दिल्ली एनसीआर में बारिश की राह में रोड़ा बना अल नीनो? मॉनसूनी तूफान और बारिश पर IMD का अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग ने पहले ही अल नीनो की वजह से जून में कम बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है. कई वैश्विक मौसम एजेंसियों ने कहा है कि अल नीनो की स्थिति काफी मजबूत बनी हुई है और प्रशांत महासागर में इसका प्रभाव जारी रहने की संभावना है.
दिल्ली में बीते कई दिनों से बदली छा रही है लेकिन बारिश नहीं हो रही है. बल्कि बीते दो सप्ताह में 2 डिग्री सेल्सियस तापमान में बढ़ोत्तरी रिकॉर्ड की गई है. वहीं, एनसीआर के हिस्सों में भी यही स्थिति बनी हुई है. इसकी वजह मजबूत होते अल नीनो को माना जा रहा है. इसके चलते दिल्ली एनसीआर ही नहीं देश के कई हिस्सों में भी अब तक कम बारिश रिकॉर्ड की गई है. हालांकि, गुरुवार के आईएमडी के ताजा अपडेट ने जरूर गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जगाई है और दिल्ली एनसीआर में दोपहर बाद शाम और रात में तूफानी हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश की चेतावनी जारी की है.
12 से ज्यादा राज्यों में मॉनसून की एंट्री पर सुस्त पड़ी रफ्तार
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि मॉनसून केरल से बढ़कर 12 से ज्यादा राज्यों में प्रवेश कर चुका है. हालांकि, रफ्तार में कमी आने की बात कही गई है. गुरुवार के ताजा मौसम अपडेट में कहा गया है कि अगले 3-4 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के शेष भागों और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल के कुछ और भागों, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ भागों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं.
दिल्ली एनसीआर समेत कई हिस्सों में बारिश के बीच रोड़ा बना अल नीनो
मौसम विज्ञान विभाग ने पहले ही अल नीनो की वजह से जून में कम बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है. कई वैश्विक मौसम एजेंसियों ने कहा है कि अल नीनो की स्थिति काफी मजबूत बनी हुई है और प्रशांत महासागर में इसका प्रभाव जारी रहने की संभावना है. इसके प्रभाव से भारत में इस साल मानसून कमजोर रहने और सामान्य से कम बारिश होने की आशंका है, जिससे सूखे और गर्मी का खतरा बढ़ गया है. अल नीनो की मजबूत स्थिति के चलते दिल्ली एनसीआर समेत अन्य हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव देखी जा रही है.
दिल्ली में बारिश पर आईएमडी का राहत भरा ताजा अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को जारी ताजा अपडेट में 11 जून को दोपहर बाद दिल्ली-एनसीआर में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है.
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने वाली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 11 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट और 12 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग ने चेतावनी दी है कि शाम के समय तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. रात के समय मौसम और अधिक सक्रिय हो सकता है.
तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट के आसार
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान तेज आंधी, गरज-चमक, बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी. इसके चलते अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज होने की संभावना है. तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट के आसार जताए हैं. पूर्वानुमान के अनुसार 11 जून को एनसीआर में न्यूनतम तापमान गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इस दिन बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बनेगी. वहीं, मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ और नमी वाली हवाओं के प्रभाव से पूरे एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम सक्रिय बना रहेगा.