बिहार-झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट, इन राज्यों में 20 जुलाई तक रुक-रुक कर बरसेंगे बादल
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 15 जुलाई के लिए कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. ओडिशा, बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं, दिल्ली, यूपी, पंजाब और हरियाणा में बारिश और गरज-चमक की संभावना है. कई राज्यों में बाढ़ और जलभराव का खतरा भी बना हुआ है.
Rain Alert: देश के अलग-अलग हिस्सों में 15 जुलाई को मौसम का मिजाज अलग-अलग रहेगा. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, ओडिशा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है. दूसरी ओर, तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में हल्की बारिश के बावजूद गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.
IMD के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में मानसून सक्रिय रहेगा. इससे कई इलाकों में बाढ़, जलभराव और निचले क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हो सकता है. मौसम विभाग ने कहा कि ओडिशा में 15 जुलाई को अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है. राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 18 जुलाई तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है. वहीं 19 और 20 जुलाई को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है.
बिहार में 15 से 20 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में 15 से 20 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहेगा. सप्ताह के दूसरे हिस्से में बारिश और तेज होने की संभावना है. इसी तरह झारखंड में 15 से 17 जुलाई के बीच कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में पूरे सप्ताह भारी बारिश का अनुमान है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की भी संभावना है.
- अलर्ट जारी, कई राज्यों में गरज-चमक के साथ होगी बारिश.. दिल्ली में 36 डिग्री पहुंच सकता है पारा
- मौसम का दिखेगा तांडव! 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में फिर पसीना छुड़ाएगी गर्मी
- कपास की फसल पर सफेद मक्खी का हमला, कृषि वैज्ञानिकों ने जारी की एडवाइजरी.. तुरंत करें ये काम
- एक्सप्रेसवे पर फुर्ती, किसानों पर सुस्ती! प्याज उत्पादक संघ ने सरकार से की तुरंत आर्थिक सहायता देने की मांग
चंडीगढ़ और पंजाब में 18 जुलाई तक रुक-रुक कर बारिश
IMD के मुताबिक, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 18 जुलाई तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है. 19 और 20 जुलाई को बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं. इन दिनों कुछ स्थानों पर भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि, 16 जुलाई तक इन राज्यों में गर्मी और उमस बनी रह सकती है. उत्तर प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 जुलाई तक और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 जुलाई तक अलग-अलग जगहों पर बारिश होने की संभावना है. 17 से 20 जुलाई के बीच पूर्वी यूपी और 19-20 जुलाई को पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने यहां भी 16 जुलाई तक गर्म और उमस भरे मौसम की संभावना जताई है.
उत्तराखंड में पूरे सप्ताह बारिश होने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में पूरे सप्ताह बारिश होने की संभावना है. 16 जुलाई से बारिश का दायरा और बढ़ जाएगा. 15 से 20 जुलाई के बीच कई जगहों पर भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है. हिमाचल प्रदेश में भी पूरे सप्ताह बारिश का दौर जारी रह सकता है. 17 जुलाई के बाद राज्य के ज्यादातर हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है. 18 से 20 जुलाई के बीच कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 20 जुलाई तक अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है. वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश में पूरे सप्ताह बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में 15 जुलाई से बारिश बढ़ने की संभावना है. 16 से 18 जुलाई के बीच कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. इसी तरह छत्तीसगढ़ में भी इस सप्ताह बारिश होने की संभावना है. 18 से 20 जुलाई के बीच राज्य के ज्यादातर हिस्सों में व्यापक बारिश हो सकती है.