कुछ घंटों में रिकॉर्ड बारिश से दिल्ली जलमग्न.. सड़कें डूबीं, IMD का रेड अलर्ट- घरों में रहने की सलाह 

मौसम विज्ञानी नवदीप दहिया ने कहा कि दिल्ली-NCR के लिए मौसम का बड़ा अलर्ट है. आधी रात से ही उत्तर-पूर्वी दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के कुछ इलाकों में 100mm से ज्यादा बारिश हो चुकी है. अगले 24 घंटों में यानी 10 जुलाई की सुबह तक दिल्ली-NCR के ज्यादातर इलाकों में 100-200mm बारिश होने की संभावना है.

नोएडा | Updated On: 9 Jul, 2026 | 01:05 PM

दिल्ली एनसीआर में लगातार कई घंटों की बारिश से अफरातफरी मच गई है. बुधवार रात से जारी बारिश के बाद दिल्ली में आसमान में बादल छाए हैं और बारिश हो रही है. सड़कें पानी से भर गईं और कई पेड़ उखड़ गए. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिन के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विज्ञानियों ने कहा है कि 3 घंटे में 100 एमएम से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है, जो रिकॉर्ड है.

10 जुलाई तक 200 एमएम बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञानी नवदीप दहिया ने कहा कि दिल्ली-NCR के लिए मौसम का बड़ा अलर्ट है. आधी रात से ही उत्तर-पूर्वी दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के कुछ इलाकों में 100mm से ज्यादा बारिश हो चुकी है. अगले 24 घंटों में यानी 10 जुलाई की सुबह तक दिल्ली-NCR के ज्यादातर इलाकों में 100-200mm बारिश होने की संभावना है. उन्होंने लोगों को सुरक्षित रहने और घर के अंदर रहने की सलाह दी है.

आंधी-तूफान और बिजली कड़कने IMD की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि राजधानी के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों में 72.6 मिमी बारिश दर्ज की गई. इस दौरान लोधी रोड मौसम केंद्र में 80.2 मिमी, रिज में 77.8 मिमी, पालम में 63.0 मिमी और आयानगर में 57.4 मिमी बारिश हुई. IMD ने दिल्ली के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी कि दिन में आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.

सड़कें डूबीं, पेड़ उखड़े.. बिजली गुल

घंटों तक लगातार हुई बारिश से सड़कों पर अफरातफरी मच गई, पेड़ उखड़ गए और कई इलाकों में जलजमाव हो गया. दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में राजा धीर सिंह मार्ग पर दो पेड़ उखड़ गए, जिससे इलाके में ट्रैफिक बाधित हुआ. उन्होंने बताया कि एक पेड़ इस्कॉन मंदिर के पास सड़क पर गिरा, जबकि दूसरा नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट के बाहर गिरा. वहीं, कई इलाकों में फॉल्ट की वजह से बिजली गुल हो गई.

नोएडा एक्सप्रेसवे पर लगा रहा लंबा जाम

विकास मार्ग, पूर्वी दिल्ली के इलाकों, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, मुनिरका, सदर बाजार और द्वारका सहित शहर के कई हिस्सों से जलजमाव की खबर मिली. जलजमाव के कारण दिल्ली-नोएडा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक की रफ्तार धीमी रही. साथ ही दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर भी वाहन रेंगते रहे. कई यात्रियों और निवासियों ने सोशल मीडिया पर अपनी परेशानी साझा की.

मॉनसून ट्रफ का हिमालय की तलहटी की तरफ खिसकने से बारिश

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश की वजह मौसमी मॉनसून ट्रफ का मध्य भारत से उत्तर की ओर हिमालय की तलहटी की तरफ खिसकना है. उन्होंने कहा कि जब तक यह सिस्टम और उत्तर की ओर नहीं बढ़ता, तब तक दिल्ली में व्यापक बारिश जारी रहने की संभावना है; इसके बाद शहर में मौसम के शुष्क होने की उम्मीद है.

बारिश के दौरान खेतों में जाने से बचें किसान

IMD के अनुसार, शहर में न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम है. मौसम विभाग ने लोगों को घरों में रहने की सलाह दी है. वहीं, दिल्ली सरकार ने भी लोगों को बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों में रहने को कहा है. वहीं, एनसीआर के ग्रामीण इलाकों में पशुओं को सुरक्षित जगह रखने और किसानों को बारिश के दौरान खेतों में काम नहीं करने की सलाह दी गई है.

Published: 9 Jul, 2026 | 01:02 PM

Topics: