पीएम मोदी ने जारी की PM Kisan की 22वीं किस्त, खातों में पहुंचे 18640 करोड़ रुपये.. चेक करें अकाउंट
PM Kisan 22nd Installment: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी कर दी है. इसके तहत 9.32 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के खातों में 2000-2000 रुपये ट्रांसफर किए गए. इस बार सरकार ने 18,640 करोड़ रुपये से ज्यादा राशि जारी की है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan) की 22वीं किस्त जारी कर दी है. उन्होंने असम के गुवाहाटी से आज 22वीं किस्त की राशि जारी की. इसके साथ ही देश के 9.32 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के बैंक खातों में 2000-2000 रुपये पहुंच गए हैं. खास बात यह है कि इस बार सरकार ने 22वीं किस्त के लिए 18,640 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की है. वहीं, 22वीं किस्त जारी होने से किसानों में खुशी का माहौल है. सीमांत किसानों का कहना है कि पीएम किसान की राशि से वे समय पर मूंग और उड़द की बुवाई कर पाएंगे.
22वीं किस्त जारी करने के बाद पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा-एनडीए सरकार के लिए किसानों का हित सबसे ऊपर है. उन्होंने कहा कि पहले की कांग्रेस सरकार किसानों को उनका पूरा हक देने में हिचकिचाती थी. मोदी के अनुसार, 2014 से पहले 10 साल में कांग्रेस सरकार ने किसानों को एमएसपी के तहत करीब 6.5 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया था, जबकि उनकी सरकार के पिछले 10 वर्षों में यह राशि बढ़कर 20 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गई है.
हालांकि, किसानों को उम्मीद थी कि केंद्र सरकार इस बार पीएम किसान की राशि में बढ़ोतरी करेगी. 2000 रुपये की जगह 3000 रुपये जारी किए जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. पिछली किस्तों की तरह ही इस बार भी किसानों के खातों में 2000 रुपये ही पहुंचे. यानी केंद्र सरकार ने अभी तक पीएम किसान की राशि में बढ़ोतरी नहीं की है.
पीएम किसान से लाभार्थियों का काफी फायदा
वहीं, केंद्र सरकार का मानना है कि समय पर मिलने वाली यह सहायता किसानों को बीज, खाद, कीटनाशक जैसी कृषि सामग्री खरीदने में मदद करती है. साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक घरेलू जरूरतों को पूरा करने में भी सहारा देती है. खास बात यह है 22वीं किस्त का लाभ 2.15 करोड़ से अधिक महिला किसानों ने उठाया है. यानी उनके खातों में योजना की राशि पहुंच गई है. इससे ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और गांवों में महिला सशक्तिकरण को नई गति मिलेगी.
केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसके तहत किसानों को आर्थिक सहायता दी जाती है. इस योजना के तहत पात्र किसानों के बैंक खाते में हर साल 6000 रुपये की राशि भेजी जाती है. यह पैसा तीन किस्तों में दिया जाता है और हर चार महीने के अंतराल पर 2000-2000 रुपये सीधे किसानों के खाते में ट्रांसफर किए जाते हैं. इस योजना का उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को खेती के खर्च में आर्थिक सहारा देना है.
किसान अपना नाम और स्टेटस ऐसे चेक करें
- मोबाइल या कंप्यूटर से ऑफिशियल वेबसाइट pmkisan.gov.in
पर जाएं. - होमपेज पर ‘Beneficiary List’ ऑप्शन पर क्लिक करें.
- अपना राज्य, जिला, तहसील चुनें.
- इसके बाद ब्लॉक और गांव सिलेक्ट करें.
- ‘Get Report’ पर क्लिक करें.
- स्क्रीन पर आपके गांव की पूरी लाभार्थी लिस्ट दिखाई देगी.
- अगर आपका नाम है, तो 2,000 रुपये आपके अकाउंट में आएंगे.
पीएम किसान योजना के लिए कौन पात्र है?
- वह भारत का नागरिक हो.
- उसके पास खेती योग्य जमीन हो.
- वह छोटा या सीमांत किसान हो.
- उसे हर महीने 10,000 रुपये या उससे अधिक पेंशन न मिलती हो.
- उसने आयकर रिटर्न दाखिल न किया हो.
- वह किसी संस्था या संस्थागत जमीन का मालिक न हो.
साल 2019 में शुरू की गई पीएम किसान योजना
बता दें कि PM-KISAN योजना के तहत 21वीं किस्त तक लाभार्थी किसानों को कुल 3.9 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की राशी दी गई थी. इससे पहले नवंबर 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के कोयंबटूर में 21वीं किस्त जारी की, जिसमें 9 करोड़ से ज्यादा किसानों को 18,000 करोड़ रुपये दिए गए. इससे पहले अगस्त 2025 में 20वीं किस्त में 9.8 करोड़ किसानों, जिनमें 2.4 करोड़ महिलाएं शामिल थीं, को लाभ मिला था. वहीं, सरकार बार-बार कहती रही है कि इस योजना का मकसद किसानों की आय बढ़ाना और गैर-औपचारिक कर्ज पर निर्भरता कम करना है. सीधे मिलने वाली यह आर्थिक मदद किसानों को समय पर बीज, उर्वरक और अन्य कृषि सामग्री खरीदने में सक्षम बनाती है, जिससे फसल अच्छी रहती है और खेती लगातार चलती रहती है. ऐसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना 24 फरवरी 2019 को शुरू की गई थी और भारत की ग्रामीण अर्थव्यवस्था में आज भी काफी प्रासंगिक है.