IMD Alert: यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में तेज आंधी-बारिश की चेतावनी, चल सकती हैं तेज हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल और आसपास के इलाकों में बने चक्रवाती परिसंचरण और दक्षिण असम के ऊपर सक्रिय सिस्टम की वजह से मौसम तेजी से बदल रहा है. कई राज्यों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है. वहीं कई इलाकों में 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
Today Weather: देश के कई राज्यों में एक बार फिर मौसम खतरनाक रूप ले सकता है. भारतीय मौसम विभाग ने 12 मई को उत्तर भारत, पूर्वी भारत और पहाड़ी राज्यों समेत 19 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है. कई इलाकों में 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल और आसपास के इलाकों में बने चक्रवाती परिसंचरण और दक्षिण असम के ऊपर सक्रिय सिस्टम की वजह से मौसम तेजी से बदल रहा है. कई राज्यों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है.
दिल्ली-एनसीआर में बदलेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को मौसम अचानक करवट ले सकता है. मौसम विभाग ने बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है. दिन में धूलभरी हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को परेशानी हो सकती है. हालांकि बारिश के बाद गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में येलो अलर्ट
उत्तर प्रदेश में सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, कानपुर, सीतापुर, झांसी, ललितपुर, हरदोई और बिजनौर समेत कई जिलों में बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने बिजली गिरने की भी आशंका जताई है. किसानों को खेतों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
बिहार में सबसे ज्यादा खतरे की आशंका
बिहार में मौसम सबसे ज्यादा खतरनाक रूप ले सकता है. पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मधेपुरा, गया, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज समेत कई जिलों में तेज बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. यहां 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. बिजली गिरने का भी बड़ा खतरा बताया गया है. पटना में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
दैनिक मौसम परिचर्चा (11.05.2026)
राजस्थान, गुजरात और पश्चिमी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अगले 4-5 दिनों के दौरान उष्ण लहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
YouTube : https://t.co/dMdtnDHXxZ
Facebook : https://t.co/b5B7PXLFWUFor more information, visit Us :… pic.twitter.com/4zXLv82yhZ
— India Meteorological Department (@Indiametdept) May 11, 2026
झारखंड में भी खराब रहेगा मौसम
झारखंड के साहेबगंज, दुमका, देवघर, हजारीबाग, बोकारो, गुमला और सिंहभूम के इलाकों में बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है. यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. रांची में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
उत्तराखंड और हिमाचल में पर्यटकों को चेतावनी
उत्तराखंड के नैनीताल, देहरादून, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल और बागेश्वर में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है. चारधाम यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है. देहरादून में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
हिमाचल प्रदेश के शिमला, चंबा, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन और किन्नौर में तेज बारिश और तूफान की संभावना जताई गई है. कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मनाली में अधिकतम तापमान 11 डिग्री और न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
पंजाब और जम्मू-कश्मीर में भी असर
पंजाब के अमृतसर, होशियारपुर, पठानकोट, लुधियाना, बठिंडा और कपूरथला में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है. तेज हवाओं की रफ्तार 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए सावधान रहने को कहा गया है.
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, कुलगाम, अनंतनाग, बारामूला, राजौरी और रामबन में बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है. पहाड़ी इलाकों में मौसम अचानक खराब हो सकता है.
राजस्थान में गर्मी के बीच तूफान का खतरा
राजस्थान के अलवर, सीकर, चुरू, बीकानेर, बाड़मेर, करौली, जोधपुर और झुंझुनूं में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है. हालांकि प्रदेश में गर्मी अभी भी लोगों को परेशान करेगी. जयपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
मध्य प्रदेश में भी बदलेगा मौसम
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़, छतरपुर, उमरिया, कटनी, इंदौर, बालाघाट, मंडला, सीधी और सिंगरौली में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. कुछ इलाकों में बिजली गिरने का खतरा भी है. भोपाल में अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
बड़े शहरों का तापमान
मुंबई में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. चेन्नई में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रह सकता है. कोलकाता में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने का अनुमान है. शिमला में 27 डिग्री और नैनीताल में 26 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रह सकता है.
किसानों और आम लोगों के लिए जरूरी सलाह
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 24 से 48 घंटे बेहद अहम रहने वाले हैं. लोगों को बिना जरूरत घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है. खराब मौसम के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है. किसानों को फसलों की कटाई और मंडी से जुड़े काम मौसम देखकर करने की सलाह दी गई है, क्योंकि तेज हवा और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है.