंकि कमजोर या बिना जानकारी के खरीदे गए पौधे में फूल और फल दोनों कम आते हैं.
फूल आने के समय पौधे की देखभाल सबसे संवेदनशील होती है, और इस दौरान अक्सर लोग रोज पानी देना शुरू कर देते हैं, जबकि ज्यादा सिंचाई से फूल कमजोर होकर झड़ जाते हैं और उत्पादन प्रभावित होता है.
विशेषज्ञों की सलाह है कि जब पौधे में फूल आएं तो कुछ समय तक पानी नहीं देना चाहिए और जब फूल छोटे फल में बदलकर मटर के दाने के आकार के हो जाएं, तभी हल्की सिंचाई करनी चाहिए ताकि फल मजबूत होकर टिक सकें.
नींबू के पौधे में लंबे समय तक फूल न आने की स्थिति में महंगे रासायनिक खाद की बजाय घर में मौजूद जैविक चीजों जैसे मछली का छिलका और जैविक कचरे का उपयोग किया जा सकता है, जो प्राकृतिक खाद बनकर मिट्टी की उर्वरता बढ़ाता है.
इसके साथ ही पौधे की समय-समय पर कटाई-छंटाई करना, उसे पर्याप्त धूप में रखना और सही देखभाल करना जरूरी है, जिससे नई शाखाएं निकलती हैं और पौधा सालभर स्वस्थ रहकर अधिक फूल और फल देता है.