यूपी, बिहार, झारखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Today weather: मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण और उत्तर-पश्चिमी यूपी से मणिपुर तक सक्रिय मौसम प्रणाली की वजह से मौसम तेजी से बदल सकता है. इससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई गई है.

नई दिल्ली | Published: 22 May, 2026 | 07:00 AM

Today weather: देशभर में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग ने 22 मई को उत्तर भारत, पूर्वी भारत और पहाड़ी राज्यों समेत 16 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और तूफान की चेतावनी जारी की है. कई इलाकों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण और उत्तर-पश्चिमी यूपी से मणिपुर तक सक्रिय मौसम प्रणाली की वजह से मौसम तेजी से बदल सकता है. इससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई गई है.

यूपी में बारिश और तेज आंधी की चेतावनी

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, प्रयागराज, देवरिया, वाराणसी, आजमगढ़, बलिया, आगरा, मथुरा और बहराइच समेत कई जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

बिहार और झारखंड में तूफान का खतरा

बिहार के गया, रोहतास, औरंगाबाद, अररिया, किशनगंज, भागलपुर और पूर्णिया समेत कई जिलों में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी दी गई है. पटना में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

झारखंड के रांची, धनबाद, बोकारो, देवघर और जमशेदपुर में भी तेज आंधी और भारी बारिश की संभावना जताई गई है. यहां हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. रांची में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

दिल्ली-NCR में शाम को तेज आंधी

दिल्ली में 22 मई की शाम तेज आंधी चलने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है. राजधानी में अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन धूलभरी आंधी परेशानी बढ़ा सकती है.

उत्तराखंड और हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड के नैनीताल, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, हरिद्वार और रुद्रप्रयाग में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है. यहां 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. देहरादून में तापमान 37 डिग्री से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा और किन्नौर में भी भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. मनाली में अधिकतम तापमान 9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.

राजस्थान और मध्य प्रदेश में गर्मी का कहर जारी

राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, जैसलमेर, कोटा और उदयपुर में भीषण गर्मी और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है. जयपुर में तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है.

मध्य प्रदेश के उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर, रीवा और शिवपुरी में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है. भोपाल में अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

बंगाल और पंजाब में भी मौसम बदलेगा

पश्चिम बंगाल के मालदा, दार्जिलिंग, मुर्शिदाबाद और पुरुलिया में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है. कोलकाता में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

वहीं पंजाब के अमृतसर, पटियाला और पठानकोट में भी बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग का कहना है कि 25 मई के बाद यहां लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.

लोगों और किसानों के लिए सावधानी जरूरी

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और पेड़ों या बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है. किसानों को भी फसलों को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है. विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले कुछ दिनों में मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल सकता है और कई राज्यों में आंधी-बारिश का असर बना रह सकता है.

Topics: