NEET पेपर लीक पर गरमाई सियासत! तस्वीरों में देखें राहुल-प्रियंका को हिरासत में लेने से लेकर हंगामे तक सबकुछ
Rahul Gandhi Detained: NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर राजधानी दिल्ली में मंगलवार को सियासी माहौल गरमा गया. प्रधानमंत्री आवास के पास धरना दे रहे विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली. देखिए इस हाई-वोल्टेज विरोध प्रदर्शन की 6 बड़ी तस्वीरें और उनसे जुड़ी अहम बातें.
NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च किया. लोक कल्याण मार्ग के पास पहुंचने पर दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया.
पुलिस कार्रवाई के बीच प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज से डर गई है. उन्होंने कहा, "वे कायर हैं, वे डरे हुए हैं. हम उनसे नहीं डरते, बल्कि वे हमसे डरते हैं."
पेपर लीक मामले को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के प्रमुख और सांसद अखिलेश यादव को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया. कांग्रेस नेताओं के साथ विपक्ष के कई सांसद प्रदर्शन में शामिल हुए और छात्रों के मुद्दे पर सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की.
हिरासत में लिए जाने के बाद कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि, यह विरोध यहीं खत्म नहीं होगा. उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय मिलने और सरकार से जवाब मिलने तक कांग्रेस का आंदोलन लगातार जारी रहेगा.
कांग्रेस ने केंद्र सरकार से NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले पर संसद में विस्तृत चर्चा कराने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की. पार्टी का कहना है कि लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर सरकार को जवाब देना होगा.
केंद्र सरकार का दावा है कि वह NEET मामले पर संसद में चर्चा के लिए तैयार थी, लेकिन कांग्रेस ने बाद में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की नई शर्त रख दी. वहीं कांग्रेस का आरोप है कि सरकार छात्रों के मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है, जिससे दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक टकराव और बढ़ गया.